- AIMIM के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने बहराइच की मटेरा विधानसभा क्षेत्र में विशाल जनसभा
- ओवैसी ने शौकत अली को मटेरा से AIMIM का उम्मीदवार घोषित कर यूपी विधानसभा चुनाव में बड़े दांव की तैयारी की है।
- ओवैसी ने SP और अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि यूपी में उनकी लीडरशिप चुनौतीपूर्ण स्थिति में है।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की सियासी बिसात अभी से बिछनी शुरू हो गई है. ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने रविवार रात बहराइच की मटेरा विधानसभा क्षेत्र के शंकरपुर चौराहा पर एक विशाल जनसभा को संबोधित किया. इसे यूपी चुनाव के लिए ओवैसी के चुनावी शंखनाद के तौर पर देखा जा रहा है. साल 2012 से समाजवादी पार्टी के कब्जे वाली इस सीट पर ओवैसी ने बड़ा दांव खेलते हुए शौकत अली को मटेरा से AIMIM का उम्मीदवार घोषित कर दिया है.
अब दरी नहीं, हिस्सेदारी की बात होगी
मंच से हुंकार भरते हुए असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि संविधान का पहला पन्ना 'इंसाफ' शब्द से शुरू होता है और ओवैसी इसी इंसाफ की लड़ाई लड़ रहा है. उन्होंने कहा, "हमें उत्तर प्रदेश में अपनी लीडरशिप बनानी होगी. शौकत अली के नेतृत्व में मजलिस यूपी में संविधान की लड़ाई लड़ रही है." ओवैसी ने विपक्ष को कड़ा संदेश देते हुए कहा कि अगर कोई भाजपा को सत्ता में आने से रोकना चाहता है, तो मजलिस साथ देने को तैयार है, लेकिन यह बातचीत इज्जत के साथ होनी चाहिए. उन्होंने दोटूक कहा, "अब कोई दरी बिछाने की बात नहीं करेगा, अब सिर्फ हिस्सेदारी की बात होगी."
अखिलेश यादव पर तीखा हमला: सिर्फ मटेरा नहीं, पूरी यूपी में यही माहौल बनेगा
ओवैसी ने समाजवादी पार्टी (सपा) और अखिलेश यादव को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि सपा के लोग कहने लगे हैं कि ओवैसी के आने से भाजपा को फायदा होगा. उन्होंने याद दिलाया कि अखिलेश के 5 सांसद ओवैसी को हराने के लिए बिहार (सीमांचल) गए थे, लेकिन वहां की जनता ने उनके मंसूबों को नाकाम कर दिया. पश्चिम बंगाल का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जो सपा नेता वहां दीदी (ममता बनर्जी) की मदद करने गए थे, उनके लोग वहां लाइन लगाकर भाजपा में शामिल हो गए.
एनकाउंटर नीति और CM योगी पर निशाना
यूपी सरकार पर हमला बोलते हुए ओवैसी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में एनकाउंटर के नाम पर मासूमों को तकलीफ दी जा रही है, जबकि संविधान 'रूल बाय गन' (बंदूक के राज) की इजाजत नहीं देता. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 'बेटी सबकी होती है' वाले बयान पर पलटवार करते हुए ओवैसी ने पूछा, मुजफ्फरनगर कांड में कई मुस्लिम बेटियों का रेप हुआ, क्या मुख्यमंत्री उन्हें अपनी बेटी समझकर इंसाफ दिलाएंगे?
संभल और वाराणसी की घटनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वहां मस्जिदों को लेकर जो हुआ वह गलत था. उन्होंने गोवंश और बीफ एक्सपोर्ट के मुद्दे पर भी सरकार को घेरते हुए कहा, मुख्यमंत्री जी, शायद आप पढ़ना-लिखना नहीं जानते, संविधान की दफा 48 को पढ़ लीजिए. क्या यूपी भारत का सबसे बड़ा बीफ एक्सपोर्टर नहीं बन गया है? उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि कोई चाहे कुछ भी कर ले, मुसलमानों के दिल से मोहम्मद की मोहब्बत को अलग नहीं किया जा सकता.
PM मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप पर तंज
अपने संबोधन के अंत में ओवैसी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अंतरराष्ट्रीय मोर्चे को लेकर तंज कसा. उन्होंने कहा कि अगर मैं भारत के प्रधानमंत्री को कुछ न बोलूं तो बाबा (योगी) और अखिलेश दोनों नाराज हो जाएंगे. ओवैसी ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री खुद को 'विश्वगुरु' कहते हैं, लेकिन जब अमेरिका में 3 भारतीय नागरिकों की जान चली गई, तो प्रधानमंत्री की जुबान पर डोनाल्ड ट्रंप का नाम क्यों नहीं आया? उन्होंने इसकी निंदा क्यों नहीं की? ओवैसी ने तीखे शब्दों में कहा कि ट्रंप और नेतन्याहू ने जंग का आगाज किया है. क्या ट्रंप आपके पापा हैं? आप बुजदिल की तरह इस पर कंडेम (निंदा) भी नहीं करते."
ये भी पढ़ें- UP चुनाव 2027: बहराइच से ओवैसी फूंकेंगे चुनावी बिगुल, क्या SP के वोटबैंक में सेंध लगा पाएगी AIMIM?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं