दक्षिण दिल्ली के तुगलकाबाद एक्सटेंशन (Tughlakabad Fire) इलाके में 12 जून की रात हुए भीषण अग्निकांड मामले में बड़ा खुलासा हुआ है. शुरुआती जांच में यह मामला एक हादसा माना जा रहा था, लेकिन CCTV फुटेज और जांच के आधार पर पुलिस ने खुलासा किया है कि आग एक साजिश के तहत लगाई गई थी. इस मामले में एक नाबालिग लड़की समेत चार लोगों को पकड़ा गया है. घटना 12 जून की रात करीब 2 बजकर 24 मिनट की है. थाना गोविंदपुरी इलाके के TKD एक्सटेंशन में एक घर में अचानक भीषण आग लग गई थी. आग इतनी तेजी से फैली कि ग्राउंड फ्लोर से लेकर पांचवीं मंजिल तक पूरी बिल्डिंग इसकी चपेट में आ गई.
आगजनी में तीन लोगों की हुई थी मौत
आग की चपेट में आने से 8 लोग घायल हो गए थे, जिन्हें इलाज के लिए AIIMS ट्रॉमा सेंटर और सफदरजंग अस्पताल पहुंचाया गया था, लेकिन इलाज के दौरान तीन लोगों की मौत हो गई. मृतकों में पंकज के बेटे सुभाष चंद्र पांडे, सुशीला देवी और सोनिया कुमारी शामिल हैं.
घटना के बाद पुलिस ने पहले मामले में लापरवाही से मौत और आग से संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज कर जांच शुरू की थी. शुरुआती तौर पर इसे एक दुर्घटना माना जा रहा था, लेकिन जांच के दौरान पुलिस को अहम CCTV फुटेज मिले. फुटेज में एक महिला आग लगने से कुछ समय पहले बिल्डिंग में जाती हुई दिखाई दी. इसके बाद पुलिस ने पूरे मामले की गहराई से जांच शुरू की और पता चला कि यह कोई हादसा नहीं बल्कि जानबूझकर की गई आगजनी थी.

बदला लेने के लिए स्कूटी में लगाई गई आग.
ये भी पढ़ें: दिल्ली के तुगलकाबाद इलाके में एक बिल्डिंग में लगी भीषण आग, 3 लोगों की मौत, 6 को बचाया गया
इस वजह से लगाई थी आग
जांच में सामने आया कि गोविंदपुरी के नवजीवन कैंप की रहने वाली 17 साल की एक नाबालिग लड़की इस घटना में शामिल थी. पूछताछ में उसने खुलासा किया कि सरिता ( 27 वर्ष) नाम की महिला ने उसे आग लगाने के लिए उकसाया था, जो गोविंदपुरी के गिरिनगर की रहने वाली है. पुलिस के मुताबिक, सरिता ने नाबालिग को पेट्रोल और माचिस उपलब्ध कराई थी. योजना थी कि पांचवीं मंजिल पर रहने वाले दीपक की स्कूटी को आग लगाई जाए, क्योंकि दोनों पक्षों के बीच पैसों को लेकर विवाद चल रहा था, लेकिन स्कूटी में लगाई गई आग ने देखते ही देखते पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया और कई परिवारों की जिंदगी तबाह हो गई.
पूरी साजिश में दो भाई शामिल
आगे की जांच में सरिता ने खुलासा किया कि इस पूरी साजिश के पीछे गोविंदपुरी के नवजीवन कैंप निवासी निरंजन (33 वर्ष) और उसका भाई राजकुमार (27 वर्ष) शामिल थे. दोनों ने कथित तौर पर पुराने निजी विवाद का बदला लेने के लिए इस साजिश को अंजाम देने की योजना बनाई थी. पुलिस ने अब मामले में गंभीर धाराएं जोड़ दी हैं. इनमें आपराधिक साजिश, गैर इरादतन हत्या, हत्या के प्रयास, आग लगाकर नुकसान पहुंचाना और रात में घर में घुसने जैसी धाराएं शामिल की गई हैं.
पुलिस ने नाबालिग लड़की समेत सरिता, निरंजन और राजकुमार को पकड़ लिया है. फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस साजिश में कोई और व्यक्ति शामिल था या नहीं.
(तुगलकाबाद से वसीम फिरोज का इनपुट)
ये भी पढ़ें: कालकाजी में एक रेस्टोरेंट में लगी भीषण आग, 3 LPG सिलेंडर फटे, दमकल टीम ने बुजुर्ग महिला को बचाया
ये भी पढ़ें: गोविंदपुरी में आग लगी या लगाई गई? संदिग्ध महिला की पुलिस को तलाश, बिल्डिंग से बाहर निकलते ही लगी थी आग
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं