विज्ञापन

महाराष्ट्र: पति ने पत्नी और दो मासूम बच्चों को कुएं में फेंका, फिर खुद टावर से लटककर की खुदकुशी

महाराष्ट्र के वाशिम जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां घरेलू विवाद के चलते एक शख्स ने अपनी पत्नी और दो बच्चों की हत्या करने के बाद खुदकुशी कर ली. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

महाराष्ट्र: पति ने पत्नी और दो मासूम बच्चों को कुएं में फेंका, फिर खुद टावर से लटककर की खुदकुशी

महाराष्ट्र के वाशिम जिले के मालेगांव तालुका के अंतर्गत आने वाले तिवली गांव से एक बेहद चौंकाने वाली और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक ही परिवार के चार लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. इस सामूहिक मौत की खबर के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और तिवली गांव में मातम पसरा हुआ है.

मासूम बच्चों के हाथ बंधे मिले

प्राथमिक जांच के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि यह सामूहिक आत्महत्या का नहीं, बल्कि हत्या के बाद आत्महत्या का मामला है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, पति संतोष तुकाराम बकाल (उम्र 35 वर्ष) ने कथित तौर पर पहले अपनी पत्नी और दो मासूम बच्चों को कुएं में फेंककर मौत के घाट उतार दिया. इस वारदात में सबसे चौंकाने वाला और बेरहमी का पहलू तब सामने आया, जब कुएं से निकाले गए दोनों मासूम बच्चों के हाथ रस्सी से बंधे हुए पाए गए.

खुदकुशी से पहले की हत्या

परिजनों को मौत के घाट उतारने के बाद आरोपी पति संतोष बकाल ने महावितरण (बिजली विभाग) के एक पावर ग्रिड टॉवर से लटककर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली. मृतकों की पहचान संतोष की पत्नी वर्षा बकाल (उम्र 28 वर्ष), बेटी जान्हवी बकाल (उम्र 7 वर्ष) और बेटा सोहम बकाल (उम्र 5 वर्ष) के रूप में हुई है. दो मासूम बच्चों की इस तरह बेरहमी से हुई मौत ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है.

पारिवारिक कलह की आशंका

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस सूत्रों से मिली प्राथमिक जानकारी के अनुसार, इस खौफनाक कदम के पीछे की मुख्य वजह पारिवारिक कलह या गंभीर घरेलू विवाद बताई जा रही है. हालांकि, पुलिस प्रशासन की ओर से अभी तक इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. पुलिस हर एंगल से मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि इस खौफनाक वारदात के पीछे की असली वजह सामने आ सके.

यह भी पढ़ें- NEET में फेल हुआ तो फर्जी ब्रिगेडियर बना आर्यन वर्मा, किराए पर रखे बाउंसर-ड्राइवर, मां सरकारी टीचर

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Maharashtra, Crime News, Malegaon
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com