विज्ञापन

Shenzhou-24 मिशन का लॉन्च सफल; पाकिस्तान का पहला अंतरिक्ष यात्री पहुंचा स्पेस स्टेशन, चीन के साथ रचा इतिहास

चीन ने Shenzhou-24 मिशन के तहत तीन अंतरिक्ष यात्रियों को तियांगोंग स्पेस स्टेशन भेजा है. इनमें पाकिस्तान के मुहम्मद जीशान अली भी शामिल हैं, जो अंतरिक्ष में पहुंचने वाले पहले पाकिस्तानी नागरिक और चीन के मानव अंतरिक्ष कार्यक्रम में शामिल होने वाले पहले विदेशी बने हैं.

Shenzhou-24 मिशन का लॉन्च सफल; पाकिस्तान का पहला अंतरिक्ष यात्री पहुंचा स्पेस स्टेशन, चीन के साथ रचा इतिहास
Shenzhou-24 मिशन सफल; पाकिस्तान का पहला अंतरिक्ष यात्री पहुंचा अंतरिक्ष
अल्टर्ड बाय NDTV
  • Shenzhou-24 Mission: पाकिस्तान का पहला अंतरिक्ष यात्री चीन के स्पेस स्टेशन पहुंचा, बना इतिहास
  • तियांगोंग स्पेस स्टेशन में एंट्री करने वाले पहले विदेशी बने मुहम्मद जीशान अली
  • चंद्रमा मिशन की तैयारी में जुटे चीन ने लॉन्च किया नया मानव मिशन
जियुकुआन / बीजिंग:

चीन ने बुधवार सुबह शेनझोउ-24 अंतरिक्ष मिशन का सफल लॉन्च कर अंतरिक्ष क्षेत्र में नया अध्याय लिखा है. जियुकुआन सैटेलाइट लॉन्च सेंटर से लॉन्ग मार्च-2एफ रॉकेट के जरिए लॉन्च किए गए इस मिशन में दो चीनी अंतरिक्ष यात्रियों के साथ पाकिस्तान के मुहम्मद जीशान अली भी शामिल हैं. 40 वर्षीय जीशान अली पाकिस्तान के पहले अंतरिक्ष यात्री बन गए हैं जो पृथ्वी की कक्षा में पहुंचे हैं. यह पहली बार है जब चीन के मानव अंतरिक्ष कार्यक्रम में किसी विदेशी अंतरिक्ष यात्री को शामिल किया गया है.

जिउक्वान से हुआ सफल प्रक्षेपण, पाकिस्तान के लिए ऐतिहासिक क्षण

शेनझोउ-24 अंतरिक्ष यान का प्रक्षेपण चीन के उत्तर-पश्चिमी गोबी रेगिस्तान स्थित जियुकुआन सैटेलाइट लॉन्च सेंटर से स्थानीय समयानुसार सुबह 8:18 बजे किया गया. मिशन में चीनी अंतरिक्ष यात्री तांग होंगबो, वू यी और पाकिस्तान के मुहम्मद जीशान अली सवार हैं. रॉकेट धुएं और आग के विशाल गुबार के बीच सफलतापूर्वक अंतरिक्ष की ओर रवाना हुआ.

चीन के साथ-साथ पाकिस्तान के लिए भी यह अहम लॉन्च था, क्योंकि पाकिस्तानी वायुसेना के पायलट मुहम्मद जीशान अली इस मिशन में पेलोड स्पेशलिस्ट की भूमिका निभा रहे हैं. इसके साथ ही वह अंतरिक्ष में जाने वाले पहले पाकिस्तानी नागरिक बन गए हैं.

जीशान अली लगभग 5 से 10 दिनों तक तियांगोंग स्पेस स्टेशन पर रहेंगे. मिशन के दौरान वह कई वैज्ञानिक प्रयोगों में भाग लेंगे और बाद में शेनझोउ-23 यान के जरिए पृथ्वी पर लौटेंगे. लॉन्च से पहले उन्होंने कहा कि ‘मैं सिर्फ अपने लिए नहीं उड़ रहा हूं. मेरे कंधों पर पाकिस्तान का नाम है.'

सात महीने की स्पेशल ट्रेनिंग, अब 90 से अधिक वैज्ञानिक प्रयोग होंगे

मिशन की तैयारी के लिए जीशान अली ने बीजिंग में सात महीने का प्रशिक्षण लिया. इस दौरान उन्होंने चीनी भाषा की गहन पढ़ाई की, चीनी गीत सीखे और चीनी कविता का अध्ययन भी किया. इसके अलावा उन्होंने सुलेख (कैलिग्राफी) का अभ्यास किया और टेबल टेनिस भी खेला, ताकि स्थानीय संस्कृति को बेहतर तरीके से समझ सकें. चीनी सरकारी मीडिया के अनुसार मिशन के दौरान चालक दल 90 से अधिक वैज्ञानिक प्रयोग और तकनीकी परीक्षण करेगा. जीशान अली अंतरिक्ष में प्रकाश संश्लेषण करने वाले साइनोबैक्टीरिया पर प्रयोग करेंगे. इसके अलावा भविष्य के अंतरिक्ष अभियानों के लिए भोजन और ऑक्सीजन स्रोत के रूप में सूक्ष्म शैवाल (माइक्रोएल्गी) के उपयोग तथा क्विनोआ बीजों पर अंतरिक्ष के प्रभाव का अध्ययन भी किया जाएगा.

अंतरराष्ट्रीय सहयोग का केंद्र बन रहा तियांगोंग, चंद्रमा मिशन पर भी चीन की नजर

चीन तियांगोंग स्पेस स्टेशन को अंतरराष्ट्रीय सहयोग के मंच के रूप में विकसित करने की कोशिश कर रहा है. ऐसे समय में जब नासा के नेतृत्व वाला अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) 2030 तक सेवानिवृत्त हो सकता है, चीन अपनी अंतरिक्ष उपस्थिति को और मजबूत कर रहा है. शेनझोउ-24 मिशन को इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है क्योंकि इसमें पहली बार किसी विदेशी अंतरिक्ष यात्री को शामिल किया गया है. चीन अपने अंतरिक्ष कार्यक्रम पर अरबों डॉलर खर्च कर रहा है और 2030 से पहले अंतरिक्ष यात्रियों को चंद्रमा पर पहुंचाने का लक्ष्य रखता है. इस दौड़ में उसका मुकाबला अमेरिका के आर्टेमिस कार्यक्रम से माना जा रहा है.

यह भी पढ़ें : चीन के स्पेस स्टेशन पर जाएगा पाकिस्तानी अंतरिक्ष यात्री; पहली बार किसी विदेशी को मौका, शेनझोउ-24 मिशन पर नजर

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Shenzhou 24 Mission, Muhammad Zeeshan Ali, China Space Station, China Space Mission, Shenzhou 24
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com