विज्ञापन

रिटायरमेंट की उम्र बढ़ेगी, ठेके वाले कर्मचारी पक्के होंगे और सारे खाली पद भरेंगे; सपा कर सकती है बड़े वादे

सपा ने नौकरियों के लिए तैयारी कर रहे युवाओं को साधने का प्लान बनाया है तो वहीं कर्मचारियों को भी लुभाने की कोशिश होगी. एक साथ कई करोड़ लोगों को सपा अपने पाले में लाना चाहेगी.

रिटायरमेंट की उम्र बढ़ेगी, ठेके वाले कर्मचारी पक्के होंगे और सारे खाली पद भरेंगे; सपा कर सकती है बड़े वादे
  • समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए घोषणा पत्र में कर्मचारियों की समस्याओं पर विशेष ध्यान देगी
  • पुरानी पेंशन योजना की बहाली और संविदा कर्मचारियों को नियमित करने के वादे प्रमुख रूप से शामिल किए जा सकते हैं
  • सरकारी विभागों में खाली पदों को भरने और आउटसोर्सिंग पर काम करने वाले कर्मचारियों को नियमित करने की योजना है
लखनऊ:

समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कई बड़े ऐलान करने की तैयारी की है. पार्टी गुरुवार को अपना घोषणा पत्र जारी कर सकती है और इसमें कर्मचारियों पर विशेष फोकस रहेगा. सरकारी नौकरियों की बहाली कम होने और नियुक्तियों में विवाद के मुद्दे को हवा देती रही सपा अब इसे भुनाने की तैयारी में है. इसी के तहत मेनिफेस्टो में सपा कई बड़े वादे कर सकती है. इन वादों में से एक पुरानी पेंशन योजना की बहाली होगा. इसके अलावा संविदा पर काम कर रहे कर्मचारियों को नियमित करने का वादा भी किया जा सकता है. यदि ऐसा हुआ तो इस बहाने सपा बड़ी संख्या में लोगों को साध पाएगी, जो आउटसोर्सिंग पर ही नौकरी कर रहे हैं. 

इसके अलावा यूपी में सरकारी विभागों में खाली पड़े सभी पदों को भरा जाएगा. पहले से आउटसोर्सिंग पर काम करने वाले कर्मचारियों को नियमित किया जाएगा. नई कोई भी भर्ती आउटसोर्सिंग पर नहीं होगी. एक बड़ा ऐलान यह भी हो सकता है कि सेवानिवृत्ति की आयु बढ़ाकर 65 वर्ष की जाएगी. इसके लिए आवश्यक संवैधानिक संशोधन किया जाएगा.शिक्षकों को पढ़ाने के अलावा किसी भी तरह के कार्य में न लगाने का वादा भी हो सकता है. सभी लोकतांत्रिक संस्थाओं जैसे शिक्षक, छात्र और गैर-शिक्षण संघों के चुनाव कराए जाने का भी ऐलान करने का प्लान है. 

इस तरह सपा ने नौकरियों के लिए तैयारी कर रहे युवाओं को साधने का प्लान बनाया है तो वहीं कर्मचारियों को भी लुभाने की कोशिश होगी. एक साथ कई करोड़ लोगों को सपा अपने पाले में लाना चाहेगी. यूपी में बड़ी युवा आबादी ऐसी है, जो नौकरी की तैयारी में जुटी है. शिक्षक भर्ती कई साल से नहीं आई है. हाल ही में आई प्राइमरी शिक्षक भर्ती भी 11 हजार की ही है. ऐसे में युवाओं की एक शिकायत भी है. सपा उसे भुनाना चाहती है. ऐसे में समाजवादी पार्टी की ओर से भर्ती का वादा करना अहम होगा.  

5 कैंडिडेट की लिस्ट आई, दो पहले ही सपा ने किए हैं घोषित

बता दें कि सपा चुनाव को लेकर तेजी से तैयारी में जुटी है. अब तक वह 7 सीटों पर कैंडिडेट भी घोषित कर चुकी है. एक तरफ उसने मंगलवार को 5 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए तो वहीं इससे काफी पहले ही अयोध्या से पवन पांडे और चिल्लूपार से विनयशंकर तिवारी के नाम का ऐलान हो चुका है. इससे समझा जा सकता है कि समाजवादी पार्टी कैसे समय रहते ही पूरी तैयारी कर लेना चाहती है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India News, Samajwadi Party, Samajwadi Party Manifesto, UP Assembly Elections, UP Assembly Elections 2027
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com