- भाजपा ने AAP के छह राज्य सभा सांसदों को पंजाब विधानसभा चुनाव में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी हैं.
- संदीप पाठक उम्मीदवार चयन और पार्टी में नेताओं को जोड़ने का कार्य कर रहे हैं.
- हरभजन सिंह और राघव चड्ढा को चुनाव प्रचार के लिए मैदान में उतारने और घोषणापत्र समिति में शामिल किया गया है.
पंजाब विधानसभा चुनाव में बीजेपी जहां एक ओर सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी के विधायकों को अपने पाले में लाने में जुटी है, वहीं आप से आए राज्य सभा सांसदों को भी चुनाव में झोंकने की पूरी तैयारी है. बीजेपी ने आम आदमी पार्टी से आए सात में से छह राज्य सभा सांसदों को पंजाब विधानसभा चुनाव में बड़ी जिम्मेदारी देने का फैसला किया है. इनमें से कुछ सांसदों से कहा गया है कि वे 13 लोक सभा सीटों में अपने हिसाब से लोक सभा सीटों का चयन कर लें. इन लोक सभा सीटों के तहत आने वाली विधानसभा सीटों पर चुनाव प्रबंधन का जिम्मा इन सांसदों को दे दिया जाएगा.
गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी के दस में सात राज्य सभा सांसद इस साल अप्रैल में बीजेपी में शामिल हो चुके हैं. राघव चड्ढा, स्वाति मालीवाल, संदीप पाठक, हरभजन सिंह, अशोक कुमार मित्तल, विक्रमजीत साहनी और राजिंदर गुप्ता ने बीजेपी का दामन थाम लिया था. इनमें स्वाति मालीवाल दिल्ली से राज्य सभा की सांसद हैं जबकि बाकी छह पंजाब से आम आदमी पार्टी के टिकट पर चुनाव जीत कर आए थे.
संदीप पाठक को राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी
इनमें से संदीप पाठक को बीजेपी ने राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी दी है. संदीप पाठक ने पिछले विधानसभा चुनाव में बतौर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संगठन मंत्री उम्मीदवार चयन में बड़ी भूमिका निभाई थी. उनके मौजूदा आप विधायकों से घनिष्ठ संबंध हैं और इनमें से कई को बीजेपी के पाले में लाने के लिए वे जुटे हुए हैं.
चुनाव प्रचार में भज्जी और चड्ढा की होगी बड़ी भूमिका
वहीं हरभजन सिंह और राघव चड्ढा जैसे राज्य सभा सांसदों को बीजेपी चुनाव प्रचार के लिए मैदान में उतारेगी. जबकि अन्य सांसदों जैसे अशोक मित्तल, राजिंदर गुप्ता और विक्रमजीत साहनी बीजेपी के लिए चुनाव प्रबंधन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाएंगे.
राघव, हरभजन और राजिंदर घोषणापत्र समिति के सदस्य
बीजेपी ने इन सांसदों को आने वाले चुनाव के मद्देनजर समितियों में भी जगह दी है. राघव चड्ढा, हरभजन सिंह और राजिंदर गुप्ता को घोषणापत्र समिति का सदस्य बनाया गया है. जबकि संदीप पाठक, अशोक कुमार मित्तल और विक्रमजीत सिंह साहनी को चार्जशीट समिति का सदस्य नियुक्त किया गया है.
पंजाब बीजेपी ने दूसरी पार्टियों से नेताओं को लाने के लिए एक ज्वाइनिंग समिति भी बनाई है. आम आदमी पार्टी के नेताओं से मधुर संबंध रखने वाले संदीप पाठक को इसका सदस्य बनाया गया है.
संदेश साफ- जीत के लिए पूरी ताकत लगा दें
सूत्रों के अनुसार बीजेपी ने इनमें से कुछ राज्य सभा सांसदों से कहा है कि वे अपने चयन की गई लोक सभा सीटों के तहत आने वाली विधानसभा सीटों पर पार्टी की जीत के लिए पूरी ताकत लगाएं. उन्हें इसके लिए प्रचार सामग्री व अन्य संसाधनों का प्रबंध करने को भी कहा गया है.
उनसे कहा गया है कि पार्टी में आगे की उनकी जिम्मेदारी इस बात पर निर्भर करेगी कि उनके द्वारा चयनित सीटों पर पार्टी का प्रदर्शन कैसा रहता है.
अशोक मित्तल को हिंदू बहुल सीटों की जिम्मेदारी
सूत्रों के अनुसार इन राज्य सभा सांसदों को लोक सभा सीटें दी गईं हैं जहां गठबंधन के उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने को कहा गया है. अशोक मित्तल को तीन लोक सभा सीटों जालंधर, लुधियाना और होशियारपुर की 14 हिंदू बहुल विधानसभा सीटें देखने को कहा गया है. राजिंदर गुप्ता लुधियाना लोक सभा सीट की बची हुई सीटें देखने की ज़िम्मेदारी दी गई है.
संदीप उम्मीदवार चयन करेंगे तो राघव चुनाव प्रबंधन में
इन सांसदों से कहा गया है कि वे इन सीटों पर चुनाव प्रबंधन, बूथ मैनेजमेंट, प्रचार के अहम मुद्दों और सोशल मीडिया पर ध्यान दें. सूत्रों के अनुसार संदीप पाठक से कहा गया है कि वे संभावित उम्मीदवारों की तलाश करें. इसके लिए वे सर्वे कर रहे हैं. राघव चड्ढा को चुनाव प्रबंधन से संबंधित दूसरे काम दिए गए हैं. बीजेपी का मानना है कि मंगलवार को अकाली दल के साथ गठबंधन की घोषणा के बाद अब इसे ज़मीन पर उतारने में तेजी लानी होगी. पार्टी नेता इसके लिए कमर कस कर मैदान में उतरने जा रहे हैं.
यह भी पढ़ें - अलग हुए तो 32 सीटें, साथ आए तो 58 ! बीजेपी और अकाली दल गठबंधन के पीछे की इनसाइड स्टोरी ये है
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं