विज्ञापन

गाजियाबाद: 5-6 करोड़ की ट्रैवल एजेंसी और 2 करोड़ के इंश्योरेंस के लालच में पति, बेटे और भांजे को देती रही जहर, पत्नी गिरफ्तार

गाजियाबाद के इंदिरापुरम में पत्नी रेणु भटनागर पर पति, बेटे और भांजे को लेड पॉइजनिंग देकर मारने की साजिश रचने का आरोप है. पुलिस के अनुसार 5-6 करोड़ की ट्रैवल एजेंसी और 2 करोड़ के इंश्योरेंस के लालच में उसने यह खौफनाक योजना बनाई.

गाजियाबाद: 5-6 करोड़ की ट्रैवल एजेंसी और 2 करोड़ के इंश्योरेंस के लालच में पति, बेटे और भांजे को देती रही जहर, पत्नी गिरफ्तार
5-6 करोड़ की ट्रैवल एजेंसी और 2 करोड़ के इंश्योरेंस के लालच में पत्नी बनी कातिल! पति, बेटे और भांजे को देती रही लेड पॉइजन, गाजियाबाद से गिरफ्तार
  • गाजियाबाद के इंदिरापुरम क्षेत्र में महिला रेणु भटनागर पर पति, बेटे और भांजे को धीरे-धीरे जहर देने का आरोप है
  • श‍िकायत म‍िलने पर जांच के बाद पुलिस ने रेणु भटनागर को गिरफ्तार कर ल‍िया.
  • जांच में पाया गया कि पीड़ितों के शरीर में लेड पॉइजनिंग हुई है जो सामान्य परिस्थितियों में असामान्य है

उत्‍तर प्रदेश के गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक महिला पर अपने ही पति, बेटे और भांजे को धीरे-धीरे जहर देकर मारने की साजिश रचने का आरोप लगा है. पुलिस ने मामले में आरोपी पत्नी रेणु भटनागर को गिरफ्तार कर लिया है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला ने कथित तौर पर करोड़ों रुपये की संपत्ति और बीमा राशि हासिल करने के लालच में यह खौफनाक कदम उठाया.

पुलिस के अनुसार, गाजियाबाद के वसुंधरा निवासी सुशील कुमार भटनागर ने थाना इंदिरापुरम में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी पत्नी रेणु भटनागर और उसके परिवार के कुछ सदस्य उन्हें, उनके बेटे तथा भांजे को जान से मारने की नीयत से धीमा जहर दे रहे थे. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की.

पति की बिगड़ती तबीयत ने खोला खौफनाक राज

जांच के दौरान सुशील भटनागर ने पुलिस को बताया कि पिछले कुछ समय से उनकी तबीयत लगातार खराब चल रही थी. विभिन्न चिकित्सकीय जांच और उपचार के दौरान उन्हें पता चला कि उनके शरीर में लेड पॉइजनिंग पाई गई है. डॉक्टरों के अनुसार, सामान्य परिस्थितियों में किसी व्यक्ति के शरीर में इतनी मात्रा में लेड का पहुंचना स्वाभाविक नहीं माना जाता. वादी का कहना है कि लगातार स्वास्थ्य समस्याओं के बाद जब मेडिकल जांच कराई गई तो यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ. इसके बाद पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया.

जांच में सामने आई लेड पॉइजनिंग की साजिश

पुलिस जांच में सामने आया कि शिकायत में जिन लोगों पर संदेह जताया गया था, उनकी भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने साक्ष्य जुटाने और मेडिकल रिपोर्टों का परीक्षण शुरू किया. जांच के दौरान यह आशंका मजबूत हुई कि पीड़ितों को कथित तौर पर लंबे समय से धीमा जहर दिया जा रहा था.

23 नवंबर को आरोपी पत्नी गिरफ्तार

मामले की जांच आगे बढ़ने पर इंदिरापुरम पुलिस ने 23 नवंबर 2026 को आरोपी रेणु भटनागर को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने महिला से पूछताछ की, जिसमें कई अहम जानकारियां सामने आईं. पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है.

5-6 करोड़ के कारोबार और 2 करोड़ के बीमा पर थी नजर

पूछताछ के दौरान आरोपी महिला ने बताया कि उसके पति की करीब 5 से 6 करोड़ रुपये मूल्य की ट्रैवल एजेंसी है. इसके अलावा सुशील भटनागर के नाम पर लगभग 2 करोड़ रुपये का जीवन बीमा भी है, जिसमें वह स्वयं नॉमिनी है. पुलिस के अनुसार, आर्थिक लाभ की इसी संभावना ने आरोपी को अपराध की ओर धकेला. जांच एजेंसियां अब इस बात की भी पड़ताल कर रही हैं कि लेड पॉइजन कैसे प्राप्त किया गया और उसे किस माध्यम से कथित तौर पर दिया जा रहा था.

'पति के बाद सब कुछ मेरा हो जाएगा', पूछताछ में खुलासा

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में रेणु भटनागर ने बताया कि उसने सोचा था कि पति की मौत के बाद ट्रैवल एजेंसी और बीमा की पूरी राशि उसके कब्जे में आ जाएगी. इसी लालच में उसने अपने पति समेत अन्य लोगों को कथित रूप से लेड पॉइजन देना शुरू किया. महिला ने स्वीकार किया कि उसका मकसद पति की मौत के बाद उनकी संपत्ति और आर्थिक संसाधनों पर अधिकार हासिल करना था. हालांकि पुलिस इन बयानों का अन्य साक्ष्यों के आधार पर भी परीक्षण कर रही है.

अन्य परिवारजनों की भूमिका भी जांच के दायरे में

इंदिरापुरम के सहायक पुलिस आयुक्त राजेंद्र डागा ने बताया कि आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या इस कथित साजिश में अन्य परिवारजनों की कोई भूमिका रही है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि पीड़ितों को कितने समय से लेड पॉइजन दिया जा रहा था और इस पूरे षड्यंत्र में कौन-कौन लोग शामिल थे. मामले की जांच जारी है और आने वाले दिनों में और भी महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं.  

यह भी पढ़ें | हमारे समर्थन से ही नेता विपक्ष हैं राहुल गांधी, हम आराधना मिश्रा की सीट मांग लें तो कैसा लगेगा: इकरा हसन

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ghaziabad, Uttar Pradesh
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com