दिल्ली के एक बड़े फाइव स्टार होटल की रसोई में कॉकरोच-मक्खियों से लेकर खराब फल-सब्जियां, जंग लगी मशीनें और साफ-सफाई से जुड़ी कई खामियां सामने आई हैं. खाद्य सुरक्षा और साफ-सफाई के नियमों के उल्लंघन को लेकर FSSAI ने होटल को सुधार नोटिस जारी किया है. इसके अलावा कुकिंग ऑयल को लेकर किए गए स्वास्थ्य संबंधी दावों पर भी कई कंपनियों को नोटिस दिया गया है. वहीं गंभीर गड़बड़ियां मिलने पर एक खाद्य कंपनी का लाइसेंस निलंबित और दूसरी का रद्द कर दिया गया है.
फाइव स्टार होटल की रसोई में मिलीं ये खामियां
FSSAI की जांच के दौरान दिल्ली के इस फाइव स्टार होटल में मशीनों पर जंग, फ्रीजर से पानी का रिसाव, खराब वेंटिलेशन, गंदगी और पानी की निकासी से जुड़ी समस्याएं मिलने की बात सामने आई. खाद्य सामग्री की जांच और उसे सही तरीके से रखने में भी कमियां पाई गईं. जांच के दौरान खराब फल-सब्जियों के साथ कॉकरोच और मक्खियों की मौजूदगी भी देखी गई. रसोई में इस्तेमाल होने वाले तेल की गुणवत्ता की जरूरी जांच नहीं किए जाने की बात भी सामने आई. कुछ तेल का इस्तेमाल तय मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया. जांच के दौरान होटल के कुछ कर्मचारियों को बिना दस्ताने और हेयरनेट के काम करते पाया गया. खाद्य पदार्थों को सही तरीके से अलग-अलग रखने में भी लापरवाही मिली. इन खामियों को देखते हुए FSSAI ने सुधार नोटिस जारी कर जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं.
कुकिंग ऑयल के दावों पर भी नोटिस
FSSAI ने 'फ्रीडम कुकिंग राइस ब्रान ऑयल' के स्वास्थ्य संबंधी दावों को लेकर जेमिनी एडिबल्स एंड फैट्स इंडिया लिमिटेड, बिगबास्केट से जुड़ी इनोवेटिव रिटेल कॉन्सेप्ट्स प्राइवेट लिमिटेड और फ्लिपकार्ट इंडिया प्राइवेट लिमिटेड को नोटिस जारी किया है. इस तेल के प्रचार में कोलेस्ट्रॉल कम करने और अच्छे कोलेस्ट्रॉल को बनाए रखने जैसे दावे किए गए थे. FSSAI के मुताबिक खाद्य तेलों के लिए लागू नियमों के तहत ऐसे दावों की अनुमति नहीं है. इसके अलावा जेमिनी एडिबल्स एंड फैट्स इंडिया लिमिटेड के पास ऑनलाइन माध्यम से खाद्य उत्पाद बेचने के लिए जरूरी वैध केंद्रीय लाइसेंस नहीं होने की बात भी सामने आई है.
ये भी पढ़ें: रेस्टोरेंट साफ तो खाना भी सेफ ? तुकाराम मुंढे ने उन खतरों के बारे में बताया जो आपको दिखते नहीं
एक कंपनी का लाइसेंस निलंबित, दूसरी का रद्द
डीएनवी फूड प्रोडक्ट्स लिमिटेड में खाने-पीने की चीजों को बनाने, पैक करने और रखने की व्यवस्था में गंभीर गड़बड़ियां मिलने के बाद उसका FSSAI लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. जांच के दौरान यहां गंदगी, जंग लगे उपकरण, खराब फर्श, नमी वाली दीवारें और खाद्य सामग्री को गलत तरीके से रखने जैसी कमियां मिलीं. कर्मचारियों को बिना दस्ताने और मास्क के खाद्य पदार्थों की पैकिंग करते हुए भी पाया गया.वहीं झानवितन्नी का FSSAI लाइसेंस खाद्य सुरक्षा नियमों का लगातार उल्लंघन करने और लाइसेंस निलंबित होने के बावजूद कारोबार जारी रखने के कारण रद्द कर दिया गया है. FSSAI ने संबंधित खाद्य कारोबारियों को नियमों का पालन करने और जरूरी सुधार करने के निर्देश दिए हैं.
ये भी पढ़ें: पाकिस्तान के परमाणु सुरक्षा सिस्टम को IAEA ने बताया मजबूत, भारत ने याद दिलाया 'Nuclear Walmart'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं