एशियाई देश वियतनाम 1541 किलोमीटर लंबा हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर बनाने जा रहा है. देश के उत्तर से दक्षिण को जोड़ने वाले इस रेल कॉरिडोर पर चलने वाली ट्रेनें 350 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से दौड़ेंगी. यानी यह बुलेट ट्रेन का ही प्रोजेक्ट है. इस प्रोजेक्ट के पूरे होने के बाद वियतनाम की राजधानी हनोई से देश के सबसे बड़े आर्थिक शहर हो ची मिन्ह सिटी तक का सफर करीब 5.5 घंटे में पूरा हो सकेगा. अभी मौजूदा रेलवे से इस यात्रा में लगभग 30 घंटे लगते हैं. यह वियतनाम के इतिहास का सबसे बड़ा इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट है और नवंबर 2026 में वियतनाम, फ्रांस और साउथ कोरिया की 8 कंपनियों के ग्रुप को इस प्रोजेक्ट का सलाहकार बनाया गया है.
350KM प्रति घंटे की रफ्तार से भागेगी बुलेट ट्रेन, 15 शहरों को जोड़ने की तैयारी
1541 किलोमीटर लंबी नॉर्थ-साउथ रेलवे हनोई के नगोक होई स्टेशन को हो ची मिन्ह सिटी के थू थिएम स्टेशन से जोड़ेगी. यह रेल कॉरिडोर 15 प्रांतों और शहरों से होकर गुजरेगी. यह डबल-ट्रैक लाइन होगी यानी दोनों दिशाओं में अलग-अलग ट्रैक होगा. यह स्टैंडर्ड 1,435 मिमी गेज पर बनेगी, जिसकी डिजाइन स्पीड 350 किमी प्रति घंटा होगी. जब यह रेल प्रोजेक्ट पूरा हो जाएगा तब यह जापान की शिंकानसेन जैसी हाई-स्पीड रेल श्रेणी में आएगी. शिंकानसेन को ही आमतौर पर बुलेट ट्रेन कहा जाता है.
इस प्रोजेक्ट में 23 पैसेंजर स्टेशन और 5 मालगाड़ी स्टेशन होंगे, और शुरुआती अनुमान के मुताबिक कुल निवेश करीब 67.34 अरब डॉलर होगा.
इस पूरे प्रोजेक्ट के लिए करीब 10,827 हेक्टेयर जमीन की जरूरत का शुरुआती अनुमान है. इसमें लगभग 3,655 हेक्टेयर कृषि भूमि शामिल है. जबकि करीब 2,567 हेक्टेयर वन भूमि भी प्रभावित हो सकती है. शुरुआती सरकारी अनुमान के अनुसार लगभग 1.20 लाख लोगों का पुनर्वास करना पड़ सकता है. दूसरी तरफ वियतनाम का भूगोल भी इस प्रोजेक्ट के सामने यक्ष प्रश्न बनकर खड़ा रहेगा. वियतनाम लंबा और पतला देश है, जो अपनी सबसे पतली जगह पर सिर्फ करीब 50 किमी चौड़ा है. अब इस बुलेट लाइन को मध्य तट पर समुद्र तक पहुंचने वाले पहाड़ी हिस्सों से होकर गुजरना होगा.
चीन से वियतनाम की पुरानी प्रतिद्वंद्विता चलती आ रही है. दोनों देशों के बीच सीमा विवाद भी है और दोनों अतीत में जंग भी लड़ चुके हैं. ऐसे में वियतनाम के लिए यह बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट सिर्फ सफर तेज करने का नहीं, बल्कि चीन पर निर्भरता कम करने और अपनी ताकत दिखाने का भी दांव माना जा रहा है.
यह भी पढ़ें | दिल्ली से 6 घंटे में मुंबई, 4 घंटे में अहमदाबाद, दिल्ली-मुंबई बुलेट ट्रेन रूट का सबको इंतजार
60 प्रतिशत हिस्सा पुलों पर, 10 प्रतिशत हिस्सा सुरंगों में बनेगा
प्रस्तावित रेलवे रूट का लगभग 60% हिस्सा एलिवेटेड पुलों पर बनाने की योजना है. इसका मकसद कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और घनी आबादी वाले इलाकों से गुजरना आसान बनाना है. वहीं इस रेलवे लाइन का करीब 10% हिस्सा सुरंगों में होगा. बाकी लगभग 30% हिस्सा जमीन पर बनाया जाएगा.
2035 तक प्रोजेक्ट पूरा हो जाएगा
30 नवंबर 2024 को वियतनाम की संसद ने इस प्रोजेक्ट की निवेश नीति को मंजूरी दी थी. नवंबर 2026 में वियतनाम, फ्रांस और साउथ कोरिया की कंपनियों के आठ सदस्यीय कंसोर्टियम को महत्वपूर्ण कंसल्टेंसी पैकेज के लिए चुना गया. फ्रांस की इंजीनियरिंग कंपनी SYSTRA इस कंसोर्टियम का नेतृत्व कर रही है. इस काम को पूरा करने के लिए 30 महीने की अवधि तय की गई है.
पहले दिसंबर 2027 में इस रेल कॉरिडोर का निर्माण शुरू करने का टारगेट बताया गया था, लेकिन नवंबर 2026 के ताजा अपडेट में 30 महीने की तैयारी और डिजाइन प्रक्रिया के बाद 2028 के आखिर में निर्माण शुरू होने की संभावना बताई गई है. इस पूरे रेल कॉरिडोर को 2035 तक काफी हद तक पूरा करने का लक्ष्य है.
यह भी पढ़ें | विशाल नदी के नीचे बन रहा दुनिया का सबसे लंबा हाईवे, 6 लेन की दो सुरंगो में 100KM की स्पीड से दौड़ेंगी गाड़ियां
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं