विज्ञापन

10 हजार लोगों को जॉब से निकाल सकती है यूरोप की सबसे बड़ी सॉफ्टवेयर कंपनी SAP, क्‍या भारतीय भी आएंगे छंटनी की चपेट में?

जर्मनी की सबसे बड़ी सॉफ्टवेयर कंपनी SAP के 78 देशों में ऑफिस हैं. भारत में नई दिल्‍ली, गुरुग्राम, बेंगलुरु, मुंबई, पुणे, हैदराबाद और कोलकाता में इसके ऑफिस हैं. इन दफ्तरों में करीब 18,000 कर्मचारी कार्यरत हैं. सवाल है कि क्‍या ये कर्मी भी छंटनी की ज़द में आ सकते हैं.

10 हजार लोगों को जॉब से निकाल सकती है यूरोप की सबसे बड़ी सॉफ्टवेयर कंपनी SAP, क्‍या भारतीय भी आएंगे छंटनी की चपेट में?
SAP में छंटनी की चपेट में क्‍या भारतीय भी आएंगे?
(NDTV File Photo)

जर्मन सॉफ्टवेयर कंपनी SAP आने वाले समय में 10 हजार कर्मचारियों को नौकरी से निकाल सकती है. इस छंटनी को कंपनी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को तेजी से अपनाए जाने के चलते अपनी बिजनेस रणनीति में बदलाव का हिस्‍सा बता रही है.  समाचार एजेंसी IANS ने 'फाइनेंशियल टाइम्स' की एक रिपोर्ट के हवाले से बताया कि कंपनी बड़े स्तर पर हो रहे री-स्‍ट्रक्‍चरिंग के तहत अपने कुल कर्मचारियों में से लगभग 10% (एक-दसवां हिस्सा) को कम करने पर विचार कर रही है. बता दें कि मार्केट वैल्यू के हिसाब से SAP यूरोप की सबसे बड़ी सॉफ्टवेयर कंपनी है. 

संभावित छंटनी के पीछे की बड़ी वजह

रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि इस पर अभी शुरुआती बातचीत ही चल रही है और इसे अभी तक आधिकारिक तौर पर कर्मचारियों के प्रतिनिधियों के सामने नहीं रखा गया है. अगर ऐसा होता है, तो SAP यूरोप की उन प्रमुख कंपनियों में शामिल हो जाएगी जो AI के बढ़ते प्रभाव और आर्थिक दबावों के कारण बाजार में आ रहे बदलावों के बीच अपने कर्मचारियों की संख्या में बड़ी कटौती करने पर विचार कर रही हैं. 

SAP एक रणनीतिक बदलाव के दौर से गुजर रही है, जिसका मुख्य फोकस अपनी क्लाउड-आधारित सेवाओं का विस्तार करना और अपने सॉफ्टवेयर पोर्टफोलियो में AI क्षमताओं को शामिल करना है. कंपनी अब अपने पारंपरिक सॉफ्टवेयर लाइसेंसिंग मॉडल से हटकर, सब्सक्रिप्शन-आधारित क्लाउड सेवाओं और AI-युक्त एंटरप्राइज सॉल्यूशंस की ओर बढ़ रही है. 

यह भी पढ़ें | Amazon Layoffs 2026: अमेजन ने 250 कर्मचारियों को नौकरी से निकाला, नए डिवाइसेस लॉन्च करते ही कर दी छुट्टी

कंपनी पहले भी कर चुकी है 10 हजार कर्मियों की छंटनी 

इससे पहले, 2024 में भी कंपनी ने एक बड़ा पुनर्गठन कार्यक्रम चलाया था, जिसके परिणामस्वरूप लगभग 10,000 नौकरियां कम हो गई थीं. हालांकि, बाद में की गई नई भर्तियों के चलते कंपनी में कर्मचारियों की कुल संख्या फिर से लगभग 113,000 हो गई थी.

रिपोर्ट में SAP के चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (CFO) डोमिनिक असाम के हालिया बयान का भी जिक्र है, जिसमें उन्होंने संकेत दिया था कि जैसे-जैसे कंपनी उद्योग के बदलते रुझानों के अनुसार खुद को ढाल रही है, भविष्य में कर्मचारियों की संख्या में और बदलाव (छंटनी) होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता.

कंपनी ने तीसरी तिमाही में 10.3 अरब यूरो का रेवेन्यू दर्ज किया है, जो पिछले साल की तुलना में 13% अधिक है. इसमें से क्लाउड सेवाओं से 6.7 अरब यूरो की बिक्री हुई है. कंपनी का नेट प्रॉफिट भी सालाना आधार पर 11% बढ़कर 2.3 अरब यूरो हो गया है.  

क्‍या भारतीयों पर भी होगा असर? 

SAP के दुनिया भर में 78 देशों में ऑफिस हैं, जिसमें भारत भी शामिल है. दुनिया भर में 1,13,000 से ज्‍यादा कर्मचारी हैं.  भारत के कई शहरों , नई दिल्‍ली, गुरुग्राम, बेंगलुरु, मुंबई, पुणे, हैदराबाद और कोलकाता के दफ्तरों में करीब 18,000 कर्मचारी कार्यरत हैं.  कंपनी ने एक मीडिया हाउस को दिए गए जवाब में कहा है कि वो अनुमानों और अटकलों पर कोई कमेंट नहीं करना चाहता. 

माइक्रोसॉफ्ट, ओरेकल, सेल्‍सफोर्स ने भी छंटनी की 

हाल के महीनों में कई बड़ी कंपनियों ने भी री-स्‍ट्रक्‍चरिंग की घोषणा की है, क्योंकि वे डिमांड में कमी और वैश्विक स्तर पर बढ़ते कंपटीशन का सामना कर रही हैं.  ये रिव्‍यू ऐसे समय में हो रहा है, जब दुनिया भर की टेक्नोलॉजी कंपनियां AI के जरिए अपनी कार्यक्षमता बढ़ाने की कोशिश कर रही हैं.

माइक्रोसॉफ्ट, ओरेकल और सेल्सफोर्स जैसी अमेरिका की बड़ी सॉफ्टवेयर कंपनियों ने पिछले एक साल में अपने कर्मचारियों की संख्या में कटौती की है, जबकि साथ ही वे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस टेक्नोलॉजी में अपना निवेश भी बढ़ा रही हैं.

यह भी पढ़ें | हमने टैक्‍स घटाया, आपने कर्मचारियों की सैलरी बढ़ाई क्‍या? बिजनेस लीडर्स से PM मोदी का तीखा सवाल

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
SAP 10000 Jobs, Jobs Cut, Jobs Cuts 2026, AI Job Cuts Impact, Software Companies
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com