- बिसलेरी के एक बैच के पानी पर FSSAI ने कार्रवाई की है.
- बिसलेरी के एक बैच के पानी में मिला कोलीफॉर्म बैक्टीरिया.
- बिसलेरी के खिलाफ अभियोजन की मंजूरी जारी की गई है.
भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) की जांच में बिसलेरी के पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर के एक विशिष्ट बैच का सैंपल असुरक्षित पाया गया है. प्राथमिक और रेफरल दोनों प्रयोगशालाओं की जांच में पानी में कोलीफॉर्म बैक्टीरिया की मौजूदगी की पुष्टि हुई है. इसके बाद बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ अभियोजन की मंजूरी जारी की गई है. बताया गया है कि सैंपल पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी स्थित तेलीपाड़ा गांव के प्लांट से लिया गया था.
क्या है पूरा मामला
FSSAI ने बिसलेरी के बैच नंबर PB 201 के सैंपल की जांच की है. यह सैंपल पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले स्थित तेलीपाड़ा गांव के प्लांट से एकत्र किया गया था. इस बैच की मैन्युफैक्चरिंग डेट 20 जुलाई 2026 है, जबकि इसके इस्तेमाल की अंतिम तारीख 19 जनवरी 2027 दर्ज है. दो अलग-अलग लैब में बैक्टीरिया की पुष्टि होने के बाद 12 अगस्त 2026 को केवल इसी बैच की बिक्री पर रोक लगा दी गई थी.
इसके साथ ही बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ अभियोजन (प्रॉसिक्यूशन) की मंजूरी भी जारी की गई है.
केवल एक बैच पर कार्रवाई
अधिकारियों और सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई बिसलेरी के सिर्फ एक बैच (PB 201) के खिलाफ की गई है और इसका अर्थ यह नहीं है कि कंपनी के सभी उत्पाद असुरक्षित पाए गए हैं. सूत्रों का यह भी कहना है कि देशभर में विभिन्न ब्रांड के पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर के सैंपल लेकर गुणवत्ता की जांच की जा रही है.
गौरतलब है कि इससे पहले गोवा में भी जांच के दौरान बिसलेरी के एक सैंपल को असुरक्षित पाया गया था, जिसमें ब्रोमेट और पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बंस (PAH) रसायनों की मौजूदगी की पुष्टि हुई थी.
यह भी पढ़ें | चिप्स, बिस्किट और कोल्ड ड्रिंक जैसे पैकेटबंद फूड पर अब अलग से 'लाल' चेतावनी; बच्चों की सेहत को लेकर SC सख्त
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं