बाबा रामदेव ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर करके आज के युवाओं और जेन जी को फिट रहने की सलाह दी है. उनका कहना है कि आजकल के दौर में खान-पान और कसरत को लेकर लोगों में पहले जैसी जागरुकता नहीं दिख रही है, जो कि सही नही है. उन्होंने सबको रोज कोई न कोई फिजिकल एक्टिविटी करने को कहा है.
बाबा जी ने साफ कहा कि अगर आपको जिम जाकर भारी-भरकम वर्कआउट करना पसंद नही है, तो कोई बात नहीं. आप साइकिल चला सकते हैं, रोज सुबह दौड़ लगा सकते हैं या फिर स्विमिंग कर सकते हैं. यहां तक कि शाम को बैडमिंटन जैसा कोई खेल खेलकर भी खुद को तंदुरुस्त रख सकते हैं. इसके साथ ही उन्होंने 5 ऐसी देसी कसरतों के बारे में बताया है, जो बिना किसी सामान के घर पर ही हो जाती हैं. ये 5 कसरतें आपकी ताकत, लचीलापन और स्टैमिना सब बढ़ाएंगी.
यहां देखिए वीडियो -
आइए जानते हैं इन 5 कसरतों के बारे में-
1. सूर्य नमस्कार
सूर्य नमस्कार कुल 12 अलग-अलग योगासनों का एक पूरा सेट है. इसे करते वक्त सांस लेने और छोड़ने का तालमेल बिठाना बहुत जरूरी होता है.
- इससे आपके हाथ, पैर, कंधे, पीठ और पेट की मांसपेशियां एक साथ एक्टिव हो जाती हैं.
- इसको लगातार करने से शरीर का लचीलापन बढ़ता है और कमजोरी दूर होती है.
- अगर आप इसे थोडा तेज रफ्तार में करते हैं, तो यह बढ़िया कार्डियो का काम भी करता है और दिल मजबूत रहता है.
2. बैठक
देसी भाषा में इसे बैठक और अंग्रेजी में स्क्वैट्स कहते हैं. यह पैरों को मजबूत करने की सबसे असरदार कसरत है.
- पैरों को हल्का सा खोलकर खड़े हो जाएं और फिर घुटनों को मोड़ते हुए नीचे बैठें. ध्यान रहे कि आपकी एड़ियां जमीन पर ही टिकी रहें.
- इसके बाद पैरों के बल पर वापस सीधे खड़े हो जाएं.
- इससे आपकी जांघें और हिप्स की मसल्स बहुत मजबूत बनती हैं.
- इसे बहुत तेजी में करने के बजाय आराम से और संभलकर करें ताकि घुटने पर गलत असर न पड़े.
3. स्कंदासन
यह एक तरह का साइड लंज होता है, जिसमें शरीर को आगे-पीछे करने के बजाय दाएं और बाएं मोड़ा जाता है.
- इसमें सीधे नीचे बैठने के बजाय शरीर का वजन एक पैर पर डालकर घुटना मोड़ते हैं और दूसरा पैर पूरा सीधा रखते हैं. फिर यही प्रक्रिया दूसरी तरफ दोहराते हैं.
- रोजमर्रा के काम में हम सिर्फ आगे या पीछे चलते हैं, इसलिए यह साइड वाला खिंचाव पैरों को एक अलग ही मजबूती देता है.
- इससे कूल्हों और जांघों का लचीलापन बढ़ता है और शरीर का संतुलन भी सुधरता है.
4. साधारण दंड
साधारण दंड ठीक वैसे ही है जैसे आज के वक्त में लोग पुश-अप्स करते हैं. यह शरीर के ऊपरी हिस्से को ताकतवर बनाने का पुराना तरीका है.
- जमीन की तरफ झुकते हुए शरीर को नीचे ले जाना होता है और फिर हाथों के दम पर वापस ऊपर आना होता है.
- इस दौरान पेट को एकदम टाइट और सीधा रखना जरूरी है.
- इससे आपकी छाती, कंधे और बाजुएं मजबूत होती हैं.
- अगर आप पहली बार दंड लगा रहे हैं, तो जबरदस्ती न करें. पहले घुटने टेककर आसान तरीके से शुरुआत करें, फिर धीरे-धीरे ताकत बढ़ने पर पूरा दंड लगाएं.
5. हनुमान दंड
हनुमान दंड साधारण दंड से थोड़ा अलग और ज्यादा असरदार होता है. इसमें शरीर कई मुद्राओं से होकर गुजरता है.
- इसमें शरीर पहले ऊपर उठता है, फिर गोता लगाते हुए नीचे जाता है और आगे भुजंगासन की तरह उठता है.
- यानी शरीर सिर्फ ऊपर-नीचे नहीं होता, बल्कि आगे और पीछे का पूरा चक्र पूरा करता है.
- इस एक कसरत से कंधे, हाथ, सीना, कमर और पैर सब एक साथ खिंचते हैं.
- यह साधारण पुश-अप्स से थोड़ी कठिन जरूर है, पर इससे स्टेमिना और ताकत दोनों तेजी से बढ़ते हैं.
डिस्क्लेमर: यह जानकारी केवल सामान्य जागरुकता के लिए है. इसे किसी डॉक्टर या विशेषज्ञ की चिकित्सीय सलाह का विकल्प न समझें. कोई भी नया वर्कआउट शुरू करने से पहले अपने शरीर की क्षमता देख लें और जरूरत हो तो डॉक्टर से राय जरूर लें.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं