जब भी हम खुद को फिट रखने या शरीर को लचीला बनाने की बात सोचते हैं, तो सबसे पहले दिमाग में घंटों की स्ट्रेचिंग और कसरत आती है. हम सोचते हैं कि जमीन पर हाथ लगाना या पैर मोड़ना ही सब कुछ है लेकिन, क्या आपने कभी सोचा है कि आपकी डाइट इसमें कितना बड़ा रोल निभाती है? सच्चाई यह है कि सिर्फ कसरत करने से बात नहीं बनती. अगर आपकी प्लेट में सही न्यूट्रिशन नहीं है, तो मांसपेशियां कड़क हो जाएंगी और आप चाहकर भी अपने शरीर को खुला-खुला महसूस नहीं कर पाएंगे.
आइए जानते हैं किन चीजों को खाकर आप अपनी बॉडी को अंदर से मजबूत और लचीला बना सकते हैं.
प्रोटीन:
हम में से ज्यादातर लोग सोचते हैं कि प्रोटीन सिर्फ बॉडीबिल्डिंग के लिए जरूरी है. पर ऐसा नहीं है. जब आप जिम जाते हैं या थोड़ा भी वर्कआउट करते हैं, तो आपकी मसल्स पर हल्का सा खिंचाव आता है. इनकी रिपेयरिंग के लिए शरीर को प्रोटीन चाहिए होता है. इसके लिए आप अपनी डेली डाइट में ये चीजें शामिल कर सकते हैं,
- दूध, दही और पनीर
- अंडे और चिकन
- चना, राजमा और सोयाबीन
यह सीधा लचीलापन नहीं बढ़ाता, बल्कि मसल्स को इतना मजबूत रखता है कि वे बिना थके आसानी से मूव कर सकें.
विटामिन सी और कोलेजन:
क्या आपने कभी सोचा है कि आपकी हड्डियां, जोड़ और मांसपेशियां आपस में कैसे जुड़ी रहती हैं? इसके पीछे एक खास प्रोटीन का हाथ होता है, जिसे 'कोलेजन' कहते हैं. इस कोलेजन को बनाने के लिए शरीर को विटामिन सी की सख्त जरूरत होती है. अगर इसकी कमी हो जाए, तो जोड़ और मांसपेशियां अकड़ने लगती हैं. इसे पूरा करने के लिए अपनी थाली में इन चीजों को जरूर शामिल करें.
- नींबू, संतरा और कीवी
- आंवला और अमरूद
- टमाटर और शिमला मिर्च
मैग्नीशियम और ओमेगा-3:
कई बार हमारी मांसपेशियां अचानक से ऐंठ जाती हैं या उनमें खिंचाव महसूस होने लगता है. इसकी एक बड़ी वजह शरीर में मैग्नीशियम की कमी हो सकती है. मैग्नीशियम के लिए: पालक, हरी सब्जियां, बादाम, काजू और कद्दू के बीज खाएं. यह मांसपेशियों को सिकुड़ने और आराम देने में मदद करता है.
सूजन से राहत के लिए:
शरीर के जोड़ों में होने वाली सूजन या दर्द को कम करने के लिए ओमेगा-3 बहुत फायदेमंद है. इसके लिए आप अखरोट, अलसी के बीज या चिया सीड्स खा सकते हैं.
पानी को बिल्कुल न करें नजरअंदाज:
हम सब अच्छा खाना तो खा लेते हैं, लेकिन दिनभर में पानी कितना पी रहे हैं, इस पर ध्यान देना भूल जाते हैं. जब शरीर में पानी की कमी होती है, तो हमें बहुत जल्दी थकान और कमजोरी महसूस होने लगती है. इसलिए, खासकर गर्मियों में या वर्कआउट के दौरान खूब सारा पानी पिएं ताकि बॉडी अंदर से हाइड्रेटेड रहे.
इसे भी पढ़ें: चावल बनाते समय फेंक देते हैं इसका पानी? ये छोटी-सी गलती चावल के पोषण को कर सकती है कम, जानिए पकाने का सही तरीका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं