विज्ञापन

रागी रोटी की जगह, एक बार जरूर ट्राई करें कैल्शियम, आयरन, प्रोटीन और फाइबर से भरपूर Ragi ढोकला

कैल्शियम और फाइबर का खजाना है ये ढोकला, स्वाद ऐसा कि रागी रोटी भी जाएंगे भूल.

रागी रोटी की जगह, एक बार जरूर ट्राई करें कैल्शियम, आयरन, प्रोटीन और फाइबर से भरपूर Ragi ढोकला
कैसे बनाएं रागी का हेल्दी नाश्ता.
NDTV

अगर आप भी रोज़-रोज़ वही पुरानी रागी की रोटी या परांठे खाकर बोर हो चुके हैं, और कुछ नया, टेस्टी और हेल्दी ट्राई करना चाहते हैं, तो यह आर्टिकल आपके लिए ही है. हाल ही में यूट्यूब चैनल निशा मधुलिका (@nishamadhulika) पर एक ऐसी रेसिपी शेयर की है, जो स्वाद में तो जबरदस्त है ही, साथ ही सेहत के लिए खजाने से कम नहीं. जी हां, हम बात कर रहे हैं सुपर हेल्दी रागी ढोकला (Ragi Dhokla) की.

​आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में हम सभी चाहते हैं कि हमें ऐसा खाना मिले जो जल्दी बन जाए, पेट भी भरे और शरीर को भरपूर पोषण भी मिले. रागी को हमेशा से सेहत के लिए बहुत फायदेमंद माना गया है, क्योंकि इसमें भरपूर मात्रा में कैल्शियम, आयरन, प्रोटीन और फाइबर होता है. लेकिन अक्सर लोगों को रागी का स्वाद सादा या बोरिंग लगता है. ऐसे में यह ढोकला रेसिपी आपके नाश्ते के रूटीन में एक नया और मजेदार ट्विस्ट ले आएगी. आइए जानते हैं इसे घर पर बनाने का तरीका. 

यहां देखें वीडियो- 

कैसे बनाएं हेल्दी ​रागी ढोकला- 

सामग्री-

  • रागी का आटा - ¾ कप
  • ​सूजी - ¾ कप
  • ​दही - 1 कप
  • ​नमक - 1 छोटी चम्मच
  • ​अदरक-हरी मिर्च का पेस्ट - 1 छोटी चम्मच
  • ​पिसी हुई चीनी - 1 बड़ी चम्मच
  • ​तेल - 3 बड़ी चम्मच
  • ​ईनो - 1.5 छोटी चम्मच


तड़के के लिए- 

  • सरसों के दाने - ½ छोटी चम्मच, 
  • हरी मिर्च - 2 
  • सफेद तिल - 1 छोटी चम्मच 
  • ताजा कद्दूकस किया हुआ नारियल 
  • बारीक कटा हुआ हरा धनिया.

​स्वादिष्ट चटनी के लिए सामग्री-

  • ​मूंगफली - ½ कप
  • ​कद्दूकस किया हुआ नारियल - ½ कप
  • ​हरी मिर्च - 1
  • ​नींबू का रस - 1 बड़ी चम्मच
  • ​नमक - ½ छोटी चम्मच
  • ​तड़के के लिए- तेल 1 छोटी चम्मच, राई ¼ छोटी चम्मच, लाल मिर्च 1, कद्दूकस किया हुआ अदरक ½ छोटी चम्मच और 6-7 करी पत्ता.

विधि-

  1. सबसे पहले एक बड़े बर्तन में ¾ कप रागी का आटा और ¾ कप सूजी लें. 
  2. अब इसमें 1 कप दही और जरूरत के अनुसार पानी डालकर अच्छी तरह मिला लें ताकि कोई गांठ न रहे. 
  3. इस बैटर को ढक्कर 10 से 15 मिनट के लिए रख दें ताकि सूजी और रागी अच्छे से फूल जाएं.
  4. तय समय के बाद बैटर में नमक, अदरक-हरी मिर्च का पेस्ट, पिसी चीनी और तेल डालकर अच्छी तरह फेंट लें. 
  5. बैटर की कंसिस्टेंसी न तो बहुत गाढ़ी और न ही बहुत पतली होनी चाहिए.
  6. ​अब स्टीमर या एक बड़ी कढ़ाई में पानी गर्म होने के लिए रख दें. ढोकला प्लेट या थाली को तेल से चिकना कर लें. 
  7. इसके बाद बैटर में ईनो डालकर हल्के हाथ से एक ही दिशा में मिलाएं. 
  8. जैसे ही बैटर फूलने लगे, उसे तुरंत चिकनी की हुई प्लेट में डालें और मीडियम-हाई फ्लेम पर 12 से 15 मिनट के लिए भाप में पकने दें.
  9. टूथपिक डालकर चेक कर लें कि ढोकला अंदर तक पक गया है या नहीं.
  10. ढोकला ठंडा होने पर उसके चौकोर टुकड़े काट लें. अब एक पैन में तेल गरम करें, उसमें राई, कटी हुई हरी मिर्च और सफेद तिल चटकाएं. 
  11. इस तड़के को ढोकले के ऊपर फैला दें और ऊपर से हरा धनिया व कद्दूकस किया नारियल गार्निश करें.

​साथ में सर्व करें टेस्टी मूंगफली-नारियल की चटनी-

​इस रागी ढोकले का स्वाद और बढ़ाने के लिए मिक्सी जार में मूंगफली, कद्दूकस नारियल, हरी मिर्च, नींबू का रस और नमक डालकर पीस लें. ऊपर से राई, करी पत्ता, अदरक और लाल मिर्च का तड़का लगा दें. आपकी यह हेल्दी और टेस्टी चटनी ढोकले के साथ कमाल लगेगी. 

ये भी पढ़ें- काली मिर्च खरीदते समय न करें ये गलती, इन ट्रिक्स से पहचानें असली और नकली दाने

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ragi Recipe, Ragi Dhokla, Millet Recipe, Ragi Roti Ke Fayde
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com