Stye Home Remedies : सुबह उठते ही आंखों की पलकें लाल नजर आ रही हैं? क्या पलकों पर छोटी सी गांठ दिखाई दे रही है? अगर हां, तो ये बिलनी का संकेत हो सकते हैं. आंखों में बिलनी निकलने पर काफी दर्द और जलन जैसी परेशानी महसूस होती है. हालांकि, ये एक काफी आम परेशानी मानी जाती है, लेकिन इस स्थिति में काफी ज्यादा असहजता, दर्द, सूजन होने लग सकती है. लेकिन अच्छी बात ये है कि इस परेशानी का आप कुछ ही दिनों में इलाज कर सकते हैं. इतना ही नहीं, कुछ घरेलू नुस्खों की मदद से दर्द और सूजन भी कम की जा सकती है. यहां जानते हैं इस असरदार नुस्खे के बारे में-
आंख में बिलनी क्यों निकलती है?
किसी भी व्यक्ति के आंखों में बिलनी तब होती है, जब पलकों की ऑयल ग्लैंड में बैक्टीरियल संक्रमण हो जाता है. इस वजह से पलकों पर छोटी, लाल और दर्दनाक गांठ बन जाती है. वहीं, कई बार आंखों को गंदे हाथों से छूना, पुराना मेकअप इस्तेमाल करना, कॉन्टैक्ट लेंस की सही सफाई न करने की वजह से भी इसका रिस्क बढ़ जाता है.
आंखों में बिलनी के लक्षण क्या हैं?
आंखों पर बिलनी के लक्षण निम्न हो सकते हैं, जैसे-
- आंखों में सूजन
- पलक पर लाल और दर्दनाक गांठ
- जलन या खुजली
- आंखों से पानी आना
बिलनी आंखों में होने वाले दर्द से कैसे पाएं राहत?
अगर आपकी आंखों में बिलनी की परेशानी हो गई है, तो आप कुछ नुस्खों का सहारा ले सकते हैं. इससे काफी हद तक राहत मिल सकती है, जैसे-
गर्म सिकाई करें
गर्म सिकाई करने से बिलनी आंखों की परेशानी को काफी हद तक दूर किया जा सकता है. इसके लिए एक साफ कपड़े को गुनगुने पानी में भिगोकर निचोड़ लें और इसे 10 से 15 मिनट तक बंद आंख पर रखें. ऐसा दिन में 3 से 4 बार करने से सूजन कम हो सकती है और बिलनी में जमा पदार्थ बाहर निकलने में मदद मिल सकती है.
आंखों की सफाई पर दें ध्यान
अगर आपकी आंखों पर बिलनी की शिकायत हो गई है, तो इसे बार-बार छूने से बचें. एक साफ कॉटन या मुलायम कपड़े से पलकों को हल्के गुनगुने पानी से साफ करें. इससे बैक्टीरिया का फैलाव कम हो सकता है और इंफेक्शन बढ़ने का खतरा घट सकता है.
मेकअप और कॉन्टैक्ट लेंस से बनाएं दूरी
आंखों में बिलनी की परेशानी होने पर मेकअप और कॉन्टैक्ट लेंस का इस्तेमाल करने से बचें. कोशिश करें कि इस दौरान मेकअप भी न करें. ऐसा करने से आंखों में और जलन हो सकती है और संक्रमण बढ़ सकता है. बेहतर होगा कि आंखों को आराम दिया जाए और साफ रखा जाए.
ये भी पढ़ें - एक युवक की कहानी: कैसे स्विमिंग पूल में कॉन्टैक्ट लेंस पहनना बना आंखों के लिए खतरा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं