हेयर ट्रांसप्लांट कराने के बाद कई लोगों को आंखों के आसपास सूजन, भारीपन या नीले निशान दिखाई दे सकते हैं. इसे देखकर घबराना स्वाभाविक है, लेकिन ज्यादातर मामलों में यह रिकवरी प्रक्रिया का सामान्य हिस्सा होता है. हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो के बाद लोगों के मन में यह सवाल उठा कि हेयर ट्रांसप्लांट के बाद आंखें क्यों सूज जाती हैं. आइए जानते हैं इसके पीछे की वजह, यह समस्या कितने दिनों तक रहती है और कब डॉक्टर से दोबारा संपर्क करना चाहिए.
इस बारे में अधिक जानकारी के लिए एनडीटीवी ने बात की डायरेक्ट हेयर ट्रांसप्लांट यूजेनिक्स हेयर साइंसेज के सह-संस्थापक प्रदीप सेठी से. वे बीते कई सालों से इस क्षेत्र में सक्रियहैं.
हेयर ट्रांसप्लांट के बाद आंखों में सूजन क्यों आती है?
डा. प्रदीप सेठी कहते हैं कि हेयर ट्रांसप्लांट एक सर्जिकल प्रक्रिया है, इसलिए इसके बाद शरीर को रिकवरी के लिए समय चाहिए होता है. इस दौरान सिर की त्वचा में हल्का दर्द, खुजली, मामूली रक्तस्राव, सुन्नपन और सूजन जैसी दिक्कतें हो सकती हैं.
कई बार यह सूजन आंखों के आसपास भी पहुंच जाती है, जिससे पलकें भारी लगने लगती हैं या आंखें कुछ समय के लिए काफी सूजी हुई दिखाई देती हैं. हर मरीज में इसकी स्थिति एक जैसी नहीं होती. किसी में यह बहुत हल्की होती है, तो किसी में ज्यादा नजर आ सकती है.
तीसरे-चौथे दिन क्यों बढ़ जाती है सूजन?
डा. प्रदीप सेठी कहते हैं कि अगर आंखों के आसपास सूजन या नीले निशान बनते हैं तो वे आमतौर पर हेयर ट्रांसप्लांट के तीसरे या चौथे दिन सबसे ज्यादा दिखाई देते हैं. इसके बाद धीरे-धीरे सूजन कम होने लगती है. ज्यादातर मामलों में पहले सप्ताह के भीतर काफी सुधार आ जाता है और आंखों का सामान्य रूप वापस लौटने लगता है.
किन लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए?
सामान्य सूजन कुछ दिनों में अपने आप कम होने लगती है. लेकिन अगर सूजन लगातार बढ़ रही हो, तेज दर्द हो रहा हो या परेशानी पहले से ज्यादा महसूस होने लगे, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. डा. प्रदीप सेठी कहते हैं कि ऐसी स्थिति में बिना देर किए अपने डॉक्टर से संपर्क करना बेहतर होता है.
Also Read: गंजापन छुपाना है? बिना विग अपनाएं ये 5 ट्रिक्स, मिनटों में बदल जाएगा लुक
सूजन कम करने के लिए क्या करें?
अगर आंखों में सूजन हो, तो ठंडी सिकाई करने से राहत मिल सकती है. आराम करते समय सिर को थोड़ा ऊंचा रखकर सोना भी फायदेमंद माना जाता है. जरूरत पड़ने पर डॉक्टर की सलाह से दर्द की दवा ली जा सकती है. डा. प्रदीप सेठी कहते हैं कि सही देखभाल के साथ ज्यादातर लोगों में सूजन और नीले निशान काफी हद तक कम हो जाते हैं.
अक्सर पूछे जाने वाले सवाल (Faqs)
क्या हेयर ट्रांसप्लांट के बाद आंखों में सूजन आना सामान्य है?
हां, ज्यादातर मामलों में हेयर ट्रांसप्लांट के बाद आंखों और माथे के आसपास हल्की सूजन आना सामान्य माना जाता है. यह शरीर की रिकवरी प्रक्रिया का हिस्सा हो सकता है.
हेयर ट्रांसप्लांट के बाद सूजन कितने दिन रहती है?
डॉक्टरों के अनुसार सूजन अक्सर तीसरे या चौथे दिन सबसे ज्यादा दिखाई देती है और आमतौर पर एक सप्ताह के भीतर काफी कम हो जाती है.
हेयर ट्रांसप्लांट के बाद सूजन कम करने के लिए क्या करें?
ठंडी सिकाई, पर्याप्त आराम और सिर को थोड़ा ऊंचा रखकर सोने से राहत मिल सकती है. दवाओं का इस्तेमाल केवल डॉक्टर की सलाह पर ही करना चाहिए.
क्या हेयर ट्रांसप्लांट के बाद नीले निशान (Bruising) सामान्य हैं?
कुछ लोगों में आंखों और माथे के आसपास हल्के नीले निशान दिखाई दे सकते हैं. आमतौर पर ये रिकवरी प्रक्रिया का हिस्सा होते हैं और समय के साथ कम हो जाते हैं. अगर समस्या बढ़ती दिखे तो डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए.
कब डॉक्टर से दोबारा संपर्क करना चाहिए?
अगर सूजन लगातार बढ़ रही हो, तेज दर्द हो, आंख खोलने में परेशानी हो या लक्षण पहले से ज्यादा गंभीर लगें तो डॉक्टर से तुरंत संपर्क करना चाहिए.
(डॉ. प्रदीप सेठी, यूजेनिक्स हेयर साइंसेज में सीनियर कंसल्टेंट डर्मेटोलॉजिस्ट और हेयर ट्रांसप्लांट सर्जन हैं.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं