एक छोटी सी गलती 38 साल के एक शख्स पर भारी पड़ गई. टूरिस्ट डेस्टिनेशन बाली में छुट्टियां मनाने गए इस शख्स ने स्विमिंग पूल में उतरते समय अपने कॉन्टैक्ट लेंस नहीं उतारे. कुछ ही समय बाद उसकी आंख में तेज दर्द और जलन शुरू हो गई. उसे क्या पता था कि उसकी आंख में एक ऐसा सूक्ष्म परजीवी यानी पैरासइट पहुंच चुका है, जो धीरे-धीरे आंख के टिश्यू को नुकसान पहुंचा रहा है. उसकी आंखों को अंदर ही अंदर खा रहा है.
इंग्लैंड के रहने वाले 38 साल के मैट फ्लैक को मई में इंडोनेशिया के बाली की यात्रा के दौरान आंख को नुकसान पहुंचाने वाले इस पैरासाइट का इंफेक्शन हो गया. पीपल मैगजीन के अनुसार उन्होंने स्विमिंग पूल में जाते समय कॉन्टैक्ट लेंस पहन रखे थे. स्विमिंग करने के कुछ ही समय बाद उनकी आंख में इंफेक्शन जैसे लक्षण दिखने लगे और उन्हें बाईं आंख खोलने में परेशानी होने लगी. शुरुआत में उन्हें लगा कि सर्फिंग के दौरान आंख में गई रेत और समुद्र के खारे पानी की वजह से जलन हो रही है.
उन्होंने स्थानीय मेडिकल स्टोर से एंटीसेप्टिक आई ड्रॉप्स खरीदीं. इसके बाद 10 जुलाई को ब्रिटेन लौटने पर उन्होंने डॉक्टर से जांच कराई. उनकी आंख के कॉर्निया से थोड़ा सा टिश्यू निकालकर जांच भी की गई. इस प्रक्रिया को कॉर्नियल स्क्रैपिंग कहा जाता है.
पता चला एकैंथअमीबा केराटाइटिस का संक्रमण है
आखिरकार डॉक्टरों ने मैट को एकैंथअमीबा केराटाइटिस (Acanthamoeba keratitis) की बीमारी बताई. यह एक दुर्लभ लेकिन आंखों का गंभीर इंफेक्शन है. यह एक बहुत छोटे जीव यानी पैरासाइट की वजह से होता है. यह पैरासाइट अक्सर स्विमिंग पूल, हॉट टब, नल के पानी और झीलों जैसे पानी के स्रोतों में पाया जाता है. क्लीवलैंड क्लिनिक के अनुसार, कॉन्टैक्ट लेंस पहनने वाले लोगों और जिन लोगों की इम्यून क्षमता कमजोर है, उनमें इस बीमारी का खतरा सबसे ज्यादा होता है. इस बीमारी का इलाज किया जा सकता है, लेकिन इससे बचने का सबसे अच्छा तरीका है कि संक्रमण होने ही न दिया जाए।
जब कोई व्यक्ति पानी में कॉन्टैक्ट लेंस पहनकर जाता है, तो लेंस और आंख की सतह के बीच एक छोटी सी जगह बन सकती है. इसमें बहुत छोटे पैरासाइट फंस सकते हैं और आंख की सतह यानी कॉर्निया से चिपक सकते हैं. एकैंथअमीबा नाम का यह परजीवी आंख की बाहरी परत में अंदर तक चला जाता है. इससे आंख में बहुत दर्दनाक सूजन होती है और समय के साथ यह आंख के टिश्यू को नुकसान पहुंचाने लगता है.
फ्लैक ने कहा, "असल में यह एक पैरासाइट है जो मेरी आंख को खा रहा है. जब डॉक्टरों ने मुझे बताया कि मुझे यही बीमारी है, तो मैं बहुत घबरा गया और बहुत डर गया."
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं