6 Non-Dairy Calcium-Rich Foods: अक्सर जब भी शरीर में कैल्शियम की कमी की बात होती है, तो सबसे पहली सलाह यही मिलती है कि "दूध-दही खाना शुरू कर दो" पर क्या हो अगर किसी को दूध का स्वाद ही न सुहाता हो? या फिर दूध पीते ही पेट में गैस और मरोड़ जैसी परेशानी होने लगती हो? अगर आपके साथ भी ऐसा ही कुछ है, तो घबराने की बिल्कुल जरूरत नहीं है.
हमारी हड्डियों, दांतों और नसों की मजबूती के लिए कैल्शियम बेहद जरूरी है, लेकिन इसकी भरपाई करने के लिए सिर्फ डेयरी प्रोडक्ट्स ही इकलौता जरिया नहीं हैं. हमारी रसोई और रोज के खान-पान में ही ऐसी कई चीजें मौजूद हैं, जो बिना दूध-दही के भी शरीर को भरपूर कैल्शियम दे सकती हैं.
यहां देखिए वीडियो...
सफेद या काले तिल:
छोटे-छोटे दिखने वाले ये तिल कैल्शियम का खजाना होते हैं. बस एक-दो चम्मच भुने हुए तिल को सलाद पर छिड़ककर खाएं, या फिर सुबह-सुबह ऐसे ही चबा लें. ठंड के दिनों में तिल के लड्डू भी एक बेहतरीन विकल्प हैं.
बादाम:
सुबह खाली पेट भीगे हुए बादाम खाना न सिर्फ दिमाग के लिए अच्छा है, बल्कि यह आपकी हड्डियों को भी मजबूती देता है. मुट्ठी भर बादाम से शरीर को अच्छी मात्रा में कैल्शियम और प्रोटीन दोनों मिल जाते हैं.
सूखे अंजीर:
अगर आपको मीठा खाने का मन करता है, तो टॉफी या मिठाई की जगह सूखा अंजीर खाएं. यह न केवल स्वाद में बढ़िया होता है, बल्कि इसमें भरपूर कैल्शियम और फाइबर पाया जाता है जो पाचन को भी दुरुस्त रखता है.
लोबिया:
दोपहर या रात के खाने में लोबिया की सब्जी या उबले हुए लोबिया की चाट बनाकर खाएं. यह आसानी से पचने के साथ-साथ कैल्शियम और प्लांट बेस्ड प्रोटीन पाने का बहुत अच्छा विकल्प है.
शकरकंद:
सर्दियों में मिलने वाली उबली हुई शकरकंद सिर्फ स्वाद ही नहीं बढ़ाती, बल्कि इसमें कैल्शियम के साथ-साथ पोटेशियम भी अच्छी मात्रा में होता है, इसे शाम के नाश्ते में चाट बनाकर आराम से खाया जा सकता है.
संतरा:
फल खाने के शौकीनों के लिए संतरा एक बढ़िया विकल्प है. आमतौर पर लोग इसे सिर्फ विटामिन सी के लिए जानते हैं, लेकिन संतरे में कैल्शियम भी पाया जाता है जो शरीर की ढेरों जरूरतों को पूरा करता है.
इसे भी पढ़ें: दाल बनाते वक्त कुकर में क्यों रखते हैं कटोरी? शेफ पंकज ने बताया इसके पीछे का हैरान करने वाला कारण
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं