भारतीय घरों में लंच से लेकर डिनर तक में रोटी खाई जाती हैं. क्योंकि थाली का मज़ा तब तक अधूरा रहता है जब तक गरमा-गरम फूली हुई रोटियां खाने को न मिलें. लेकिन कई बार बहुत कोशिश करने के बाद भी रोटियां पत्थर जैसी सख्त हो जाती हैं या फिर गुब्बारे की तरह फूलती ही नहीं हैं. अगर आपके साथ भी अक्सर ऐसा ही होता है, तो अब परेशान होने की बिल्कुल ज़रूरत नहीं है. जानी-मानी सेलिब्रिटी शेफ पंकज भदौरिया (Chef Pankaj Bhadouria) ने अपने सोशल मीडिया पर एक ऐसा शानदार और आसान नुस्खा शेयर किया है, जिससे आपकी रोटियां न सिर्फ एकदम गुब्बारे जैसी फूलेंगी, बल्कि घंटों तक मुलायम भी बनी रहेंगी. आइए जानते हैं शेफ पंकज के इन बेहतरीन किचन टिप्स के बारे में.
यहां देखें वीडियो-
सॉफ्ट और फूली रोटी के लिए कैसे गूंथे आटा-
1. आटा गूंथने के लिए करें सही पानी का इस्तेमाल-
शेफ पंकज भदौरिया के अनुसार, परफेक्ट और नरम रोटी बनाने की शुरुआत सही तरीके से आटा गूंथने से होती है. इसके लिए आपको हमेशा ठंडे पानी की जगह गुनगुने पानी का इस्तेमाल करना चाहिए. गुनगुने पानी से आटा लगाने पर आटे में मौजूद ग्लूटेन अच्छे से एक्टिवेट हो जाता है, जिससे आटा बहुत लचीला और सॉफ्ट बनता है. जब आपका आटा अंदर से लचीला होगा, तो उससे बनने वाली रोटियां भी अपने आप बेहद मुलायम और फूली-फूली तैयार होंगी.
2. आटे की सही बनावट और टेक्सचर पहचानें-
अक्सर लोग समझ नहीं पाते कि आटा कब तक गूंथना चाहिए. शेफ पंकज बताती हैं कि आटा ऐसा गूंथें जो बहुत ज़्यादा सख्त न हो और न ही बहुत ज़्यादा गीला या ढीला हो. आटे की सही पहचान यह है कि जब आप अपने हाथ की उंगली से गूंथे हुए आटे को हल्का सा दबाएं, तो वह तुरंत बाउंस बैक होकर अपनी पुरानी शेप में वापस आ जाना चाहिए. अगर आटा उंगली से दबाने पर अपनी जगह पर वापस आ जाए, तो समझ लीजिए कि आपकी रोटी बनाने के लिए डो एकदम परफेक्ट तैयार हुआ है.
3. आटे को दें थोड़ा रेस्ट टाइम-
जल्दबाज़ी में अक्सर लोग आटा गूंथते ही तुरंत रोटियां बेलना शुरू कर देते हैं, जिसकी वजह से रोटियां कड़क हो जाती हैं. शेफ पंकज का यह खास टिप कहता है कि आटा गूंथने के बाद उसे कम से कम 20 मिनट के लिए किसी बर्तन से ढककर रेस्ट करने के लिए ज़रूर छोड़ दें. इस दौरान आटा पानी को अच्छी तरह सोख लेता है और पूरी तरह सेट हो जाता है. बीस मिनट बाद जब आप रोटियां बनाने जाएं, तो उससे पहले आटे को एक मिनट के लिए हल्के हाथों से दोबारा ज़रूर गूंथ लें.
इन छोटे-छोटे और बेहद आसान टिप्स को अपनाकर आप बहुत ही कम समय में अपनी रसोई में एकदम सॉफ्ट, रुई जैसी मुलायम और गुब्बारे जैसी फूली हुई रोटियां बना सकते हैं.
ये भी पढ़ें- रागी रोटी की जगह, एक बार जरूर ट्राई करें कैल्शियम, आयरन, प्रोटीन और फाइबर से भरपूर Ragi ढोकला
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं