क्या स्नैक्स का नाम लेते ही आपके दिमाग में सबसे पहले पकौड़े, समोसे या बाजार में मिलने वाली तली-भुनी चीजों का नाम आता है. लेकिन ये चीजें सेहत के लिए बिल्कुल भी ठीक नहीं होती. अगर आप अपनी सेहत से समझौता किए बिना कुछ बेहद स्वादिष्ट खाना चाहते हैं, तो आज हम आपके लिए एक ऐसी शानदार रेसिपी लेकर आए हैं जो स्वाद में लाजवाब होने के साथ-साथ सेहत का खजाना भी है. जी हां, हम बात कर रहे हैं 'ब्रोकली और पनीर बॉल्स' की, जिसे आप झटपट अपने घर पर बना सकते हैं. इस रेसिपी को इंस्टाग्राम पर (snehasinghi1) ने शेयर किया है. तो चलिए जानते हैं आसान रेसिपी.
ब्रोकली एक ऐसी सब्जी है जिसे देखकर अक्सर बच्चे मुंह बनाने लगते हैं, और बड़े भी इसे खाने में ज्यादा दिलचस्पी नहीं दिखाते. लेकिन अगर आप उन्हें ब्रोकली और पनीर के ये शानदार बॉल्स बनाकर खिलाएंगे, तो वे एक ही मिनट में प्लेट साफ कर देंगे.
यहां देखें वीडियो-
कैसे बनाएं ब्रोकली और पनीर बॉल-
सामग्री-
बाइट्स के लिए-
- ब्लांच की हुई ब्रोकली – 1 कप
- पनीर – 150 ग्राम
- कॉर्नफ्लोर – 3 बड़े चम्मच
- आलू स्टार्च/टैपिओका स्टार्च/चावल का आटा/मैदा – 2 बड़े चम्मच
- नमक – स्वादानुसार
- काली मिर्च पाउडर – स्वादानुसार
चिली ऑयल के लिए-
- चिली फ्लेक्स – 1 बड़ा चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर – 1 छोटा चम्मच
- बारीक कटा स्प्रिंग अनियन – 2 बड़े चम्मच
- बारीक कटा हरा धनिया – 1 बड़ा चम्मच
- सफेद तिल – 1 छोटा चम्मच
- सोया सॉस – 1 बड़ा चम्मच
- सिरका- 1 बड़ा चम्मच
- चीनी – ½ छोटा चम्मच
- कद्दूकस किया हुआ लहसुन – 1 छोटा चम्मच
- गर्म तेल – 3 बड़े चम्मच
विधि-
- ब्लांच की हुई ब्रोकली का एक्स्ट्रा पानी अच्छी तरह निचोड़ लें. अब एक बड़े बाउल में ब्रोकली और पनीर डालकर अच्छी तरह मैश कर लें.
- इसमें कॉर्नफ्लोर, आलू स्टार्च नमक और काली मिर्च डालें. सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाकर एक कड़ा मिश्रण तैयार करें जिसे आसानी से आकार दिया जा सके.
- मिश्रण से छोटे-छोटे बॉल्स बना लें.
- एक बर्तन में पानी को हल्का उबाल आने तक गर्म करें. अब तैयार बॉल्स को सावधानी से पानी में डालें और तब तक पकाएं जब तक वे पानी की सतह पर तैरने न लगें. इसके बाद इन्हें निकालकर छान लें.
- एक हीटप्रूफ बाउल में चिली फ्लेक्स, लाल मिर्च पाउडर, स्प्रिंग अनियन, हरा धनिया, तिल, सोया सॉस, सिरका, चीनी और कद्दूकस किया हुआ लहसुन डालें.
- तेल को अच्छी तरह गर्म करें और सावधानी से मसाले वाले मिश्रण पर डालें. सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें.
- तैयार ब्रोकली-पनीर बाइट्स को चिली ऑयल में डालें और हल्के हाथों से टॉस करें, ताकि हर बाइट पर मसालेदार चिली ऑयल की अच्छी कोटिंग हो जाए.
- ऊपर से थोड़ा स्प्रिंग अनियन, हरा धनिया और तिल डालकर गरमा-गरम सर्व करें.
जरूरी टिप्स-
- ब्रोकली का पानी अच्छी तरह निकालना बेहद जरूरी है, वरना मिश्रण ढीला हो जाएगा.
- बॉल्स बनाते समय मिश्रण ज्यादा नरम लगे तो थोड़ा अतिरिक्त कॉर्नफ्लोर मिला सकते हैं.
- चिली ऑयल में मिर्च और चीनी की मात्रा अपने स्वाद के अनुसार कम या ज्यादा कर सकते हैं.
- अधिक कुरकुरे टेक्सचर के लिए बॉल्स को हल्का पैन-फ्राई भी किया जा सकता है.
ये भी पढ़ें- साधारण पानी पूरी को दें नया ट्विस्ट और घर पर बनाएं हाजमोला Pani Puri, हर बाइट में मिलेगा चटपटा और मजेदार स्वाद
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं