लंच से लेकर डिनर तक सबसे ज्यादा जिस चीज की अवाज किचन में सुनाई देती है वो है आज खाने में क्या है. क्योंकि रोज-रोज एक ही तरह की सब्जी खा-खाकर बच्चे से लेकर बड़े तक बोर हो जाते हैं. अगर आपके घर में भी रोज यही सवाल रहता है कि आज खाने में कौन सी सब्जी बनी है, तो अब आपको परेशान होने की जरूरत नहीं है. आज हम आपके लिए लेकर आए हैं एक ऐसी रेसिपी, जिसे खाने के बाद आपके घर वाले उंगलियां चाटते रह जाएंगे. इसका नाम है लाहौरी वेज कीमा. इसे बनाना बहुत आसान है और इसके लिए आपको बाहर से कोई महंगी या अलग चीज लाने की जरूरत नहीं है. इस रेसिपी को हाल ही में यूट्यूब चैनल (@chefbhupikitchen) पर शेप भुपी ने शेयर किया है.
यहां देखें रेसिपी वीडियो-
अगर आप फटाफट इस रेसिपी को पढ़ना चाहते हैं, तो स्टेप-बाय-स्टेप रेसिपी नीचे है-
कैसे बनाएं लाहौरी वेज कीमा- (How To Make Lahori Veg Keema)
सामग्री-
- बारीक कटी सब्जियां- बीन्स, गोभी, गाजर, शिमला मिर्च और मशरूम
- पनीर- छोटे टुकड़ों में कटा हुआ
- फ्रोजन मटर- 1/4 कप
- प्याज- स्लाइस और बारीक कटे हुए
- टमाटर- 2 मीडियम साइज
- खड़े मसाले- जीरा, काली मिर्च, साबुत धनिया, सूखी लाल मिर्च, साबुत काजू (8-10), साबुत लहसुन और अदरक
- हरी मिर्च- स्वाद के अनुसार
- पिसे मसाले- हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर और धनिया पाउडर
- रिचनेस के लिए- घर की क्रीम, बटर या देसी घी
- अन्य चीजें- कसूरी मेथी, अमचूर पाउडर, गरम मसाला, नमक और काला नमक
विधि-
- इस रेसिपी की सबसे खास बात यह है कि इसकी सभी सब्जियों को थोड़ा बारीक काटना होता है.
- गोभी के छोटे-छोटे टुकड़े करें और उसके हरे पत्तों को फेंके नहीं, बल्कि उन्हें भी बारीक काटकर इस्तेमाल करें.
- गाजर, बीन्स और मशरूम को भी छोटा-छोटा काट लें. शिमला मिर्च में पानी होता है, इसलिए इसे बहुत ज्यादा पतला न काटें.
- अब सबसे पहले एक कढ़ाई में 3-4 बड़े चम्मच तेल गरम करें. इसमें जीरा, काली मिर्च, साबुत धनिया, सूखी लाल मिर्च, 8-10 काजू, साबुत लहसुन और अदरक डालकर हल्का सा भूनें.
- इसके बाद स्लाइस किए हुए प्याज डालें और सुनहरा भूरा होने तक पकाएं. अब इसमें कटे हुए टमाटर और नमक डालकर अच्छी तरह पकाएं.
- जब यह मिश्रण ठंडा हो जाए, तो इसे मिक्सी में पीस लें. ध्यान रहे कि इसे बिल्कुल चिकना नहीं पीसना है, बल्कि थोड़ा दरदरा या चंकी रखना है और पीसते समय पानी बिल्कुल नहीं मिलाना है.
- अब एक दूसरे पैन में थोड़ा सा तेल गरम करके जीरा चटकाएं. इसमें बारीक कटा प्याज और फ्रोजन मटर डालकर कुछ देर भूनें.
- इसके बाद गाजर, बीन्स और गोभी जैसी थोड़ी सख्त सब्जियां डालकर पानी के छींटे मारें और ढककर 5-6 मिनट पकाएं.
- जब ये थोड़ी पक जाएं, तब मशरूम और शिमला मिर्च जैसी सॉफ्ट सब्जियां भी मिला दें.
- अब सब्जियों में हल्दी, लाल मिर्च और धनिया पाउडर डालकर अच्छी तरह मिलाएं.
- इसके बाद तैयार किया हुआ दरदरा मसाला इसमें डालें और सब्जियों के साथ 5-6 मिनट तक अच्छी तरह भूनें.
- अब इसमें थोड़ा सा गरम पानी, पनीर के टुकड़े और कसूरी मेथी क्रश करके डालें.
- सब्जी में रिचनेस लाने के लिए अंत में 2-3 चम्मच मलाई या क्रीम और एक बड़ा चम्मच घी या बटर जरूर मिलाएं.
- बस आपका गरमा-गरम और टेस्टी लाहौरी वेज कीमा तैयार है. इसे आप हरे धनिए से गार्निश करें और लच्छा पराठा या नान के साथ मजे से खाएं.
ये भी पढ़ें- आज क्या बनाऊं: घर पर बनाएं McD स्टाइल पनीर बर्गर, स्वाद ऐसा कि बाहर का खाना भूल जाएंगे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं