विज्ञापन

आलू के फ्राइस नहीं, इस बार ट्राई करें बेसन फ्राइस, नोट करें Chef Ranveer Brar की खास रेसिपी

अगर आप चाय के साथ कुछ नया, कुरकुरा और मजेदार ट्राई करना चाहते हैं, तो शेफ रणवीर बराड़ की बेसन फ्रेंच फ्राइस रेसिपी आपके काम की है. नोट करें रेसिपी.

आलू के फ्राइस नहीं, इस बार ट्राई करें बेसन फ्राइस, नोट करें Chef Ranveer Brar की खास रेसिपी
शेफ रणवीर बराड़ की बेसन वाली रेसिपी जीत लेगी दिल
NDTV

फ्रेंच फ्राइस का नाम सुनते ही सबसे पहले आलू याद आते हैं, लेकिन अगर वही फ्राइस एक नए अंदाज में घर पर बन जाएं तो मजा दोगुना हो सकता है. शेफ रणवीर बराड़ की बेसन फ्रेंच फ्राइस ऐसी ही एक दिलचस्प रेसिपी है, जो आम स्नैक्स से थोड़ी अलग और स्वाद में काफी मजेदार है. अगर घर में बच्चों को शाम के नाश्ते में कुछ अलग चाहिए तो यह रेसिपी एक अच्छा ऑप्शन हो सकती है.

बेसन फ्राइज कैसे बनाएं?

सामग्री

बैटर के लिए

  • बेसन (1 कप)
  • दही (½ कप हल्का खट्टा)
  • गरम मसाला (½ छोटा चम्मच)
  • लाल मिर्च पाउडर (1 छोटा चम्मच)
  • अदरक-लहसुन का पेस्ट (1 छोटा चम्मच)
  • हल्दी पाउडर (½ छोटा चम्मच)
  • नमक (स्वादानुसार)
  • पानी (½ कप)
  • तेल (1 बड़ा चम्मच)
  • ऊपर से छिड़कने के लिए चाट मसाला

बेसन फ्राइज बनाने की पूरी विधि

  1. सबसे पहले एक बड़े बाउल में बेसन, दही, पानी, अदरक-लहसुन का पेस्ट, हल्दी, लाल मिर्च, गरम मसाला और नमक डालें.
  2. इसे अच्छी तरह फेंट लें ताकि घोल में गांठें न रहें. 
  3. बैटर जितना स्मूद होगा, फ्राइस का टेक्सचर उतना ही अच्छा आएगा. 

अब बैटर को पकाना है

  1. एक पैन में 1 बड़ा चम्मच तेल गरम करें. 
  2. इसमें तैयार बेसन का घोल डाल दें.
  3. अब इसे लगातार चलाते हुए पकाएं. 
  4. कुछ देर बाद यह मिश्रण गाढ़ा होने लगेगा. 
  5. आपको इसे तब तक पकाना है जब तक यह डो जैसी कंसिस्टेंसी में न आ जाए और पैन छोड़ने न लगे. 

ट्रे में फैलाकर सेट करें

  1. अब एक ट्रे या प्लेट को हल्का सा ग्रीस कर लें.
  2. तैयार गर्म मिश्रण को इसमें समान रूप से फैला दें.
  3. कोशिश करें कि इसकी मोटाई एक जैसी रहे, ताकि कटने पर सभी फ्राइस लगभग बराबर आकार की बनें.
  4. इसे 15 से 20 मिनट के लिए ठंडा होने दें। चाहें तो जल्दी सेट करने के लिए फ्रिज में भी रख सकते हैं.

 फ्रेंच फ्राइस की तरह काटें

  1. जब मिश्रण अच्छी तरह सेट हो जाए, तो इसे लंबी-लंबी स्टिक की तरह काट लें.
  2. यही आपकी बेसन फ्रेंच फ्राइस हैं, जिन्हें अब सिर्फ तलना बाकी है.

 सुनहरा और क्रिस्पी होने तक तलें

  1. एक कड़ाही में तेल गरम करें. तेल मध्यम आंच पर होना चाहिए.
  2. अब कटी हुई बेसन फ्राइस को बैच में डालकर सुनहरा और कुरकुरा होने तक डीप फ्राई करें.
  3. बहुत तेज आंच पर तलने से बाहर का हिस्सा जल्दी रंग पकड़ सकता है और अंदर का टेक्सचर सही नहीं बनेगा, इसलिए मीडियम फ्लेम पर तलना बेहतर रहेगा.

सर्व करने का सबसे स्वादिष्ट तरीका

  1. तली हुई गरमागरम फ्राइस को प्लेट में निकालें और ऊपर से हल्का चाट मसाला छिड़क दें.
  2. इन्हें हरी चटनी, इमली की चटनी या टोमैटो केचप के साथ परोसा जा सकता है.

इसे भी पढ़ें: प्लेन के पीछे आखिर क्यों बनती है सफेद लकीर? इसका सच जानकर रह जाएंगे हैरान

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
French Fries, Ranveer Brar Recipes, Evening Snacks, Besan Snacks, Fries Recipe
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com