विज्ञापन

क्या अंडे 100% शाकाहारी होते हैं? अंडे को शाकाहारी कैसे बनाएं...

अंडा शाकाहारी है या मांसाहारी? जानिए फर्टिलाइज्ड और अनफर्टिलाइज्ड अंडे में क्या अंतर होता है, बाजार में मिलने वाले ज्यादातर अंडे कैसे बनते हैं और बिना अंडे के प्रोटीन के कौन-कौन से विकल्प मौजूद हैं.

क्या अंडे 100% शाकाहारी होते हैं? अंडे को शाकाहारी कैसे बनाएं...
अंडा शाकाहारी है या मांसाहारी?
NDTV

क्या आपको लगता है कि हर अंडे के अंदर एक चूजा होता है? अगर हां, तो यह स्टोरी आपको चौंका सकती है. बाजार में मिलने वाले ज्यादातर अंडे ऐसे होते हैं जिनसे कभी चूजा नहीं निकल सकता. यही वजह है कि अंडा शाकाहारी है या मांसाहारी, इस बहस पर आज भी लोग बंटे हुए हैं.

हमारे देश में जब भी खाने की टेबल पर अंडे का जिक्र आता है, एक गरमा-गरम बहस छिड़ जाती है. एक तरफ वो लोग हैं जो कहते हैं कि अंडा तो मुर्गी देती है, इसलिए यह पूरी तरह नॉन-वेज है. वहीं दूसरी तरफ जिम जाने वाले और नई पीढ़ी के लोग इसे सुपरफूड मानकर बड़े चाव से खाते हैं और इसे वेज बताते हैं.

अक्सर लोग पूछते हैं कि क्या अंडा 100% शाकाहारी हो सकता है? क्या बाजार में कोई ऐसा अंडा आता है जो बिना जीव हत्या के बनता है? अगर आप भी इस उलझन में फंसे हैं, तो आज इस पूरे मामले की सच्चाई समझ लेते हैं.

शाकाहारी लोगों के 4 तरीके: आप किस कैटेगरी में आते हैं?

दुनिया भर में हर शाकाहारी इंसान का खान-पान एक जैसा नही होता. कोई दूध पीता है, कोई शहद छोड़ देता है, तो कोई अंडे खाता है. इसे मुख्य रूप से चार भागों में बांटा गया है:

वीगन (Vegan): ये लोग किसी भी जानवर से मिलने वाली चीज को हाथ नही लगाते. ना मांस, ना मछली, ना दूध, ना दही और ना ही अंडा या शहद.
लैक्टो वेजिटेरियन (Lacto Vegetarian): हमारे भारत में ज्यादातर लोग इसी में आते हैं. ये मांस-मछली और अंडा नही खाते, लेकिन दूध, पनीर, घी और मक्खन आराम से खाते हैं.
लैक्टो-ओवो वेजिटेरियन (Lacto-Ovo Vegetarian): ये लोग मांस नही खाते, लेकिन अपनी डाइट में दूध की चीजों के साथ-साथ अंडे को भी शामिल कर लेते हैं.
ओवो वेजिटेरियन (Ovo Vegetarian): ये वो लोग हैं जो दूध और उससे बनी चीजें तो नही पचा पाते या छोड़ देते हैं, पर प्रोटीन के लिए अंडा जरूर खाते हैं.

Also Read: आयाम सेमानी, दुनिया की सबसे महंगी मुर्गी, जिसके अंडे के आगे फेल हैं महंगे प्रोटीन पाउडर

अंडा शाकाहारी है या मांसाहारी?

वैज्ञानिक दृष्टिकोण से अनफर्टिलाइज्ड अंडे में भ्रूण (Embryo) या विकसित होने वाली कोई जीवित संरचना नहीं होती. इसी वजह से कुछ लोग इसे शाकाहारी मानते हैं. हालांकि धार्मिक, सांस्कृतिक और व्यक्तिगत मान्यताओं के आधार पर कई लोग इसे अब भी मांसाहारी श्रेणी में रखते हैं.

क्या हर अंडे से चूजा निकल सकता है?

नहीं. बाजार में मिलने वाले अधिकांश अंडे लगभग 100% अनफर्टिलाइज्ड होते हैं, जिनसे कभी चूजा नहीं निकल सकता. चूजा केवल फर्टिलाइज्ड अंडे से ही निकल सकता है, जिसे उचित तापमान और परिस्थितियां मिलें.

आखिर अंडे को वेज मानने वाले लोग क्या तर्क देते हैं?

विज्ञान और तर्क की नजर से देखें तो अंडे को शाकाहारी मानने के पीछे एक सीधा कारण है. जिस तरह गाय या भैंस के शरीर से दूध निकलता है और इसके लिए जानवर को मारा नही जाता, ठीक वैसे ही मुर्गी भी अंडा देती है.

भारतीय परंपरा और धार्मिक सोच में अंडे को मांस की श्रेणी में रखा गया है, क्योंकि यह पक्षी के शरीर का हिस्सा है. लेकिन पश्चिमी देशों में इसे एनीमल प्रोडक्ट माना जाता है, मांस नही. वहां इसे वेज डाइट का हिस्सा माना जाना आम बात है.

भारत में अंडे को वेज माना जाता है या नॉनवेज?

भारत में आमतौर पर अंडे को नॉनवेज माना जाता है, इसलिए अधिकतर शाकाहारी परिवार इसे अपनी डाइट में शामिल नहीं करते. हालांकि कुछ लोग खुद को "एगिटेरियन" या "ओवो-वेजिटेरियन" मानते हैं और अंडा खाते हैं.

वीगन लोग अंडा क्यों नहीं खाते?

वीगन लोग किसी भी पशु या पक्षी से मिलने वाले उत्पादों का सेवन नहीं करते. इसलिए वे मांस, मछली, दूध, दही, पनीर, शहद और अंडे सभी से परहेज करते हैं. Also Read: अंडा छीलने में होती है परेशानी? पानी में मिलाएं ये 1 चीज, यूं निकल आएगा छिलका

    जिम करने वाले लोग अंडा क्यों खाते हैं?

    अंडे में उच्च गुणवत्ता वाला प्रोटीन, सभी आवश्यक अमीनो एसिड और विटामिन B12 जैसे पोषक तत्व होते हैं. इसी कारण जिम जाने वाले लोग मसल रिकवरी और मसल बिल्डिंग के लिए इसे पसंद करते हैं. हालांकि अच्छी योजना वाली शाकाहारी डाइट से भी पर्याप्त प्रोटीन प्राप्त किया जा सकता है.

    क्या बाजार में मिलने वाले सभी अंडे अनफर्टिलाइज्ड होते हैं?

    अधिकांश कमर्शियल पोल्ट्री फार्म में मिलने वाले अंडे अनफर्टिलाइज्ड होते हैं. इन्हें खाने के लिए तैयार किया जाता है और इनमें से चूजा नहीं निकल सकता.

    क्या अंडा खाए बिना भी बॉडी बन सकती है?

    बिल्कुल. सोयाबीन, टोफू, पनीर, दालें, दूध, दही, चना, राजमा और अन्य हाई-प्रोटीन शाकाहारी खाद्य पदार्थों की मदद से भी मसल्स बनाई जा सकती हैं. कई एथलीट और फिटनेस उत्साही लोग पूरी तरह शाकाहारी डाइट पर भी अच्छा प्रदर्शन करते हैं.

    क्या प्लांट-बेस्ड एग पूरी तरह शाकाहारी होते हैं?

    हां. प्लांट-बेस्ड एग आमतौर पर मूंग दाल, सोया, चिया सीड्स और अन्य पौधों से तैयार किए जाते हैं. इनमें किसी भी प्रकार का पशु या पक्षी उत्पाद शामिल नहीं होता, इसलिए इन्हें 100% शाकाहारी विकल्प माना जाता है. Also Read: अंडे और चिकन से भी ज्यादा पॉवरफुल ये साधारण सा पत्ता, जानें किन लोगों को और कैसे करना चाहिए डाइट में शामिल

    अंडा वेज है या नॉनवेज, इसका सबसे सही जवाब क्या है?

    इस सवाल का जवाब आपके दृष्टिकोण पर निर्भर करता है. विज्ञान के अनुसार अनफर्टिलाइज्ड अंडे में विकसित होता हुआ जीव नहीं होता, जबकि धर्म और परंपराएं इसे अलग तरह से देख सकती हैं. इसलिए अंडा वेज है या नॉनवेज, इसका अंतिम फैसला अक्सर व्यक्ति की मान्यताओं और भोजन संबंधी पसंद पर निर्भर करता है.

    अनफर्टिलाइज्ड और फर्टिलाइज्ड अंडे में क्या अंतर है?

    अंडे के शाकाहारी होने का सबसे बड़ा राज छुपा है इसके बनने के तरीके में. बहुत से लोग सोचते हैं कि हर अंडे के अंदर एक छोटा चूजा सांस ले रहा होता है, जबकि ऐसा बिल्कुल नही है.

    अनफर्टिलाइज्ड अंडा (Unfertilized Egg): मुर्गी की यह प्राकृतिक बनावट होती है कि वह बिना किसी मुर्गे (Rooster) के संपर्क में आए भी अपने आप अंडे देती रहती है. इन अंडों में कोई भ्रूण या जान नही होती. आप इन पर मुर्गी को महीनों बैठा कर रख लें, इसमें से कभी कोई चूजा नही निकलेगा.
    फर्टिलाइज्ड अंडा (Fertilized Egg): जब मुर्गा और मुर्गी का मिलन होता है, तब जो अंडा बनता है उसमें जान होती है. अगर उसे सही तापमान और माहौल मिले, तो उसमें से बच्चा निकल सकता है.

    अब पते की बात यह है कि जो अंडे पोल्ट्री फार्म से हमारे घरों और दुकानों तक आते हैं, वे लगभग 100% अनफर्टिलाइज्ड होते हैं. फार्म में मुर्गियों को अलग रखा जाता है. यानी इन अंडों में कोई जान नही होती और ना ही इन्हें खाने से किसी जीव की ह्त्या होती है. इसी आधार पर बहुत से लोग इसे शाकाहारी मानते हैं. Also Read: अंडा ताजा है या खराब? सिर्फ 10 सेकंड में ऐसे करें पता, FSSAI ने बताया आसान तरीका

    अंडे को पूरी तरह शाकाहारी कैसे बनाएं?

    अगर आपकी अंतरात्मा मुर्गी का अंडा खाने की इजाजत नही देती, लेकिन आपको अंडे जैसे फायदे या स्वाद चाहिए, तो आज के समय में इसके कई शानदार विकल्प मौजूद हैं:

    प्लांट बेस्ड एग (Plant-Based Eggs): आजकल बाजार में मूंग दाल, सोया और चिया सीड्स से बने वीगन अंडे मिलने लगे हैं. ये बिल्कुल असली अंडे की तरह दिखते हैं, इनका स्वाद भी वैसा ही होता है और इनमें भरपूर प्रोटीन होता है. इन्हें आप 100% शाकाहारी अंडा कह सकते हैं.
    बेकिंग में अंडे का विकल्प: अगर आप केक या पेस्ट्री में अंडा नही डालना चाहते, तो उसकी जगह मैश किया हुआ केला, सेब की प्यूरी, या फिर पानी में भीगे हुए अलसी के बीज का पेस्ट इस्तेमाल कर सकते हैं.

    अगर अंडा बिल्कुल न खाना हो, तो प्रोटीन कहां से लें?

    बहुत से लोगों को लगता है कि अगर अंडा नही खाया तो शरीर कमजोर हो जाएगा या मसल्स नही बनेंगी. यह सिर्फ एक वहम है. हमारी शाकाहारी थाली में प्रोटीन के कई बेहतरीन स्रोत मौजूद हैं:

    दालें और राजमा-छोले: हमारे घर की अरहर, मूंग या चने की दाल प्रोटीन का खजाना हैं. राजमा, छोले और लोबिया में प्रोटीन के साथ-साथ भरपूर फाइबर भी होता है, जो पेट को दुरुस्त रखता है.
    टोफू और सोयाबीन: सोयाबीन को प्रोटीन का राजा कहा जाता है. टोफू सोयाबीन के दूध से बनता है और यह पनीर जैसा दिखता है. इसमें पनीर से कम फैट और बढ़िया प्रोटीन होता है.
    नट्स और बीज: बादाम, अखरोट, कद्दू के बीज और सूरजमुखी के बीज रोज मुट्ठी भर खाने से शरीर को अच्छी क्वालिटी का प्रोटीन और हैल्दी फैट्स मिलते हैं.
    पनीर और दही: अगर आप दूध पीते हैं, तो रोजाना 50-100 ग्राम पनीर या एक कटोरी ताजा दही आपके दिनभर की प्रोटीन की जरूरत को बहुत आसानी से पूरा कर देती है.

    आखिर में फैसला आपका है

    अंडा शाकाहारी है या नही, इसका कोई एक सीधा जवाब नही हो सकता जो सबको मंजूर हो. विज्ञान के हिसाब से जिस अंडे में जान नही है, उसे शाकाहारी माना जा सकता है. लेकिन अगर आपके पारिवारिक संस्कार, धर्म या विचार इसे स्वीकार नही करते, तो आप पर कोई दबाव नही है. सेहत बनाने के लिए अंडा खाना कोई मजबूरी नही है, क्योंकि शाकाहारी भोजन में भी पोषण की कोई कमी नही है. आपको जो सही लगे और जिससे आपका मन शांत रहे, वही खाइए.

    पूरी स्टोरी पढ़ें

    NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

    फॉलो करे:
    Food, Egg
    Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com