विज्ञापन

डेढ़ साल के बच्चे को क्या खिलाएं? एक्‍सपर्ट ने बताए हाइट बढ़ाने में मदद करने वाले 5 सुपरफूड्स

मेरी तरह हर मां को अपने बच्चे की ग्रोथ को लेकर चिंता रहती है. क्या आप अपने बच्चे के हाइट को लेकर परेशान हैं? यहां जानते हैं बच्चों की हाइट बढ़ाने वाली चीजों की लिस्ट-

डेढ़ साल के बच्चे को क्या खिलाएं? एक्‍सपर्ट ने बताए हाइट बढ़ाने में मदद करने वाले 5 सुपरफूड्स
Kids Height Increase Foods : बच्चों की हाइट कैसे बढ़ाएं?

अक्सर मुझे अपने बच्चे की ग्रोथ को लेकर चिंता सताती रहती है. मेरा 19 महीने का बेटा एक प्रीटर्म बेबी है, जो सिर्फ 1100 ग्राम बर्थ वेट के साथ पैदा हुआ था. शुरू में मुझे उसके वजन को लेकर काफी चिंता रहती थी. इसका वजन बढ़ाने के लिए मैंने 6 महीने के बाद वो सारी चीजें खिलानी शुरू कर दी, जो डॉक्टर्स और सोशल मीडिया पर कहा जाता था. 

आज वो 19 महीने का हो गया है, जिसका वजन 9 किलो के आसपास है. शायद ये वजन दूसरे बच्चों की तुलना में कम हो, लेकिन मेरे लिए उसकी एक बड़ी अर्चीवमेंट है. इतना लंबा समय तय करने के बाद मुझे अब वजन से ज्यादा उसके हाइट को लेकर चिंता सताने लगी है, क्योंकि 19 महीने में एक बच्चे की जितनी हाइट होनी चाहिए, उससे कुछ प्रतिशत कम है.

ऐसे में अक्सर मेरे मन में एक सवाल रहता है, 'मैं ऐसा क्या खिलाऊं, जिससे उसकी हाइट तेजी से बढ़े.' इसी तरह के सवाल अगर आपके मन में भी रहते हैं, तो इसका जवाब हम आपको यहां देंगे. क्योंकि अपने इस सवाल को लेकर मैंने डायटीशियन एंड लैक्टेशन कंसल्टेंट से बात की. उन्होंने मुझे जो सलाह दी, वो मैं आपके साथ शेयर करने जा रही हूं. आइए मधुकर रेनबो चिल्ड्रेन हॉस्पिटल की डायटीशियन एंड लैक्टेशन कंसल्टेंट डायटीशयन. समीक्षा कालरा से जानते हैं बच्चों की हाइट बढ़ाने के लिए उसे क्या खिलाएं?

दूध और मिल्क प्रोडक्ट्स बच्चों की बढ़ा सकता है हाइट

दूध कैल्शियम, प्रोटीन और विटामिन D का बेहतरीन स्रोत है. ये पोषक तत्व हड्डियों को मजबूत बनाते हैं और उनकी लंबाई बढ़ाने में मदद करते हैं. बच्चों को रोजाना दूध, दही, पनीर और छाछ जैसी चीजें देना फायदेमंद हो सकता है.

अंडा और प्रोटीन युक्त खाद्य पदार्थ

अंडे में उच्च गुणवत्ता वाला प्रोटीन, विटामिन B12 और कई जरूरी मिनरल्स पाए जाते हैं, जो शरीर के विकास और मांसपेशियों की ग्रोथ के लिए जरूरी हैं. यदि बच्चा अंडा नहीं खाता है, तो उसकी जगह दालें, राजमा, छोले, सोयाबीन और पनीर दिए जा सकते हैं.

बच्चों को खिलाएं हरी पत्तेदार सब्जियां

पालक, मेथी, सरसों और अन्य हरी सब्जियों में आयरन, कैल्शियम, फोलेट और फाइबर भरपूर मात्रा में होता है. ये शरीर को जरूरी पोषण प्रदान करती हैं और बच्चों की स्वस्थ ग्रोथ को सपोर्ट करती हैं.

फल और ड्राई फ्रूट्स भी हाइट बढ़ाने के लिए है बेस्ट

केला, सेब, संतरा, पपीता और अमरूद जैसे फल विटामिन और एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होते हैं. वहीं बादाम, अखरोट और किशमिश जैसे ड्राई फ्रूट्स शरीर को हेल्दी फैट, प्रोटीन और मिनरल्स देते हैं, जो बच्चों के संपूर्ण विकास के लिए जरूरी हैं.

साबुत अनाज और दालें

रोटी, दलिया, ओट्स, ब्राउन राइस और विभिन्न प्रकार की दालें बच्चों को ऊर्जा देने के साथ-साथ प्रोटीन और फाइबर भी प्रदान करती हैं. ये ग्रोथ के दौरान शरीर की जरूरतों को पूरा करते हैं और बच्चों को एक्टिव रखते हैं.

पर्याप्त नींद भी है जरूरी

डायटीशिन कहती हैं कि सिर्फ अच्छा खाना ही नहीं, बल्कि अच्छी नींद भी बच्चों की लंबाई बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है. ग्रोथ हार्मोन मुख्य रूप से गहरी नींद के दौरान निकलते हैं. इसलिए छोटे बच्चों को उम्र के अनुसार पर्याप्त नींद दिलाना जरूरी है.

फिजिकल एक्टिविटी पर भी दें ध्यान

अगर आप चाहते हैं कि आपके बच्चे की हाइट अच्छी हो, तो उसके लिए आउटडोर गेम्स भी जरूरी है. स्वीमिंग, साइकलिंग जैसी एक्टिविटी से बच्चों के मसल्स मजबूत होते हैं, जो हाइट को भी बढ़ावा दे सकते हैं.

ये भी पढ़ें - बड़ों की तरह बच्चों से ना करवाइए डाइटिंग, उल्टा पड़ सकता है ये काम

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Height Adhane Ke Upay, Height Diet, Height And Health, Child Growth, Food
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com