हिन्दू धर्म में रक्षाबंधन का पर्व बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है. ये त्योहार भाई-बहन के प्रेम और मजबूत रिश्ते का प्रतीक माना जाता है. इस दिन बहनें अपने भाई की कलाई में रक्षा सूत्र यानी राखी बांधती हैं और लंबी उम्र की कामना करती हैं. वहीं, भाई बहनों को उपहार देते हैं और हर वक्त रक्षा करने का संकल्प लेते हैं. पंचांग के अनुसार रक्षा बंधन का पर्व सावन महीने की पूर्णिमा तिथि को मनाया जाता है. इस साल के रक्षाबंधन पर चंद्रग्रहण का भी साया पड़ रहा है. वहीं, कुछ लोगों के मन में यह भी सवाल है कि क्या इस साल रक्षाबंधन पर भद्रा का साया रहेगा या नहीं. आज हम आपको इसी के बारे में बताने जा रहे हैं. आइए जानते हैं...
कब है रक्षा बंधन?
वैदिक पंचांग के अनुसार सावन महीने के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि की शुरुआत 27 अगस्त को सुबह 9 बजकर 8 मिनट पर हो रही है. वहीं, इस तिथि का समापन 28 अगस्त को सुबह 9 बजकर 48 मिनट पर हो रहा है. ऐसे में उदया तिथि को देखते हुए रक्षा बंधन 28 अगस्त दिन शुक्रवार को मनाया जाएगा.
क्या इस बार रहेगा भद्रा का साया?
हिन्दू पंचांग के अनुसार इस साल भद्रा काल 27 अगस्त को सुबह 9 बजकर 08 मिनट से रात 09 बजकर 32 मिनट तक है. वहीं, रक्षाबंधन 28 अगस्त को मनाया जाएगा. ऐसे में इस साल रक्षाबंधन पर भद्रा का साया नहीं रहेगा.

रक्षाबंधन पर चंद्र ग्रहण
इस साल रक्षाबंधन पर चंद्र ग्रहण भी लगने जा रहा है. लेकिन ये चंद्र ग्रहण भारत में नहीं दिखेगा, जिसके कारण इसका सूतक काल भी मान्य नहीं होगा. ऐसे में सभी लोग बिना किसी विघ्न के रक्षा बंधन के त्योहार को हर्षोल्लास के साथ मना सकते हैं.
क्या है राखी बांधने का शुभ समय?
ज्योतिष गणना के अनुसार रक्षाबंधन पर राखी बांधने का शुभ मुहूर्त 28 अगस्त को सुबह 6 बजकर 23 मिनट से लेकर सुबह 9 बजकर 48 मिनट तक रहेगा. इस अवधि में सभी बहनें अपने भाइयों को राखी बांध सकती हैं. वहीं, अगर आप इस मुहूर्त में राखी नहीं बांध पाती हैं, तो आप अभिजीत मुहूर्त में भी बांध सकती हैं. 28 अगस्त को अभिजीत मुहूर्त दोपहर 12:14 बजे से 1:05 बजे तक रहेगा.
Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.
यह भी पढ़ें: Diamond Astrology: हीरा पहनने से पहले जान लें ये बातें, इन लोगों को रत्न धारण करने से बचने की सलाह
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं