अपनी स्किन को हेल्दी और ग्लोइंग बनाने के लिए लोग अलग-अलग तरीके अपनाते हैं. इसके लिए कुछ महंगे-महंगे स्किन केयर प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करते हैं, तो कुछ कई तरह के घरेलू नुस्खे आजमाते हैं. इन्हीं नुस्खों में से एक है घी का इस्तेमाल. कुछ लोग अपने चेहरे पर ग्लो और निखार बढ़ाने के लिए घी का इस्तेमाल करते हैं. आपने अक्सर अपनी दादी-नानी को भी चेहरे पर घी लगाने की सलाह देते हुए सुना होगा. लेकिन क्या वाकई ऐसा करने से स्किन को कोई फायदा मिल सकता है? इसे लेकर मशहूर डर्मेटोलॉजिस्ट प्रियंका रेड्डी ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में उन्होंने बताया है कि चेहरे पर घी लगाने से क्या होता है और चेहरे पर घी लगाना चाहिए या नहीं, आइए जानते हैं इस बारे में-
क्या कहती हैं एक्सपर्ट?
वीडियो में डॉक्टर रेड्डी बताती हैं, पारंपरिक तरीके में घी को पानी के साथ 100 बार धोकर चेहरे पर लगाया जाता है. इसे शतधौत घृत कहा जाता है. लोग तांबे के बर्तन में घी डालते हैं, फिर इसमें ठंडा पानी डालते हैं और किसी कटोरी या लकड़ी के स्पैचुला की मदद से घी और पानी को एक ही दिशा में लगातार 2 से 3 मिनट तक फेंटा जाता है. इसके बाद पुराने पानी को निकाल दिया जाता है और दोबारा पानी डालकर घी को फेंटा जाता है. इस तरह कुल 100 बार घी को धोया जाता है.
ऐसा करने से घी एकदम क्रीम जैसा दिखने लगता है, साथ ही इसका टैक्सचर भी क्रीम जैसा ही हो जाता है. अब, इस तरह तैयार घी को चेहरे पर लगाने की सलाह दी जाता है. माना जाता है कि इससे चेहरे पर निखार आता है, दाग-धब्बे कम होने लगते हैं और स्किन पर ग्लो बढ़ जाता है. पुराने समय में इस तरह तैयार किए गए घी का इस्तेमाल घावों को भरने के लिए भी किया जाता था.
क्या इस घी को चेहरे पर लगाना चाहिए?इस सवाल को लेकर डर्मेटोलॉजिस्ट कहती हैं, घी को कई बार धोने के बाद भी इसमें कुछ फैटी एसिड मौजूद रहते हैं. ये कुछ लोगों की स्किन के पोर्स को बंद कर सकते हैं, जिससे चेहरे पर एक्ने और पिंपल की परेशानी बढ़ सकती है. खासकर अगर आपकी स्किन ऑयली है या बहुत सेंसिटिव है, तो आपको अपने चेहरे पर घी नहीं लगाना चाहिए.
क्या ड्राई स्किन पर घी लगाया जा सकता है?डॉक्टर प्रियंका रेड्डी बताती हैं, अगर आपकी स्किन बहुत ज्यादा ड्राई है, तो आप उन ड्राई हिस्सों पर घी का इस्तेमाल कर सकते हैं. जैसे आप फटी एड़ियों, कोहनी, घुटनों पर घी लगा सकते हैं. चेहरे पर जहां ड्राई पैच दिखें, वहां घी लगा सकते हैं, लेकिन पूरे चेहरे पर घी लगाने से बचें.
अगर चेहरे पर इस्तेमाल करना ही चाहते हैं, तो पहले थोड़ी सी मात्रा में लगाकर देखें. कुछ दिनों तक स्किन पर इसका असर देखें. अगर इससे चेहरे पर पिंपल्स, रेडनेस, जलन या खुजली जैसी कोई परेशानी हो, तो घी लगाना तुरंत बंद कर दें.
घर पर बनाया है तो लंबे समय तक न रखेंडर्मेटोलॉजिस्ट आगे कहती हैं, अगर आपने अपने घर पर इस तरह घी बनाया है, तो इसे लंबे समय तक स्टोर करके न रखें. घर पर बनाते समय आप घी में कोई प्रिजर्वेटिव नहीं डालते हैं, इससे ये जल्दी खराब हो सकता है. खराब घी लगाने से और परेशानी बढ़ सकती है.
स्किन एक्सपर्ट कहती हैं, देसी घी कुछ लोगों की ड्राई स्किन के लिए ठीक हो सकता है, लेकिन ये अच्छे मॉइस्चराइजर की जगह नहीं ले सकता है या उस तरह से स्किन को फायदा नहीं पहुंचा सकता है. स्किन की जरूरत के हिसाब से बनाया गया मॉइस्चराइजर ज्यादा अच्छा ऑप्शन होता है. इसलिए चेहरे पर देसी घी लगाने से पहले अपने स्किन टाइप को जरूर समझें. ड्राई स्किन वालों के लिए घी कुछ हद तक फायदेमंद हो सकता है, लेकिन ऑयली, पिंपल वाली और सेंसिटिव स्किन वालों को इससे दूरी बनाना ही बेहतर है.
यह भी पढ़ें- Upper Lips या ठुड्डी पर ज्यादा बाल आते हैं तो क्या करें? एक्सपर्ट ने बताया चेहरे के बाल कम करने का नुस्खा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं