एशियन गेम्स 2026 में तीसरा दिन भारत के लिए मिला जुला रहा. एक ओर जहां भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया. वहीं पुरुष हॉकी टीम ने श्रीलंका को 16-1 से रौंदकर अपने इरादे साफ कर दिए. दिलप्रीत सिंह की हैट्रिक और हरमनप्रीत सिंह के दमदार प्रदर्शन ने भारत की जीत को यादगार बना दिया. वहीं दूसरी तरफ टेबल टेनिस में भारत को बड़ा झटका लगा, जहां महिला टीम क्वार्टर फाइनल में नॉर्थ कोरिया से 0-3 से हारकर पदक की दौड़ से बाहर हो गई. कुल मिलाकर तीसरे दिन भारत ने गोल्ड और हॉकी में दबदबा दिखाया, लेकिन टेबल टेनिस में निराशा हाथ लगी. वहीं शूटिंग ने अब तक पांच मेडल जीते हैं, लेकिन भारत एक और मेडल जीतने से चूक गया क्योंकि एलावेनिल वालारिवन और पार्थ माने 10m एयर राइफल मिक्स्ड टीम फाइनल में चौथे स्थान पर रहे. बैडमिंटन में, महिला टीम का कैंपेन क्वार्टर-फाइनल में मेजबान जापान से 1-3 से हार के बाद खत्म हो गया. वुशु में, रोशिबिना देवी (महिलाओं की 60kg) में और बैडमिंटन में चिराग शेट्टी ने मेडल पक्का कर लिया है.
जिस शर्मनाक रिकॉर्ड से दुनिया भर के बल्लेबाज भागते हैं. वहीं अनचाहा रिकॉर्ड भारतीय टीम के विरस्फोट बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के नाम दर्ज हो गया है. वह एक कैलेंडर ईयर में टी20 फॉर्मेट के तहत सर्वाधिक बार डक होने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं. जापान के खिलाफ खेले जाने वाले एकमात्र टी20 इंटरनेशनल मुकाबले से पहले वह अफगान ऑलराउंडर राशिद खान और पूर्व पाक कप्तान शादाब खान के साथ संयुक्त रूप से एक स्थान पर थे. मगर चार्ली हारा हिंजे की पहली ही गेंद पर आउट होते हुए उन्होंने राशिद खान और शादाब खान को पीछे छोड़ दिया है और टी20 फॉर्मेट में एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा बार डक होने वाले दुनिया के पहल बल्लेबाज बन गए हैं. यहां पढ़ें पूरी खबर
एशियन गेम्स 2026 में मंगलवार को सानो इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भारत और जापान का रोमांचक मुकाबला खेला गया. बारिश और गीले मैदान की वजह से मैच 20-20 ओवरों की जगह 5-5 ओवरों का खेला गया. किसी ने नहीं सोचा था कि मुकाबला इतना रोमांचक होगा और टीम इंडिया जैसी विश्व चैंपियन और दिग्गजों से भरी टीम को एक अदने से देश के खिलाफ ऐसा संघर्ष करना पड़ेगा कि भारत आखिरी गेंद पर 2 रन से मैच जीतने में सफल होगा. बहरहाल, प्लेयर ऑफ द मैच रहे अय्यर ने हालात से पैदा हुए 5 ओवर के मैच की जटिलता और बाकी पहलुओं पर बोलते हुए जापान टीम की तारीफ की. मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुने जाने के बाद श्रेयस ने कहा, 'सच कहूं तो, यह बल्लेबाजी के लिए बहुत मुश्किल विकेट था. हमने ओपनर्स को भी देखा, जो लगातार रन बनाने के आदी हैं, लेकिन वे स्पिन की पेस को समझ नहीं पा रहे थे. मैं जब अंदर आया तो मैंने तय किया कि सिंगल्स और डबल्स लेना और जितना हो सके स्ट्राइक रोटेट करना जरूरी है. मैंने अपने साथ आए बल्लेबाज से भी बात की, लेकिन वह भी करना मुश्किल था.' यहां पढ़ें पूरी खबर
खेलों की दुनिया से बहुत गजब कहानियां-किस्से सामने आते रहते हैं. और जब बात अफगानिस्तानी महिलाओं की आती है, तो हालात क्या हैं, पूरी दुनिया के सामने हैं. लेकिन जब खेल के प्रति जुनून हो, तो चैंपियन रास्ता निकाल ही लेते हैं. और इसका उदाहरण एशियन खेलों में देखने को मिला. पुरुषों के वेश में अपने सपने को साकार करने वाली अफगानी महिला साईक्लिस्ट फरीबा हाशमी ने मंगलवार को रजत पदक जीता. साथ ही, उन्होंने उम्मीद जताई कि इससे ऐसे देश की अन्य महिलाओं को प्रेरणा मिलेगी जहां तालिबान अधिकारियों ने उनकी स्वतंत्रता पर भारी प्रतिबंध लगा दिए हैं. इटली में रहने वाली फरीबा हाशमी ने जापान के नागोया के पास महिलाओं की रोड रेस में दूसरा स्थान हासिल किया और इस जीत को "कुछ खास" बताया. यहां पढ़ें पूरी खबर
चोट से परेशान इंग्लैंड के तेज गेंदबाज मार्क वुड ने आखिरकार इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है. वुड ने आखिरी बार इंग्लैंड के लिए नवंबर में एशेज सीरीज के दौरान पर्थ टेस्ट में खेला था. इसके बाद, घुटने की चोट के कारण 36 साल के वुड सीरीज से बाहर हो गए थे. तब से उन्होंने कोई भी फ्रेंचाइजी क्रिकेट नहीं खेला है. एक बयान में वुड ने कहा कि उनका सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट खत्म हो रहा है, इसलिए इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने का यह "सही" समय लगता है. उन्होंने यह भी कहा कि चोट से उबरने के बाद वह हमेशा लोगों को गलत साबित करना और शानदार प्रदर्शन करना चाहते थे, लेकिन इस बार "वह यह लड़ाई हार गए हैं". यहां पढ़ें पूरी खबर
एशियन गेम्स 2026 के महिला क्रिकेट फाइनल में भारतीय टीम ने दमदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका को एकतरफा मुकाबले में 147 रन से हराकर लगातार दूसरा गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया. कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले गए इस खिताबी मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 216 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था. इसके जवाब में श्रीलंकाई टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने पूरी तरह बेबस नजर आई और कुल 69 रन बना सकी और मुकाबले को बड़े अंतर से गंवा बैठी. यहां पढ़ें पूरी खबर
एशियन गेम्स 2026 में जहां पिछले मैच में शेफाली वर्मा का जलवा था, तो फाइनल में टीम की उप-कप्तान स्मृति मंधाना ने आतिशी पारी खेलते हुए खुद का नाम इतिहास में दर्ज करा दिया. स्मृति मंधाना ने श्रीलंकाई बॉलरों की सुतली खोल 45 गेंदों पर 5 चौकों और 7 छक्कों से तूफानी 79 रन बनाते हुए इतिहास रच दिया. इस पारी के साथ स्मृति मंधाना ने इंटरनेशनल क्रिकेट में 11 हजार रन पूरे कर लिए. इसी के साथ ही मंधाना करीब 91 साल के वीमेंस क्रिकेट इतिहास में इस उपलब्धि को हासिल करने वाली पहली महिला खिलाड़ी बन गई. श्रीलंका के खिलाफ गोल्ड मेडल के लिए खेले जा रहे मुकाबले में मंधाना ने अपना अर्धशतक पूरा करने के साथ ही यह मुकाम हासिल किया. तीनों फॉर्मेट को मिलकर इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड पहले ही स्मृति मंधाना अपने नाम कर चुकी थीं. मंधाना ने इस मामले में पूर्व कप्तान मिताली राज को पीछे छोड़ा था. यहां पढ़ें पूरी खबर
भारतीय टीम की वीरेंद्र सहवाग कही जाने वाली शेफाली वर्मा अपने कुछ साल के करियर में अभी तक की सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में हैं. इसका एक और सबूत शेफाली ने मंगलवार को जापान में एशियाई खेलों में श्रीलंका के खिलाफ फाइनल में फिर से दिया. शेफाली ने 3 चौकों और इतने ही छक्कों से 48 रन की पारी खेली. और इसी पारी के साथ ही शेफाली वर्मा ने वीमेंस टी20 इतिहास में वह कर दिखाया, जो पिछले 23 साल के अंतरराष्ट्रीय इतिहास में पहले कोई दूसरी बल्लेबाज नहीं ही कर सकी. यहां पढ़ें पूरी खबर
जापान पहुंचते ही भारतीय खेमे में कई टीमों को पहले रहने, खाने और ट्रान्सपोर्ट की मुश्किलें पेश आईं थीं, जिसमें रोइंग टीम भी एक थी. भारतीय रोइंग टीम के लिए सोमवार की शाम और भी बड़ी मुश्किल सामने आ गई जब रोइंग के एथलीटों ने बगावत कर दी और प्रतियोगिता की ट्रेनिंग में उतरने से मना कर दिया. लेकिन क़रीब घंटे भर पहले रोइंग के अधिकारियों और कोच ने आख़िरकार अपनी टीम को प्रतियोगिता और ट्रेनिंग के लिए नावों में उतरने को तैयार कर लिया. यहां पढ़ें पूरी खबर
पूर्व कप्तान रोहित शर्मा अलग-अलग वजहों से हालिया समय में खासे चर्चा में चल रहे हैं. एक तरफ अगले साल विश्व में उन्हें लेकर चीफ सेलेक्टर और बीसीसीआई के बीच 'टकराव' रोहित को सुर्खियों में बनाए हुए है, तो वहीं शनिवार को पहली बार वह नए अवतार में SONT TV पर अवतरित हुए और पूरे देश में छा गए. रोहित ने "फैमिली फुल हाउस विद रोहित शर्मा" शो के साथ इंटरटेनमेंट की पिच पर पारी का आगाज किया. और इस पारी ने भी क्रिकेट पिच पर उनके तूफानी शॉटों की तरह करोड़ों फैंस का दिल जीत लिया. रोहित ने बता दिया कि वह मैदान पर बड़े-बड़े बॉलरों के छक्के छुड़ाते हैं, तो बतौर टीवी होस्ट भी वह कुछ ऐसा ही करने जा रहे हैं. बहरहाल, रोहित ने अपने पहले ही शो में हाल ही में टीम इंडिया से दूर रखे गए विकेटकीपर ऋषभ पंत को लेकर बड़ा खुलासा किया. यहां पढ़ें पूरी खबर
यह भी पढ़ें- जिस शर्मनाक रिकॉर्ड से कोसों दूर भागते हैं बल्लेबाज, उसमें नंबर-1 बन गए अभिषेक शर्मा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं