अगले साल होने वाले यूपी विधानसभा चुनाव से पहले आरोप-प्रत्यारोप और बयानबाजी का दौर जारी है. सत्ता पर काबिज भारतीय जनता पार्टी के दो सहयोगी दल निषाद पार्टी और सुभासपा भी इन दिनों काफी चर्चा में हैं. सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर ने हाल ही में यूपी को चार हिस्सों में बांटने की मांग रखी. वहीं निषाद पार्टी प्रमुख संजय निषाद का रुख इससे इतर दिखा. NTDV ने उत्तर प्रदेश की राजनीति में मुख्यमंत्री पद के चेहरे और यूपी के बंटवारे के मुद्दे पर सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर और निषाद पार्टी प्रमुख संजय निषाद से बात की. दोनों नेताओं ने आमने-सामने होकर अपनी बात रखी.
संजय निषाद ने क्या कहा?
संजय निषाद ने कहा कि अगर जातीय आधार पर मुख्यमंत्री बनाया जाएगा, तो मुख्यमंत्री निषाद समाज का बेटा बनना चाहिए, क्योंकि निषाद समाज की आबादी काफी ज्यादा है. उन्होंने कहा, "2017 में ओमप्रकाश राजभर बीजेपी के साथ नहीं थे, फिर भी हम चुनाव जीते थे. सभी जातियों को अवसर मिलना चाहिए." संजय निषाद ने यह भी कहा कि राजभर समाज मुख्य रूप से पूर्वांचल तक सीमित है, जबकि निषाद समाज पूरे प्रदेश में फैला हुआ है. उन्होंने कहा, 'शीशे के घर में रहने वाले पत्थर नहीं फेंकते.'
यूपी के बंटवारे की मांग पर उन्होंने कड़ा विरोध जताया. उन्होंने कहा कि अगर उत्तर प्रदेश का बंटवारा हुआ तो हालात 'नए पाकिस्तान' जैसे हो सकते हैं. उन्होंने तर्क दिया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मुस्लिम वोटों की संख्या अधिक है, इसलिए विभाजन सही नहीं होगा.
हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनका और ओमप्रकाश राजभर का कोई व्यक्तिगत मतभेद नहीं है. उन्होंने कहा, 'ओपी राजभर हमारे बड़े भाई हैं. हमारी पार्टी उनकी पार्टी है. कोई मनमुटाव नहीं है.'
ओमप्रकाश राजभर ने क्या कहा?
उत्तर प्रदेश को चार हिस्सों में बांटने और पूर्वांचल का मुख्यमंत्री राजभर समाज से होने संबंधी बयान पर ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि संजय निषाद जो कह रहे हैं, उसमें भी दम है. उन्होंने कहा कि उत्तराखंड का उत्तर प्रदेश से और झारखंड का बिहार से अलग होना किसी कारण से हुआ था. इसी तर्क के आधार पर उनकी पार्टी पिछले 24 वर्षों से यूपी के बंटवारे की मांग उठा रही है. राजभर ने कहा, "हमें अब भी उम्मीद है कि यूपी का विभाजन होगा."
उन्होंने आरक्षण व्यवस्था में बदलाव की भी वकालत की और कहा कि मौजूदा व्यवस्था की समीक्षा की जरूरत है. समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए राजभर ने कहा, 'समाजवादी पार्टी डूबती हुई नैया है. जिसे डूबना है, वह सपा में जाए.'
यह भी पढ़ें: यूपी को 4 हिस्सों में बांटने वाली बात क्यों कही? ओपी राजभर ने NDTV से बताया, OBC आरक्षण में कोटा पर भी बोले
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं