भारतीय क्रिकेट बोर्ड के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने मंगलवार को कहा कि जापान में होने वाले एशियाई खेलों में हिस्सा लेने वाले भारतीय क्रिकेटर आयोजन समिति की ओर से तय की गई जगह पर रहेंगे. विदेशी दौरों पर भारतीय टीम फाइव स्टार होटलों में ठहरती है. लेकिन नागओया में ऐसे होटलों की कमी है. साथ ही बीते दिनों खबर आई थी कि बीसीसीआई क्रिकेटर्स के लिए किए गए इंतजामों से खुश नहीं है. वहीं अब शुक्ला ने कहा कि नागओया में टॉप-रेटेड होटलों की कमी के कारण क्रिकेटरों के ठहरने की जगह को लेकर समस्या हुई थी. हालांकि, उन्होंने कहा कि क्रिकेटरों के ठहरने की जगह कोई बड़ी समस्या नहीं है और बोर्ड और खिलाड़ी इस व्यवस्था से संतुष्ट हैं.
'फाइव-स्टार होटल नहीं हैं, लेकिन सुविधा अच्छी'
भारतीय दल की विदाई समारोह में शुक्ला ने कहा,"वे (आयोजक) जो भी सुविधा दे रहे हैं, हम वहीं रहेंगे और हम इस बात पर नजर रख रहे हैं कि किस तरह की सुविधा दी जा रही है ताकि हमारे खिलाड़ी आरामदायक स्थिति में रहें. निश्चित रूप से वे फाइव-स्टार होटल नहीं हैं, लेकिन अच्छी सुविधा है." "हमारे क्रिकेटरों को जो सुविधा दी गई है, उसकी तस्वीरें और वीडियो हमारे पास हैं, इसलिए मुझे लगता है कि यह आरामदायक है. वे (क्रिकेटर) वहां जाएंगे और रहेंगे क्योंकि इसके अलावा ओसाका या टोक्यो में ठहराने का विकल्प था, जो बहुत दूर है."
समस्या सुलझा ली गई- पीटी उषा
इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन की अध्यक्ष पीटी उषा ने भी कहा कि समस्या सुलझा ली गई है, लेकिन अभी भी इस बात को लेकर कुछ स्पष्टता की कमी है कि क्रिकेटरों के लिए कमरे किसने बुक किए.
पीटी उषा ने न्यूज एजेंसी पीटीआई से कहा,"मुझे नहीं लगता कि कोई समस्या है. हमने पहले ही होटल बुक कर लिए हैं. हम हर खिलाड़ी के लिए होटल के कमरे बुक नहीं कर सकते क्योंकि ठहरने की व्यवस्था एथलीट विलेज जैसी नहीं है. आयोजक एक जहाज और छोटे विला भी उपलब्ध करा रहे हैं." "हमने खिलाड़ियों (अन्य एथलीटों) के लिए भी होटल के कमरे बुक किए. और क्रिकेटरों के लिए बीसीसीआई ने भी होटल बुक किया है. नागओया या जापान में जो भी सबसे अच्छा होटल है, क्रिकेटरों को वही मिलेगा, ठीक वैसे ही जैसे दूसरों अन्य एथलीटों को मिलता है."
होटल से ज्यादा मैदान की समस्या
शुक्ला ने कहा कि क्रिकेटर ट्विन-शेयरिंग कमरों में नहीं, बल्कि अलग-अलग कमरों में रहेंगे. टीम 20 सितंबर को टोक्यो के लिए रवाना होगी और 22 सितंबर को जापान के खिलाफ एक ऐतिहासिक T20 मैच खेलेगी. भारत अपने एशियाई खेलों के अभियान की शुरुआत 28 सितंबर को करेगा.
शुक्ला ने कहा,"समस्या यह थी कि नागोया में बहुत ज़्यादा होटल नहीं हैं. टोक्यो और ओसाका दोनों ही बुलेट ट्रेन से डेढ़ घंटे की दूरी पर हैं. लेकिन एशियाई खेलों में सभी प्रतिभागी एक परिवार की तरह होते हैं. यह अच्छा नहीं लगता कि कुछ टीमें टोक्यो में रहें और कुछ ओसाका में, इसलिए यह तय किया गया है कि हमारे खिलाड़ी वहीं (नागोया में) होटल में ठहरेंगे."
उन्होंने रहने की जगह से जुड़ी समस्या को कम करके आंका और कहा कि मुख्य मुद्दा मैदान, विकेट और ड्रेसिंग रूम की हालत थी. बीसीसीआई उपाध्यक्ष ने आगे कहा,"बड़ी समस्या मैदान, विकेट और ड्रेसिंग रूम की थी. उन्होंने (आयोजकों ने) उन चीज़ों पर ध्यान दिया है. एशियन क्रिकेट काउंसिल की टीम वहां गई थी और अब वे (एसीसी टीम) मैदान, विकेट और ड्रेसिंग रूम से संतुष्ट हैं. सब कुछ ठीक है."
किसने की क्रिकेटरों के लिए व्यवस्था
जब उनसे पूछा गया कि क्रिकेटरों के रहने की व्यवस्था किसने की है, तो शुक्ला ने कहा,"इसका आयोजन इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन, एशियाई खेल आयोजन समिति और जापान क्रिकेट एसोसिएशन कर रहे हैं. "बैंकॉक में हुई एसीसी की बैठक में, जिसमें मैंने भी हिस्सा लिया था, अलग-अलग देशों के 52 प्रतिनिधि मौजूद थे. जापानी प्रतिनिधि ने हमें पूरी जानकारी दी और भरोसा दिलाया कि खिलाड़ियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी इंतजाम किए जाएंगे. उन्होंने होटल उपलब्ध कराए हैं. अगर कोई कमी या खामी होगी, तो हम उसे ठीक करेंगे."
हालांकि, उन्होंने उन होटलों के बारे में कोई जानकारी देने से इनकार कर दिया जहां खिलाड़ी ठहरेंगे. "मेरे पास होटलों की जानकारी नहीं है, इसलिए मैं उस पर कोई टिप्पणी नहीं कर सकता, लेकिन निश्चित रूप से आरामदायक रहने की व्यवस्था की जाएगी."
भारत चीन में हुए पिछले एशियाई खेलों में पुरुष और महिला दोनों ही प्रतियोगिताओं में डिफेंडिंग चैंपियन है. राजीव शुक्ला ने जापान के खिलाफ मुकाबले को लेकर भी बात कही. उन्होंने कहा,"भारत निश्चित रूप से वहां अच्छा प्रदर्शन करेगा. हमारा 22 सितंबर को एक मैच भी है. यह जापान में पहला मैच होगा. एशियाई खेलों के लिहाज़ से इसका आयोजन बहुत अच्छे तरीके से किया जा रहा है. हमारा 'बी' टीम भेजना पूरी तरह से अफ़वाह है. हमारी पूरी टीम सबसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के साथ जा रही है और मुझे उम्मीद है कि हम निश्चित रूप से जीतेंगे."
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान बनाम इंग्लैंड तीसरा टेस्ट: कितने बजे होगा शुरू, भारत में कहां देख पाएंगे लाइव, दुनिया भर की नजरें
यह भी पढ़ें: भारतीय क्रिकेट में ChatGPT की एंट्री, BCCI ने 130 करोड़ रुपये की डील से मचाई धूम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं