विज्ञापन

सज गया मंच, एशियन गेम्स से पहले भारत-जापान के बीच क्रिकेट के मैदान में होगा जंग, बीसीसीआई ने किया ऐलान

भारत और जापान की पुरुष क्रिकेट टीम के बीच एक टी20 इंटरनेशनल मुकाबला खेला जाएगा. जिसका गवाह सानो इंटरनेशनल स्टेडियम बनेगा.

सज गया मंच, एशियन गेम्स से पहले भारत-जापान के बीच क्रिकेट के मैदान में होगा जंग, बीसीसीआई ने किया ऐलान
भारतीय खिलाड़ी

क्रिकेट के गलियारों से बड़ी खबर निकलकर सामने आ रही है. भारत और जापान के बीच जारी माह की 22 तारीख को एक टी20 इंटरनेशनल मुकाबला खेला जाएगा. दोनों टीमें इस मैच के लिए सानो अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में आमने-सामने होंगी. जिसकी आधिकारिक तौर पर पुष्टि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड की तरफ से की गई है. बीसीसीआई की तरफ से जारी किए गए बयान में बताया गया है, 'जापान क्रिकेट एसोसिएशन और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यह घोषणा करते हुए काफी खुश है कि दोनों देशों की पुरुष टीमें भारत-जापान राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ के समारोहों की शुरुआत के लिए एक टी20 इंटरनेशनल मुकाबला खेलेंगी.'

बयान में आगे बताया गया है, 'यह मुकाबला 'स्पोर्ट 75' पहल की पहली कड़ी होगी. यह पहल जापान की प्रधानमंत्री सानाए ताकाइची और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच हुए शिखर सम्मेलन समझौते से प्रेरित है. जिसका उद्देश्य खेलों के क्षेत्र में भारत और जापान के बीच मानव आदान-प्रदान और सहयोग को बढ़ावा देना है. साथ ही यह भारत की 2036 ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी करने की महत्वाकांक्षा को भी ध्यान में रखता है.'

सीरीज का नाम रखा गया 'सुजुकी कप'

भारत और जापान के बीच खेले जाने वाले इस एकमात्र मुकाबले की सीरीज को 'सुजुकी कप' नाम दिया गया है. बीसीसीआई के मौजूदा सचिव देवजीत सैकिया का कहना है, 'बीसीसीआई इस ऐतिहासिक मौके का हिस्सा बनकर काफी सुखद महसूस कर रहा है. भारत और जापान के रिश्ते काफी मजबूत रहे हैं. हमें काफी खुशी हो रही है कि दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों के 75 साल पूरे होने के जश्न में क्रिकेट भी शामिल हो रहा है. इस मुकाबले को मुमकिन बनाने के लिए जापान क्रिकेट एसोसिएशन का शुक्रिया.'

जापान क्रिकेट एसोसिएशन के सीईओ नाओकी मियाजी का बयान 

वहीं इस मुकाबले पर जापान क्रिकेट एसोसिएशन के सीईओ नाओकी मियाजी का कहना है, 'मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन को अपने घरेलू जमीन पर खेलने के लिए आमंत्रित करना हमारे लिए बेहद खास पल है. हम बीसीसीआई का इस मुहिम को आगे लेने के लिए लिए शुक्रगुजार हैं. भारतीय फैंस का हम स्वागत करते हैं एवं जापान के क्रिकेट प्रेमियों को भी इस मुकाबले के लिए आमंत्रित करते हैं.'

यह भी पढ़ें- रजत के दिल में बसते हैं विराट, पाटीदार ने चुनीं 5 सबसे यादगार पारियां, सचिन नहीं कोहली बने असल बॉस!

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com