विज्ञापन

नीली जर्सी में होगी हॉकी इंडिया की वापसी, जापान में होने वाले 2026 एशियाई खेलों में दिखेगा पुराना रंग

जापान में होने वाले 2026 एशियाई खेलों में नीली जर्सी में होगी हॉकी इंडिया की वापसी

नीली जर्सी में होगी हॉकी इंडिया की वापसी

जापान में होने वाले 2026 एशियाई खेलों में नीली जर्सी में हॉकी इंडिया की वापसी होगी. इसी फैसले के तहत भारतीय पुरुष और महिला टीमों ने नीदरलैंड और बेल्जियम में खेले गए प्रो लीग मुकाबलों में अपनी मुख्य किट के रूप में केसरिया जर्सी पहनी थी. एशियन गेम्स के लिए भी इसी जर्सी को मंजूरी दी गई थी. हॉकी इंडिया ने तब स्पष्ट किया था कि 27 जुलाई को लिया गया यह फैसला पूरी तरह तकनीकी कारणों से प्रेरित था, ताकि खिलाड़ियों की जर्सी का रंग नीले टर्फ से मेल न खाए और मैदान पर उनकी पहचान बेहतर बनी रहे.

एशियाई खेलों में हिस्सा लेने जा रही भारतीय टीम की विदाई सेरेमनी के दौरान, हॉकी इंडिया (HI) के प्रेसिडेंट दिलीप टिर्की ने कहा, "इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन (IOA) ने हमें टीम किट के रंगों के बारे में कुछ विकल्प दिए थे और हॉकी इंडिया ने भारतीय टीम की किट के लिए नीले रंग को पहली पसंद के तौर पर चुना है. नारंगी रंग दूसरी पसंद होगा."

उन्होंने आगे कहा, "मैंने वर्ल्ड कप से पहले ही कहा था कि नारंगी जर्सी का रंग पक्का नहीं है, इसे भविष्य में बदला जा सकता है. अब एशियाई खेलों के लिए नीला रंग वापस आ गया है. टीम नीली जर्सी में खेलेगी."

जर्सी के रंग में बदलाव को लेकर पहले विवाद हो चुका है. उस समय हॉकी इंडिया ने सफाई देते हुए कहा था कि यह फैसला किसी राजनीतिक या अन्य कारण से नहीं, बल्कि खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के साथ हुई विस्तृत चर्चा के बाद तकनीकी आधार पर लिया गया था. महासंघ के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अब नीले रंग की सिंथेटिक पिच मानक बन चुकी है और नीली जर्सी कई बार टर्फ के रंग में घुल-मिल जाती थी, जिससे खिलाड़ियों की दृश्यता प्रभावित होती थी.

हॉकी इंडिया ने बताया था कि कोचिंग स्टाफ और खिलाड़ियों ने पीले तथा केसरिया जैसे वैकल्पिक रंगों का सुझाव दिया था. सभी पहलुओं पर विचार करने के बाद केसरिया रंग पर सहमति बनी. महासंघ ने यह भी कहा था कि तकनीकी जरूरतों को पूरा करने के साथ-साथ केसरिया रंग का विशेष महत्व है, क्योंकि यह भारतीय तिरंगे का हिस्सा है और साहस, त्याग तथा राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक माना जाता है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Other Sports
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com