विज्ञापन

करोड़पति ससुर पाई-पाई के ल‍िए तरसाते थे... CCTV से रखते थे इकलौती बहू पर नजर; कानपुर मर्डर की इनसाइड स्‍टोरी

कानपुर के कल्याणपुर में रतन आर्बिट अपार्टमेंट में बीते शनिवार की रात विनीत मिनोचा की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी. शरीर पर चाकू से 26 वार क‍िए गए थे.

  • दवा कारोबारी विनीत मिनोचा की उनके ही फ्लैट में हत्‍या कर दी गई थी.
  • बहू ने ही ससुर के मर्डर की साज‍िश रची थी, छह लाख की थी सुपारी.
  • पुल‍िस की सख्‍ती से पूछताछ में बहू ने खुद कबूल कि‍या जुर्म.

कानपुर: शहर का पॉश इलाका, आलीशान अपार्टमेंट और एक करोड़पति दवा कारोबारी का परिवार. इस चमक-दमक के पीछे एक ऐसी खौफनाक साजिश रची जा रही थी, जिसने पूरे कानपुर शहर को दहला कर रख दिया है. 63 साल के दवा कारोबारी विनीत मिनोचा की हत्या किसी बाहरी ने नहीं, बल्कि उनकी 36 साल की इकलौती बहू शालू ने कराई थी. इस कत्ल की वजह बनी ससुर की पाबंदियां, CCTV का पहरा और पैसों का कंट्रोल. 

फ्लैट में हत्‍या, शरीर पर 26 बार चाकू से वार

कल्याणपुर के रतन आर्बिट अपार्टमेंट में बीते शनिवार की रात विनीत मिनोचा की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी. शरीर पर चाकू से 26 वार क‍िए गए थे. पुलिस ने जब CCTV खंगाले तो 12 साल पुराने पूर्व नौकर विशाल (30) और उसके साथी राज किशोर का सुराग मिला. रविवार देर रात पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया. जब मीडिया ने विशाल से कत्ल की वजह पूछी तो उसने एक ऐसा नाम लिया, जिसने केस की पूरी कहानी पलट दी. उसका कहना था कि बहू शालू के कहने पर हत्या की, उन्होंने ही पैसे देने को कहा था. इस खुलासे के बाद पुलिस ने रातों-रात शालू को हिरासत में ले लिया. पहले तो वह पुलिस को गुमराह करती रही, लेकिन जब सख्ती हुई तो वह फूट-फूटकर रोने लगी और अपना जुर्म कबूल कर लिया. 

करोड़पति परिवार की बहू, लेकिन पाई-पाई को थी मोहताज

पूछताछ में शालू ने जो वजह बताई, वह हैरान करने वाली थी. उसने बताया कि ससुर विनीत घर में CCTV कैमरों से उस पर नजर रखते थे. उसे देर रात घूमने और पार्टियां करने से रोका जाता था. शालू ने रोते हुए कहा, ''मैं करोड़पति परिवार की बहू थी, लेकिन मेरे और पति के खर्चों पर ससुर का पूरा कंट्रोल था. छोटे-छोटे खर्चों के लिए भी मुझे उनसे पैसे मांगने पड़ते थे, पाई-पाई के लिए गिड़गिड़ाना पड़ता था.'' 28 जुलाई को शालू लेट नाइट पार्टी से लौटी थी, जिस पर ससुर ने कड़ी आपत्ति जताई थी. दोनों के बीच तीखी बहस हुई और इसी दिन शालू ने अपने ही ससुर की मौत का फरमान लिख दिया. 

Latest and Breaking News on NDTV

6 लाख की सुपारी और खौफनाक मास्टरप्लान

शालू ने ससुर को रास्ते से हटाने के लिए अपने पुराने नौकर विशाल को 6 लाख रुपये की सुपारी दी. हत्या की प्लानिंग इतनी शातिर थी कि शालू ने 15 दिन पहले ही घर की डुप्लीकेट चाबी बनवाकर विशाल को दे दी थी. 4 सितंबर (जन्माष्टमी) को शालू ने विशाल को सामान देने के बहाने बुलाया और कत्ल का पूरा ब्लूप्रिंट तैयार किया.

कत्ल की वो खौफनाक रात

प्लान के मुताबिक, शनिवार रात शालू अपने पति सुब्रत और बच्चे के साथ यशोदा नगर में एक पार्टी में जाने के लिए निकली. उनके जाने के कुछ मिनट बाद ही विशाल अपने साथी राजकिशोर के साथ अपार्टमेंट पहुंचा. सिक्योरिटी गार्ड मदन ने जब उन्हें रोका, तो विशाल ने फोन पर शालू से बात कराई. शालू ने गार्ड से झूठ बोलते हुए कहा, इन्हें अंदर आने दो, ये लोग दवाएं लेकर आए हैं.

शुरुआती प्लान ससुर को तकिये से मुंह दबाकर मारने का था, ताकि इसे हार्ट अटैक समझा जाए. लेकिन जब कातिल बेटे के बेडरूम में छिपे थे और ससुर विनीत वहां पहुंचे, तो दोनों ने उन पर चाकू से ताबड़तोड़ 26 वार कर दिए और फरार हो गए. रात 3 बजे जब शालू और उसका पति पार्टी से लौटे तो उन्हें बेडरूम में खून से लथपथ लाश मिली. इसके बाद उन्होंने अंजान बनते हुए पुलिस को बुलाया.

क्या बेटे को भी थी भनक?

इस मामले में पुलिस ने 6 लाख की सुपारी का पर्दाफाश कर लिया है, जिसमें से 2 लाख रुपये 6 स‍ितंबर को ही दिए जाने थे. बाकी 4 लाख रुपये 15 दिन बाद मिलने थे. साथ ही शालू ने विशाल को दोबारा नौकरी पर रखने का लालच भी दिया था. 

डीसीपी कासिम आबिदी ने बताया कि हत्यारों ने घर के किसी भी कीमती सामान को हाथ तक नहीं लगाया था, जिससे पुलिस को पहले ही शक हो गया था कि यह लूटपाट नहीं, बल्कि आपसी रंजिश का मामला है. फिलहाल, शालू सलाखों के पीछे है और पुलिस अब उसके पति सुब्रत (मृतक के बेटे) की कॉल डिटेल्स खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या इस खूनी खेल में बेटे का भी कोई रोल था या नहीं. 


यह भी पढ़ें- भिखारी ने पागल कहा तो भड़क गए लड़के, 15 मिनट तक पीटा; ऊपर चढ़ा दी स्कूटी और बनाया वीडियो

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Kanpur Murder Case, Kanpur News, Kanpur Businessman Killed, UP Crime News, Uttar Pradesh News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com