विज्ञापन

बीसीसीआई का फैसला, हम इसके साथ: मोहसिन नकवी से ट्रॉफी नहीं लेने पर हेड कोच अमोल मजूमदार

महिला एशिया कप के फाइनल के बाद भारतीय हेड कोच अमोल मजूमदार ने कहा है कि ट्रॉफी हो या नहीं, हमें इससे कोई फर्क नहीं पड़ता है.

बीसीसीआई का फैसला, हम इसके साथ: मोहसिन नकवी से ट्रॉफी नहीं लेने पर हेड कोच अमोल मजूमदार
अमोल मजूमदार ने बताया है कि मोहसिन नकवी से ट्रॉफी नहीं लेने का फैसला किसका था

एशिया कप ट्रॉफी को लेकर गतिरोध लगातार दूसरे साल भी बना रहा, क्योंकि रविवार को जीत हासिल करने वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने पाकिस्तान के एशियन क्रिकेट काउंसिल चेयरमैन मोहसिन नकवी से कप नहीं लिया. हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारत ने श्रीलंका को 72 रनों से हराकर अपना रिकॉर्ड आठवां एशिया कप खिताब जीता, लेकिन खिलाड़ी टूर्नामेंट के बाद होने वाले प्रेजेंटेशन समारोह के लिए मैदान पर नहीं आए. याद दिला दें कि पिछले साल भारतीय पुरुष टीम ने भी नकवी से एशिया कप ट्रॉफी और मेडल लेने से इनकार कर दिया था; नकवी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के प्रमुख हैं और उस देश के गृह मंत्री भी हैं. 

ट्रॉफी न लेने का फैसला बीसीसीआई का- कोच अमोल मजूमदार

महिला एशिया कप का फाइनल खत्म होने के करीब 45 मिनट कर अवॉर्ड सेरेमनी शुरू नहीं हुई थी और जब आखिरी में शुरू हुई तो श्रीलंकाई खिलाड़ियों को उनके मेडल और चेक दिए गए और ब्रॉडकास्टर ने बिना भारतीय टीम पर कोई अपडेट दिए, प्रेजेंटेशन सेरेमनी के खत्म होने का ऐलान किया. इसके बाद जब भारतीय टीम के हेड कोच अमोल मजूमदार मीडिया के सामने आए तो उनसे इसको लेकर सवाल पूछा गया, जिस पर कोच ने कहा कि यह बीसीसीआई का फैसला था. 

मोहसिन नकवी से ट्रॉफी नहीं लेने के फैसले पर अमोल मजूमदार ने कहा,"भारत आधिकारिक तौर पर चैंपियन है. हमारे लिए ट्रॉफी मिले या न मिले, इससे कोई फ़र्क नहीं पड़ता. ट्रॉफी न लेने का फैसला बीसीसीआई का है, और हम इसके साथ हैं. हमारे लिए यह टूर्नामेंट खत्म हो चुका है. हम चैंपियन हैं. बस इतना ही काफी है. यह टूर्नामेंट खत्म हो गया है. हमारे लिए तो यह आधिकारिक तौर पर खत्म हो चुका है."

बता दें, पुरुष टीम को अभी तक  एशिया कप ट्रॉफी नहीं मिली है, जिसे तब से एसीसी ऑफिस में रखा गया है. पिछले साल सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने बिना असली ट्रॉफी के ही मंच पर जश्न मनाया. 

हालांकि, इस बार भारतीय महिला टीम जीतने के बाद काफी देर कर मैदान पर रहीं. मैच खत्म होने के करीब आधे घंटे बाद ब्रॉडकास्टर ने दिखाया कि बीसीसीआई सेक्रेटरी देवजीत सैकिया ने नंदिनी शर्मा को 'बेस्ट फील्डर' का मेडल दिया. इस दौरान उनके साथ राजीव शुक्ला भी थे और पूरी टीम मैदान के बाहर बाउंड्री रोप के पास हर्डल में खड़ी थी. 

वहीं, श्रीलंकाई टीम ने नकवी से रनर-अप का चेक लिया और उससे पहले सभी खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ ने SLC के अंतरिम प्रमुख एरन विक्रमरत्ने से मेडल लिए. नकवी ने श्रीलंकाई कप्तान चमारी अथापथु को अवॉर्ड देने के तुरंत बाद स्टेडियम छोड़ दिया, लेकिन पिछले साल के उलट, वे इस बार ट्रॉफी साथ ले जाए बिना ही चले गए.

यह भी पढ़ें: 'खिलाड़ियों को भी याद करना होगा वन्दे मातरम्'... कई एक्सपर्ट्स ने कहा, 'अच्छी शुरुआत'

यह भी पढ़ें: 14 बाउंड्री, 256 का स्ट्राइक रेट...अभिषेक के कोहराम से भारत ने अफगानिस्तान को 7 विकेट से हराया

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Amol Muzumdar, Cricket, India Women, Sri Lanka Women, Syed Mohsin Raza Naqvi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com