सोने-चांदी की कीमतें इस साल खूब बढ़ी हैं. सोने की बात करें तो जनवरी में जहां गोल्ड 1.35 लाख रुपये के भाव चल रहा था, वहीं 29 जनवरी को सोना अपने ऑल टाइम हाई 1.93 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर पहुंच गया था, जबकि फिलहाल इसका भाव 1.48 लाख रुपये के करीब बना हुआ है. इस बीच सोशल मीडिया पर बुल्गारिया की फेमस भविष्यवक्ता की गोल्ड को लेकर एक भविष्यवाणी तैर रही है. भविष्यवाणी ये कि 2027 में सोने का भाव 2.82 लाख रुपये के पार चला जाएगा.
बाबा वेंगा की इस कथित भविष्यवाणी की मानें तो सोना अपने मौजूदा भाव 1.48 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम से करीब 1.34 लाख रुपये और ऊपर जा सकता है यानी 1.93 लाख रुपये के ऑल टाइम हाई से भी करीब 90 हजार रुपये ज्यादा.
कुछ ऑनलाइन रिपोर्ट्स में बाबा वेंगा की भविष्यवाणी बताते हुए दावा किया जा रहा है कि 2027 में ग्लोबल फाइनेंशियल संकट ऐसा आ सकता है कि कैश की भारी कमी हो जाएगी और इस बीच सोने की कीमत में झामफाड़ यानी जबरदस्त तेजी आ सकती है.
लेकिन सबसे बड़ा सवाल है- क्या ये वाकई बाबा वेंगा की भविष्यवाणी है? और अगर है भी तो क्या ये सच हो सकती है? इसको लेकर एक्सपर्ट्स की क्या राय है और सोने को लेकर कमोडिटी और बुलियन एक्सपर्ट्स का अनुमान क्या है?
ये सबकुछ जानेंगे इस रिपोर्ट में.
बाबा वेंगा ने क्या सच में 2027 में सोने के भाव पर की थी भविष्यवाणी?
दिए गए दावों के मुताबिक, बाबा वेंगा ने 2027 में सोने की कीमत बढ़ने की भविष्यवाणी की थी. कुछ रिपोर्ट्स में 10 ग्राम सोने की कीमत 2.62 लाख रुपये से 2.82 लाख रुपये तक पहुंचने का दावा किया गया है. लेकिन इस दावे का कोई प्रमाणित रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं दिखा. हमने जब रिसर्च किया तो इसका कोई प्रमाण नहीं दिखा.
बाबा वेंगा की भविष्यवाणियों का न तो कोई ज्ञात लिखित रिकॉर्ड नहीं था, न कोई ठोस जानकारी. उनकी कथित भविष्यवाणियां दूसरे लोगों के बयानों और अलग-अलग प्रकाशनों के जरिए सामने आती रही हैं. भले ही अमेरिका में 9/11 हमले, चेरनोबिल दुर्घटना, प्रिंसेस डायना की मौत और 2004 की सुनामी जैसी उनकी कई भविष्यवाणियां सच साबित हो चुकी हैं, लेकिन गोल्ड पर ऐसा कुछ प्रमाणित तौर पर नहीं मिलता.

...तो फिर एक्सपर्ट का क्या अनुमान है, कहां तक जाएगा सोना?
सोने और चांदी ने कई वर्षों मं अच्छा रिटर्न दिया है,. इसको लेकर हमने जब केडिया एडवायजरी से बात की तो NDTV के साथ बातचीत में MD अजय केडिया ने बताया कि निवेश का अच्छा फ्लो, जियोपॉलिटिकल अनिश्चितता और सप्लाई में कमी दिवाली और 2026 के आखिर तक सोने की कीमतों में और बढ़ोतरी का संकेत देता है.
उन्होंने बताया कि सेंट्रल बैंक की खरीदारी, ETF में निवेश, रिज़र्व में विविधता और रुपये की कीमत में संभावित गिरावट से सोने को सपोर्ट मिल रहा है. बोले-'हमें उम्मीद है कि सोने की कीमत 1.80 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक जा सकती है, जो मौजूदा कीमत से लगभग 18% ज्यादा है.
'चांदी तो सोने से भी ज्यादा तेजी से बढ़ सकती है'
केडिया एडवायजरी के अनुसार, चांदी में ज्यादा बढ़ोतरी की संभावना है, लेकिन इसमें उतार-चढ़ाव भी काफी ज्यादा होता है. सप्लाई में लगातार कमी, खदानों से सप्लाई बढ़ाने की सीमित गुंजाइश और इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिक वाहनों, पावर इंफ्रास्ट्रक्चर और क्लीन एनर्जी से भविष्य में होने वाली मांग इसके मुख्य कारण हैं. चांदी की कीमत करीब 3 लाख रुपये प्रति किलो तक जा सकती है, जो करीब 28% की संभावित बढ़ोतरी दिखा रहा है.
निवेशकों के लिए क्या है सलाह?
अजय केडिया ने बताया कि सोने-चांदी का अनुपात अभी 65-66 के आसपास है. अगर यह 60-62 की तरफ गिरता है, तो चांदी के लिए स्थिति और बेहतर होगी. उन्होंने कहा कि निवेशकों को धीरे-धीरे निवेश करना चाहिए. लिवरेज (उधार लेकर निवेश) से बचना चाहिए और बुलियन में डायवर्सिफिकेशन के साथ निवेश बनाए रखना चाहिए. इनमें ज्यादा ग्रोथ की संभावना के लिए चांदी का हिस्सा सोने से ज्यादा रख सकते हैं.
यह भी पढ़ें | सोने-चांदी पर टैक्स को लेकर बड़ा अपडेट, खत्म हो सकती है GST छूट, 2 दिन बाद फैसला, जानिए कहां क्या असर होगा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं