Viral Video: उत्तराखंड के रहने वाले अमन शर्मा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सबका दिल जीत रहा है. अमन ने बारिश में भीगते हुए साइकिल से सामान देने आए एक जेप्टो डिलीवरी बॉय को अपने नए एडिडास के जूते गिफ्ट कर दिए हैं. चप्पल पहनकर काम कर रहे इस डिलीवरी पार्टनर को देखकर अमन को लगा कि इन जूतों की असली जरूरत उनसे कहीं ज्यादा इस मेहनती इंसान को है.
'ब्रो जूते लेगा? एडिडास के हैं ऑरिजनल'
वायरल हो रहे सीसीटीवी फुटेज से पता चला है कि यह वीडियो 13 सितंबर 2024 की दोपहर करीब 4 बजे का है, जो इस वक्त दोबारा इंटरनेट पर वायरल हो गया है. इसमें साफ दिखता है कि अमन अपनी बालकनी से डिलीवरी बॉय को आवाज लगाते हैं. वह उससे पूछते हैं कि क्या उसे नए जूते चाहिए? नीचे साइकिल पर चप्पल पहने खड़ा डिलीवरी बॉय रुक जाता है और हल्का मुस्कुराकर मना करने लगता है. लेकिन अमन बिना कोई संकोच किए खुद सीढ़ियों से नीचे जाते हैं और उसे अपने नए जूते सौंप देते हैं. जूते देखने के बाद डिलीवरी बॉय अपनी साइकिल से काम पर आगे बढ़ जाता है. लेकिन कुछ कदम आगे बढ़ते ही वो पीछे मुड़कर देखता है और अमन को थैंक्यू बोलता है.
'बारिश में भीगा था, फिर भी समय पर की डिलीवरी'
अपने इस कदम के बारे में बात करते हुए अमन ने बताया कि जेप्टो का यह डिलीवरी बॉय बिना रेनकोट के बारिश में पूरी तरह भीग चुका था. उन्होंने कहा, 'मैंने पहली बार किसी को साइकिल पर, वो भी बिल्कुल सही समय पर डिलीवरी करते देखा. उसके पैरों में सिर्फ चप्पल थी, इसलिए मैंने अपने जूते उसे दे दिए.'
इंटरनेट पर हो रही दरियादिल अमन की तारीफ
अमन की इस इंसानियत ने इंटरनेट पर लोगों का दिल जीत लिया है और लोग उनकी जमकर तारीफ कर रहे हैं. यूजर्स को यह बात सबसे ज्यादा पसंद आई कि अमन ने जूते बालकनी से नीचे नहीं फेंके, बल्कि खुद नीचे जाकर इज्जत के साथ दिए. इसके अलावा, लोगों ने इस बात की भी सराहना की कि वीडियो में डिलीवरी बॉय का चेहरा या उसकी पहचान उजागर नहीं की गई है.
यहां देखें पूरा वीडियो:-
सोशल मीडिया पर वीडियो देखकर भावुक हुए लोग
इस वीडियो के कमेंट सेक्शन में लोग अपने अनुभव भी साझा कर रहे हैं.
एक यूजर ने लिखा, 'दयालु होना दुनिया का सबसे बड़ा तोहफा है.' वहीं, एक अन्य यूजर ने अपनी कहानी बताते हुए लिखा, 'एक बार एक कबाड़ वाले ने मेरे नाइकी के जूतों को बहुत ध्यान से देखा. मैंने तुरंत वे जूते उतारकर उसे दे दिए. उसके चेहरे की वो खुशी मैं कभी नहीं भूल सकता.'
तीसरे शख्स ने लिखा, 'दूसरों के लिए कुछ करने से जो अंदरूनी खुशी मिलती है, वो कमाल की होती है. आपको ऐसे ही लोगों को प्रेरित करते रहना चाहिए.'
ये भी पढ़ें:- मिस यूनिवर्स इंडिया फिनाले के कुछ दिन बाद काम पर लौटीं फाइनलिस्ट, बेंगलुरु के गूगल ऑफिस से शेयर किया वीडियो
ये भी पढ़ें:- आंसू की बूंद जैसा दिखता है बंगाराम आइलैंड, क्रिस्टल क्लियर पानी में रात को चमकते हैं नीले 'तारे'
यह VIDEO भी देखें:-
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं