विज्ञापन

आलू गोभी की सब्जी इस नए तरीके से बनाकर देखिए, स्वाद ऐसा कि नॉनवेज खाना भूल जाएंगे

​हलवाई जैसा स्वाद घर पर, एक बार इस नए तरीके से बनाएं आलू-गोभी की सब्जी.

आलू गोभी की सब्जी इस नए तरीके से बनाकर देखिए, स्वाद ऐसा कि नॉनवेज खाना भूल जाएंगे
आलू गोभी की सब्जी कैसे बनाएं. (Credit: Screengrab from YT Suvidha Net Rasoi)

अक्सर हमारे घरों में यह सवाल रोज ही उठता है कि आज खाने में क्या बनाया जाए? खासकर जब बात आलू और गोभी की आती है, तो ज्यादातर लोग इसे एक साधारण सी रोजमर्रा की सब्जी मान लेते हैं. कई बार बच्चों या घर के बड़ों को एक ही तरह से बनी गोभी-आलू खाकर बोरियत होने लगती है. अगर आप भी कुछ ऐसा चटाकेदार और मजेदार ढूंढ रहे हैं जिसे खाते ही सबका दिल खुश हो जाए, तो हाल ही में यू्टूयब चैनल सुविधा नेट रसोई (Suvidha Net Rasoi) पर शेयर की गई यह नई रेसिपी को ट्राई कर सकते हैं. 

​क्या है इस रेसिपी की खासियत?

आमतौर पर जब हम घर में आलू गोभी बनाते हैं, तो गोभी या तो बहुत ज्यादा गल जाती है या फिर मसालों में वह बात नहीं आ पाती जो हलवाई स्टाइल या ढाबे वाली सब्जी में मिलती है. लेकिन इस नए तरीके में गोभी और आलू के टेक्सचर और मसालों के मेल पर खास ध्यान दिया गया है. जब आप इस तरीके से सब्जी तैयार करेंगे, तो इसकी महक पूरे घर में फैल जाएगी. नॉनवेज खाने के शौकीन लोग भी इस मसालेदार और लजीज वेजिटेरियन डिश की तारीफ करने से खुद को रोक नहीं पाएंगे.

यहां देखें रेसिपी वीडियो- 

​कैसे बनाएं गोभी आलू की स्वादिष्ट सब्जी-

सामग्री-

  • 1 फूलगोभी
  • 2-3 आलू
  • 3 बड़े चम्मच सरसों का तेल
  • 1 चम्मच जीरा
  • 2 सूखी लाल मिर्च
  • 2 तेजपत्ते
  • 1 छोटा टुकड़ा दालचीनी
  • 1 छोटी इलायची
  • 8-10 काली मिर्च
  • 2 लौंग
  • 3 प्याज, लंबे कटे हुए
  • 1 गांठ लहसुन की कलियां
  • 2 चम्मच धनिया पाउडर
  • 1 चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर
  • 1 चम्मच सब्जी मसाला
  • 1 चम्मच हल्दी पाउडर
  • 1 चम्मच जीरा पाउडर
  • स्वादानुसार नमक
  • 2 टमाटर, मोटे टुकड़ों में कटे हुए
  • 1 चम्मच कसूरी मेथी
  • लगभग 1 कप पानी

विधि-

  1. सबसे पहले फूलगोभी को बड़े टुकड़ों में काट लें. गोभी के डंठल पर हल्का सा चीरा लगा दें, ताकि डंठल और फूल दोनों समान रूप से पक जाएं. आलू को भी छीलकर गोभी के टुकड़ों के आकार के काट लें.
  2. अब प्रेशर कुकर में सरसों का तेल गर्म करें. तेल गर्म होने पर उसमें जीरा, सूखी लाल मिर्च, तेजपत्ता, दालचीनी, इलायची, काली मिर्च और लौंग डालकर हल्का भून लें.
  3. इसके बाद कटे हुए प्याज और लहसुन डालें. इन्हें मध्यम आंच पर तब तक भूनें जब तक प्याज सुनहरे भूरे रंग के न हो जाएं.
  4. अब आंच धीमी करके धनिया पाउडर, कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर, सब्जी मसाला, हल्दी, जीरा पाउडर और नमक डालें. मसालों को प्याज के साथ अच्छी तरह मिला लें. फिर एक टमाटर डालकर कुछ देर पकाएं.
  5. जब टमाटर थोड़ा नरम हो जाए, तब इसमें आधा गिलास पानी डालें और कुकर का ढक्कन बंद कर दें. मध्यम आंच पर दो सीटी आने तक पकाएं.
  6. कुकर का प्रेशर पूरी तरह निकलने के बाद ढक्कन खोलें. आप देखेंगे कि प्याज और टमाटर अच्छी तरह गल चुके होंगे. अब दोबारा गैस जलाएं और इसमें कटे हुए आलू और गोभी डाल दें.
  7. साथ ही कसूरी मेथी को हाथों से मसलकर डालें. तेज आंच पर 2 से 3 मिनट तक सब्जियों को मसालों के साथ अच्छी तरह भून लें, ताकि मसाला आलू और गोभी पर अच्छी तरह चढ़ जाए.
  8. इसके बाद दूसरा टमाटर डालें और हल्का सा मिला लें. अब आधा कप या जरूरत अनुसार थोड़ा सा पानी डालें. ध्यान रखें कि ज्यादा पानी न डालें, क्योंकि गोभी पकने के दौरान खुद भी पानी छोड़ती है.
  9. कुकर का ढक्कन बंद करें और तेज आंच पर केवल एक सीटी आने दें. जैसे ही सीटी आए, गैस बंद कर दें और कुकर को अपने आप ठंडा होने दें. प्रेशर को जबरदस्ती न निकालें.
  10. कुकर खुलने पर आपकी आलू-गोभी पूरी तरह तैयार होगी. गोभी के टुकड़े साबुत और खिली-खिली रहेंगे, जबकि आलू अच्छी तरह पके हुए होंगे. इस स्वादिष्ट सब्जी को गरमागरम पराठे, पूरी या रोटी के साथ सर्व करें.

ये भी पढ़ें- अक्टूबर में लगाएं ये 5 सब्जियां, पूरी सर्दी किचन गार्डन से मिलेंगी हरी और फ्रेश सब्जियां

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Aloo Gobhi Ki Sabji, Gobhi Recipe, Aloo Gobhi Sabji Recipe Just 15 Minutes
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com