Viral Video: इंडियन ट्रैवल फिल्ममेकर कनिष्क गुप्ता ने मंगलवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर 52 सेकंड का एक ऐसा वीडियो शेयर किया है, जिसे देखकर आप मालदीव भूल जाएंगे. यह वीडियो 'आंसू की बूंद' जैसे दिखने वाले लक्षद्वीप के बंगाराम आइलैंड का है. कनिष्क बताते हैं कि यहां समंदर का पानी इतना साफ है कि ऊपर तैरती नावों की परछाई सीधे पानी के तल पर नजर आती है. सफेद रेत और नीले लैगून के किनारे टहलते हुए ऐसा लगता है मानो आप किसी सपने की दुनिया में आ गए हों. चूंकि इस आइलैंड पर कोई आम आबादी नहीं रहती, इसलिए इसकी प्राकृतिक खूबसूरती आज भी बिल्कुल बेदाग और अछूती है.
रात होते ही समंदर में टिमटिमाने लगते हैं नीले 'तारे'
कनिष्क का कहना है कि दिन में कांच की तरह चमकने वाला बंगाराम का समंदर, रात होते ही किसी जादुई दुनिया में बदल जाता है. सूरज ढलते ही यहां के पानी में 'बायोलुमिनेसेंस' का खेल शुरू हो जाता है. जैसे ही लहरें किनारे से टकराती हैं या पानी में कोई हलचल होती है, तो 'डिनोफ्लैगलेट्स' नाम के सूक्ष्म समुद्री जीव सेल्फ-डिफेंस में अपने शरीर से नीली रोशनी पैदा करते हैं. जब आप इसे हाथों से उठाते हैं तो बिल्कुल ऐसा लगता है जैसे आपकी हथेलियों पर नीले रंग के छोटे-छोटे तारे टिमटिमा रहे हों. कनिष्क का कहना है कि कुदरत के इस करिश्मे को देखने का सबसे सही समय सितंबर से फरवरी के बीच होता है.
तितली के कोकून की तरह डिजाइन वाला इकलौता रिसॉर्ट
भीड़-भाड़ और शोर-शराबे से दूर इस आइलैंड पर ना तो कोई गांव है और ना ही गाड़ियां. ठहरने के लिए पूरे आइलैंड पर ताज ग्रुप का सिर्फ एक लग्जरी रिसॉर्ट मौजूद है. सफेद रेत पर बने इसके खास टेंट किसी तितली के कोकून की तरह डिजाइन किए गए हैं, जो अंदर से बेहद आलीशान हैं. कनिष्क बताते हैं कि अगर आप भागदौड़ भरी जिंदगी से ब्रेक लेकर एकदम सन्नाटे और सुकून के बीच वक्त बिताना चाहते हैं, तो यह जगह बिल्कुल आपके लिए ही बनी है.
8 महीने पहले यूट्यूब पर अपलोड किया था वीडियो
बताते चलें कि कनिष्क ने करीब 8 महीने पहले लक्षद्वीप पर एक पूरा यूट्यूब व्लॉग बनाया था, जो आप भी इंटरनेट पर वायरल है. उस वीडियो को अब तक 93 लाख से ज्यादा लोग देख चुके हैं. इंस्टाग्राम पर वायरल हो रही ये क्लिप उसी सफर का एक छोटा सा हिस्सा है. अगर इस वीडियो को देखकर आपका भी यहां जाने का मन कर रहा है, तो बस एक बात का ध्यान रखें- लक्षद्वीप जाने के लिए पर्यटकों को स्पेशल ट्रैवल परमिट और पुलिस क्लीयरेंस की जरूरत होती है. परमिट मिलने के बाद, आप केरल से फ्लाइट लेकर सीधे अगात्ती एयरपोर्ट पहुंच सकते हैं. वहां से स्पीड बोट के जरिए समंदर की लहरों को चीरते हुए सीधे इस खूबसूरत बंगाराम आइलैंड तक पहुंचा जा सकता है.
सोशल मीडिया पर लोगों ने जमकर दिए रिएक्शन्स
इंस्टाग्राम पर यह वीडियो लोगों को बहुत पसंद आ रहा है. 24 घंटे से भी कम समय में इस पर 1 मिलियन व्यूज होने वाले है. वे लगातार कमेंट्स करके अपनी प्रतिक्रियाएं भी दे रहे हैं.
एक यूजर ने लिखा, 'लक्षद्वीप सीरीज अब तक की मेरी पसंदीदा है. आप बहुत से लोगों को ज्यादा घूमने-फिरने के लिए प्रेरित करते हैं. आपके महाराष्ट्र व्लॉग्स का बेसब्री से इंतजार है.'
दूसरे यूजर ने लिखा, 'आप सिर्फ किसी जगह को दिखाते नहीं हैं, बल्कि उसकी सच्ची कहानी भी बताते हैं. हर एक फ़्रेम में इतना दिल और मेहनत लगाने के लिए आपका शुक्रिया.'
तीसरे यूजर ने लिखा, 'लक्षद्वीप कैरिबियन और प्रशांत महासागर के द्वीपों का मिश्रण है. यह देखकर बहुत खुशी हुई कि ये द्वीप भारत में हैं.'
चौथे यूजर ने मजाकिया अंदाज में कहा, 'भाई तुम तो घूम आए, अब ये वीडियो देखकर हमारा भी वहां जाने का मन कर रहा है. लेकिन बजट देखकर परेशानी होती है.'
ये भी पढ़ें:- मिस यूनिवर्स इंडिया फिनाले के कुछ दिन बाद काम पर लौटीं फाइनलिस्ट, बेंगलुरु के गूगल ऑफिस से शेयर किया वीडियो
ये भी पढ़ें:- आसमान के सबसे करीब बसा है भारत का कोमिक गांव, जहां पेड़ भी तोड़ देते हैं दम; गोबर के भरोसे कटती हैं रातें
यह वीडियो भी देखें:-
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं