विज्ञापन

घर में रखी लौकी से बनाएं खस्ता कचौड़ी, स्वाद ऐसा कि मांग-मांग कर खाएंगे बड़े और बच्चे

क्या आपके घर में भी लौकी के नाम से भागते हैं, तो इस रेसिपी को एक बार जरूर करें ट्राई.

घर में रखी लौकी से बनाएं खस्ता कचौड़ी, स्वाद ऐसा कि मांग-मांग कर खाएंगे बड़े और बच्चे
कैसे बनाएं लौकी की रेसिपी.
NDTV

लौकी का नाम सुनते ही घर के बच्चे और बड़े नाक-मुंह बनाने लगते हैं? अगर आपका जवाब हां है, तो समझ लीजिए कि आप अकेली नहीं हैं. अक्सर घरों में लौकी की सब्जी या पराठे देखकर बच्चों का मूड ऑफ हो जाता है. लेकिन जरा सोचिए, अगर वही सेहतमंद लौकी एक नए और चटपटे अंदाज में प्लेट में परोसी जाए, तो क्या होगा? जी हां, आज हम आपके लिए एक ऐसी रेसिपी लेकर आए हैं, जिसे हाल ही में यूट्यूब चैनल (Suvidha Net Rasoi) पर शेयर किया गया है. तो चलिए बिना किसी देरी के इस स्वादिष्ट और हेल्दी रेसिपी पर चलते हैं.

यहां देखें वीडियो- 

कैसे बनाएं लौकी की खस्ता कचौड़ी- 

सामग्री-

  • फ्रेश कच्ची लौकी - 1 मीडियम साइज
  • गेहूं का आटा - 1 कप
  • सूजी - 1/4 कप
  • बेसन - 1/4 कप
  • अजवाइन - 1 छोटा चम्मच
  • कलौंजी और सफेद तिल - थोड़ा सा
  • कुटी हुई लाल मिर्च - 1 चम्मच
  • हल्दी पाउडर- आधा चम्मच
  • गरम मसाला - आधा चम्मच
  • चाट मसाला - 1 चम्मच 
  • कसूरी मेथी और हरा धनिया - थोड़ा सा
  • मोयन के लिए तेल और तलने के लिए तेल
  • नमक - स्वादानुसार

विधि-

  1. सबसे पहले ताजी और कच्ची लौकी को छील लें. ध्यान रहे कि लौकी में मोटे बीज नहीं होने चाहिए. 
  2. अब इसे बारीक कद्दूकस से कस लें. घिसने के बाद इसमें थोड़ा सा नमक मिलाकर 2 मिनट के लिए रख दें, ताकि इसका सारा पानी निकल जाए.
  3. एक बड़े बर्तन में गेहूं का आटा, सूजी और बेसन डालें. अब इसमें अजवाइन, कलौंजी, सफेद तिल, कुटी हुई लाल मिर्च, हल्दी, गरम मसाला, चाट मसाला, कसूरी मेथी, हरा धनिया, थोड़ा सा नमक और 2 चम्मच तेल डालकर सभी चीजों को सूखे में ही अच्छी तरह मिला लें.
  4. अब कद्दूकस की हुई लौकी का एक्स्ट्रा पानी हाथों से अच्छी तरह निचोड़कर आटे में मिलाएं. 
  5. लौकी की नमी से ही आटे को गूंथ लें. ध्यान रहे कि आटा न ज्यादा गीला हो और न ही बहुत सख्त. इसे पूरी के आटे से थोड़ा सा टाइट रखना है. इसके बाद आटे को 5 मिनट के लिए ढककर रख दें.
  6. 5 मिनट बाद आटे को थोड़ा मसलकर चिकना कर लें. अब इसकी छोटी-छोटी लोइयां बनाएं. 
  7. सूखा आटा लगाकर इसे पूरी के आकार से थोड़ा सा बड़ा और हल्का सा मोटा बेल लें. 
  8. अब कड़ाही में मध्यम गर्म तेल में इन कचौड़ियों को डालें. जैसे ही यह ऊपर आएं, हल्के हाथ से दबाएं. देखते ही देखते कचौड़ी गुब्बारे की तरह फूल जाएगी. इसे दोनों तरफ से गोल्डन और क्रिस्पी होने तक तल लें.
  9. बस तैयार है आपकी गरमा-गरम, सुपर टेस्टी और खस्ता लौकी की कचौड़ी. इसे आप सुबह के नाश्ते में बनाएं, बच्चों के टिफिन में रखें या फिर सफर में साथ ले जाएं. 
  10. इसे अपनी मनपसंद चटनी, अचार या चाय के साथ सर्व करें. 

ये भी पढ़ें- फटे हुए दूध को फेंकने की बजाय बना लें ये शाही ड्राई फ्रूट्स मिठाई, बाजार से लाना जाएंगे भूल, नोट करें रेसिपी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Lauki, Lauki Recipe, Kachori, Lauki Ke Fayde
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com