Zara Hatke News: अमरीकन एयरलाइंस की एक फ्लाइट में हवा के बीचों-बीच एक ऐसा ड्रामा हुआ, जिसने क्रू मेंबर्स और यात्रियों की सांसें अटका दीं. डलास से न्यू जर्सी जा रही इस फ्लाइट में 67 साल के लेन आर्थर लुंडीन नाम के यात्री ने अचानक गालियां देना और नस्लभेदी टिप्पणियां करना शुरू कर दिया. जब वह हाथापाई पर उतर आया, तो कुछ पैसेंजर्स और क्रू मेंबर्स ने मिलकर उसे डक्ट टेप और जिप टाई की मदद से उसकी सीट पर मजबूती से बांध दिया. इस हंगामे के कारण फ्लाइट की बाल्टीमोर में इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी, जहां से पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
कोर्ट में बोला- 'हे भगवान! क्या मैंने ऐसा किया?'
गिरफ्तारी के बाद जब लुंडीन को मैरीलैंड की अदालत में पेश किया गया और उस पर लगे आरोप पढ़कर सुनाए गए, तो वह खुद हैरान रह गया. लुंडीन ने कहा, 'हे भगवान, ये क्या हो गया. मुझे इसमें से कुछ भी याद नहीं है.' जब उसे बताया गया कि उसने एक पुलिस अधिकारी पर भी हमला किया है, तो उसने घबराते हुए कहा, 'क्या वहां ऐसा लिखा है? मेरे पास मेरा चश्मा नहीं है.' जज ने जब उससे पूछा कि वह मैरीलैंड में क्या कर रहा है, तो उसने हैरानी से जवाब दिया, 'मैं तो अपनी बेटी के जन्मदिन पर न्यूयॉर्क शहर जा रहा था. मुझे नहीं पता कि मैं मैरीलैंड कैसे आ गया.'
'ईश्वर और अध्यात्म की बात सुनकर भड़का था लुंडीन'
फ्लाइट में एक शांत बैठा बुजुर्ग अचानक इतना हिंसक क्यों हो गया? इसका खुलासा लुंडीन के बगल वाली सीट पर बैठे लेखक और रब्बी जोनाथन कान ने किया. कान के मुताबिक, शुरुआत में दोनों के बीच बेहद अच्छी बातचीत चल रही थी. लेकिन जैसे ही कान ने ईश्वर की शक्ति और आध्यात्म की बात छेड़ी, लुंडीन का बर्ताव पूरी तरह बदल गया. कान ने बताया, 'वह पल भर में दुनिया के सबसे अच्छे इंसान से एक खौफनाक शख्स बन गया और भगवान को गालियां देने लगा.'
नौकरी से निकाला गया, शराब पीने पर भी पाबंदी
न्यूयॉर्क पोस्ट की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इस हंगामे का लुंडीन को प्राइवेट और प्रोफेशनल दोनों लेवल पर भारी नुकसान उठाना पड़ा है. एरिजोना की जिस लॉन्ग रियल्टी कंपनी में वह काम करता था, उसने इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद उसे नौकरी से निकाल दिया है. फिलहाल कोर्ट ने लुंडीन को मुचलके पर रिहा कर दिया है, लेकिन सख्त हिदायत दी है कि वह डॉक्टर की पर्ची के बिना किसी भी तरह की शराब या ड्रग्स का कंजप्शन नहीं करेगा. अब इस मामले की अगली सुनवाई 19 अक्टूबर को होनी है.
ये भी पढ़ें:- 25 हजार कमाने वाला ट्रक ड्राइवर बना मशहूर यूट्यूबर, 7100% बढ़ी कमाई; अब चलाता है 'इंडिया का सबसे लग्जरी ट्रक'
ये भी पढ़ें:- महाराष्ट्र में झरने के पास बच्चे को गोद में लेकर खड़े शख्स पर गिरा बड़ा सांप, टूरिस्ट ने शेयर किया वीडियो
यह VIDEO भी देखें:-
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं