जब हौसला मजबूत हो और कुछ नया करने का जज्बा दिल में हो, तो उम्र मायने नहीं रखती. आज भी कई लोग बढ़ती उम्र को अपने सपनों की सीमा मान लेते हैं, लेकिन 73 साल की एक महिला ने इस सोच को गलत साबित कर दिया. आसमान से छलांग लगाकर उन्होंने दिखा दिया कि अगर इरादे मजबूत हों, तो कोई भी सपना अधूरा नहीं रहता. दरअसल, ऑस्ट्रेलिया में रहने वाली एक भारतीय बेटी ने अपनी 73 साल की मां का सपना सच कर दिखाया. मां की लंबे समय से इच्छा थी कि वे स्काईडाइविंग करें और बेटी ने इस खास पल को और भी यादगार बना दिया.
73 साल की उम्र में स्काईडाइविंग
वीडियो इंस्टाग्राम यूजर रूपाली जनबंधु ने शेयर किया है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि उनकी मां स्काईडाइविंग के लिए पूरी तैयारी कर रही हैं. वह जंपसूट पहनकर तैयार होती हैं और फिर विमान के पास अपने ट्रेनर के साथ खड़ी नजर आती हैं. इसके बाद 73 साल की यह महिला पहली बार आसमान से छलांग लगाती हैं. हवा में ऊंचाई से नीचे आते हुए उनका आत्मविश्वास और उत्साह देखने लायक होता है.
इस वीडियो को सोशल मीडिया पर काफी पसंद किया जा रहा है. लोग मां-बेटी के इस खूबसूरत रिश्ते और इस हिम्मत भरे कदम की तारीफ कर रहे हैं. कई यूजर्स का कहना है कि उम्र सिर्फ एक संख्या है और अगर हौसला हो तो कोई भी सपना पूरा किया जा सकता है.
वीडियो में आगे दिखाया जाता है कि वह विमान में चढ़ती हैं और फिर दिन का सबसे खास पल आता है. जब ट्रेनर उनके साथ प्लेन से छलांग लगाता है, तो 73 साल की महिला खुशी से चिल्लाते हुए नजर आती हैं. वह अपने दोनों हाथ फैलाकर आसमान से नीचे के खूबसूरत नजारों का आनंद लेती हैं. वीडियो में लैंडिंग के बाद के पल भी दिखाए गए हैं, जहां वह इस खास अनुभव को पूरा करने के बाद मुस्कुराती नजर आती हैं.
सोशल मीडिया पर यूजर्स ने दी ऐसी प्रतिक्रिया
इस वीडियो को देखकर कई सोशल मीडिया यूजर्स भावुक हो गए. लोगों ने कहा कि माता-पिता अपनी पूरी जिंदगी बच्चों के सपने पूरे करने में लगा देते हैं, इसलिए बड़े होने के बाद बच्चों को भी उनके सपनों को पूरा करने की कोशिश करनी चाहिए. कुछ यूजर्स ने 73 साल की इस महिला की एनर्जी की जमकर तारीफ की और कहा कि वे भी बढ़ती उम्र में इतना ही जोश और रोमांच बनाए रखना चाहते हैं. कुछ लोगों ने यह भी माना कि इस वीडियो ने उन्हें अपने माता-पिता के उन सपनों के बारे में सोचने पर मजबूर कर दिया, जिन्हें उन्होंने समय के साथ कहीं पीछे छोड़ दिया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं