- डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि हमने आज ईरान के साथ युद्ध खत्म कर दिया है. वे कभी भी परमाणु हथियार नहीं बनाएंगे.
- हालांकि ईरान ने कहा कि अमेरिका के साथ किसी समझौते को अंतिम रूप दिए जाने की खबरें "सिर्फ अटकलें" हैं
- ईरान की तरफ से साफ-साफ कहा गया है कि ने अभी तक किसी भी समझौते पर कोई अंतिम फैसला नहीं लिया है
US Iran War Updates: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका ने आज ईरान के साथ 3 महीने से चल रहा युद्ध खत्म कर दिया है. इस बड़े बयान से ठीक पहले उन्होंने कहा था कि दोनों देश लड़ाई रोकने के लिए एक “बहुत मजबूत समझौता ज्ञापन यानी मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग पर सहमत हो गए हैं. हालांकि ईरान ने साफ-साफ कहा है कि अभी कोई समझौते फाइनल नहीं हुआ है. यानी दोनों तरफ से अलग-अलग दावे हैं और यह पहली बार नहीं है जब स्थिति ऐसी है.
ट्रंप ने क्या कहा?
डोनाल्ड ट्रंप ने एक वर्चुअल जनसभा में कहा, “मुझे नहीं पता कि आपने सुना या नहीं, लेकिन हमने आज ईरान के साथ युद्ध खत्म कर दिया है. उन्होंने यह मान लिया है कि वे कभी भी परमाणु हथियार नहीं बनाएंगे. हम इसी बात पर अड़े हुए थे. यही पूरा मकसद था. लगभग 95 प्रतिशत मामला इसी से जुड़ा था.”
ईरान की तरफ से क्या कहा गया?
ईरान ने अभी तक किसी भी समझौते की पुष्टि नहीं की है. ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी IRNA को बताया कि अमेरिका के साथ किसी समझौते को अंतिम रूप दिए जाने की खबरें "सिर्फ अटकलें" हैं और कहा कि तेहरान ने अभी तक किसी भी समझौते पर कोई अंतिम फैसला नहीं लिया है.
प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने कहा कि कतर और पाकिस्तान "मध्यस्थ के तौर पर सक्रिय" हैं, लेकिन साथ ही यह भी कहा कि "अमेरिका के कदमों का असर कूटनीतिक प्रक्रिया पर पड़ रहा है." IRNA के अनुसार, बघाई ने कहा, "शुरुआत से ही बातचीत में पोजिशन हमारे लिए स्पष्ट था और समझौते के मसौदे का एक बड़ा हिस्सा पहले ही तय हो चुका था. हालांकि, अमेरिकी अपना रुख बदलते रहे."
उन्होंने आगे कहा कि ईरान ने "यह साबित कर दिया है कि वह अपनी 'रेड लाइन्स' (अहम शर्तों) पर कोई समझौता नहीं करता है." उन्होंने कहा कि अब तक, ईरान किसी भी समझौते को लेकर किसी अंतिम नतीजे पर नहीं पहुंचा है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं