विज्ञापन

टीएमसी-कांग्रेस के विलय की संभावना नहीं -केसी वेणुगोपाल

ममता बनर्जी ने दिल्ली में सोनिया गांधी से मुलाकात की, जो करीब एक घंटे चली. अगले दिन अभिषेक बनर्जी ने राहुल गांधी से भी लंबी बैठक की. इन मुलाकातों के बाद टीएमसी के कांग्रेस में विलय की अटकलें तेज हो गईं, लेकिन कांग्रेस ने इन्हें खारिज करते हुए कहा कि यह सिर्फ पुराने व्यक्तिगत रिश्तों के कारण हुई चर्चा थी.

टीएमसी-कांग्रेस के विलय की संभावना नहीं -केसी वेणुगोपाल
टीएमसी के कांग्रेस में विलय की अटकलों का कांग्रेस ने खंडन किया
  • केसी वेणुगोपाल ने टीएमसी के कांग्रेस में विलय की अटकलों को पूरी तरह से अफवाह बताया है.
  • ममता बनर्जी और अभिषेक ने सोनिया गांधी और राहुल से मुलाकात कर इंडिया गठबंधन को मजबूत करने पर चर्चा की है.
  • टीएमसी के विधायकों और सांसदों की बगावत के बीच ममता बनर्जी ने सोनिया गांधी से करीब एक घंटे तक मुलाकात की थी.
नई दिल्ली:

'इंडिया गठबंधन' की बैठक के बाद बीते दो दिनों में कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के बीच हुई अहम बैठकों के बाद से टीएमसी के कांग्रेस में विलय की अटकलों का कांग्रेस ने खंडन किया है. कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने “विलय” को लेकर लगाई जा रही अटकलों को अफवाह और बेबुनियाद करार दिया है. उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी ने जब सोनिया गांधी और राहुल गांधी से मुलाकात की तो इंडिया गठबंधन को मजबूत करने पर चर्चा हुई. सभी नेता इस लोकतंत्र विरोधी सरकार के खिलाफ लड़ाई मजबूत करना चाहते हैं. इस दिशा में हम साथ मिलकर कर काम करेंगे और किसी बारे में चर्चा नहीं हुई.

ममता बनर्जी ने सोनिया गांधी से की थी मुलाकात

टीएमसी के विधायकों और सांसदों की बग़ावत के बीच इंडिया गठबंधन की बैठक में भाग लेने दिल्ली आई पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को दस जनपथ पहुंच कर सोनिया गांधी से मुलाकात की. दोनों नेताओं की मुलाक़ात करीब एक घंटे चली. अगले दिन उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी ने दस जनपथ पर राहुल गांधी के साथ करीब डेढ़ घंटे तक चर्चा की. इसके बाद अटकलें लगाई जाने लगी कि ये बैठकें टीएमसी के कांग्रेस में विलय को लेकर हो रही है. हालांकि इसका खंडन करते हुए कांग्रेस महासचिव और मीडिया प्रभारी जयराम रमेश ने कहा कि दोनों नेताओं के बीच चालीस साल के व्यक्तिगत रिश्ते हैं. उनके बीच व्यक्तिगत बातें हुईं. 

फिलहाल विलय की संभावना नहीं!

कांग्रेस सूत्रों का मानना है यदि कोई भी पार्टी कांग्रेस में विलय करना चाहती तो इससे किसी को क्या एतराज होगा! लेकिन इस वक्त जब बंगाल में 15 साल के शासन के बाद टीएमसी को लेकर लोगों में इतनी नाराजगी देखी जा रही तब विलय करने से कांग्रेस को भी उस नाराजगी का सामना करना पड़ सकता है. ऐसे में निकट भविष्य में विलय की संभावना नहीं है. हालांकि, राजनीति में किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता. 

रोचक बात यह भी है “विलय” की अटकलों को लेकर टीएमसी की तरफ से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है. हालांकि टीएमसी नेता अनौपचारिक तौर पर विलय की संभावना का खंडन कर रहे हैं. एक बात साफ़ है कि विधानसभा चुनाव हारने के बाद से बड़े सियासी संकट का सामना कर रही ममता बनर्जी के साथ सोनिया गांधी और राहुल गांधी खड़े नज़र आ रहे हैं. इंडिया गठबंधन की बैठक शुरू होने से पहले जब ममता सोनिया गांधी से मिलीं तो सोनिया ने उन्हें गले से लगा लिया.

ये भी पढ़ें : झारखंड राज्यसभा चुनाव में तीसरे उम्मीदवार की इंट्री-क्या है इनसाइड स्टोरी

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
KC Venugopal, Congress News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com