मध्य प्रदेश के इंदौर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के भतीजे प्रशांत सिंह की जान चली गई. तेज रफ्तार बस की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उन्हें बचाने की कोशिशें नाकाम रहीं. इस हादसे के बाद न सिर्फ परिवार, बल्कि राजनीतिक गलियारों में भी गहरा शोक छा गया है.
शिप्रा क्षेत्र में हुआ दर्दनाक हादसा
यह हादसा गुरुवार देर रात इंदौर के शिप्रा थाना क्षेत्र में हुआ. जानकारी के अनुसार 29 वर्षीय प्रशांत सिंह अपने दोस्तों के साथ देवास से इंदौर लौट रहे थे. रास्ते में किसी जरूरी काम के चलते उन्होंने कार सड़क किनारे रोकी. काम निपटाने के बाद जैसे ही वे वापस कार की ओर लौटे, उसी समय तेज रफ्तार और अनियंत्रित बस ने उन्हें टक्कर मार दी.
गंभीर चोट के कारण गई जान
टक्कर इतनी तेज थी कि प्रशांत सिंह सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोट आई. उनके दोस्तों ने तुरंत उन्हें इंदौर के अरबिंदो अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. हादसे की खबर मिलते ही पूरे परिवार में मातम छा गया.
कौन थे प्रशांत सिंह?
प्रशांत सिंह उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के रेवती क्षेत्र के गायघाट गांव के रहने वाले थे. उनके पिता प्रदीप सिंह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के रिश्ते के भाई हैं. इस नाते प्रशांत सिंह, राजनाथ सिंह के भतीजे थे. परिवार और जान‑पहचान वालों के बीच वे एक सहज और मिलनसार युवक के रूप में जाने जाते थे.
दिल्ली भेजा गया पार्थिव शरीर
शुक्रवार सुबह पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी की गई. इसके बाद उनका पार्थिव शरीर विशेष विमान के जरिए दिल्ली भेजा गया. वहां से अंतिम संस्कार के लिए उनके पैतृक गांव बलिया ले जाया जाएगा. परिवार के लोग अंतिम दर्शनों के लिए जुटने लगे हैं.
हादसे के बाद अस्पताल पहुंचे नेता
यह मामला केंद्रीय रक्षा मंत्री के परिवार से जुड़ा होने के कारण जैसे ही खबर फैली, राजनीतिक हलचल भी बढ़ गई. भाजपा नेता और सोनकच्छ विधायक राजेश सोनकर सहित कई नेता देर रात ही अस्पताल पहुंच गए. प्रशासन ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए जरूरी औपचारिकताएं पूरी कीं.
बस चालक फरार, तलाश जारी
हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी गई है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी की पहचान जल्द हो सके.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं