- अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की सरकार ने विश्वभर के सभी अमेरिकी दूतावासों में वीजा अपॉइंटमेंट पर रोक लगा दी है
- विदेश मंत्रालय ने कांसुलर अधिकारियों के लिए एक ग्लोबल ट्रेनिंग कार्यक्रम शुरू किया है- रिपोर्ट
- इस ट्रेनिंग का उद्देश्य उन आवेदकों की पहचान करना है जो अमेरिका में सरकारी मदद पर निर्भर हो सकते हैं
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सरकार ने दुनिया भर में वीजा के लिए अप्लाई करने वाले लोगों की अपॉइंटमेंट पर रोक लगा दी है. यह फैसला राष्ट्रपति के तौर पर ट्रंप के दूसरे कार्यकाल में चल रही अमेरिका की सख्त इमिग्रेशन कार्रवाई के बीच लिया गया है. रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार अमेरिका के विदेश मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने मंगलवार को बताया कि दुनिया भर के सभी अमेरिकी दूतावासों और वाणिज्य दूतावासों में एक ग्लोबल ट्रेनिंग कार्यक्रम शुरू किया गया है. इस ट्रेनिंग के लिए वीजा सेवाओं की अपॉइंटमेंट में बदलाव किया जाएगा.
बता दें कि ट्रंप ने अवैध प्रवासियों को देश से बाहर निकालने और इमिग्रेशन पर सख्ती का अभियान चलाया है. इसमें लोगों के वीजा और ग्रीन कार्ड रद्द करना और कई कारणों से उनके आवेदन (एप्लीकेशन) खारिज करना शामिल है. इनमें लोगों की राजनीतिक राय और इजराइल के गाजा पर हमले के खिलाफ फिलिस्तीन के समर्थन में प्रदर्शन भी शामिल हैं.
ट्रंप का कहना है कि इस सख्ती का उद्देश्य अमेरिका की आंतरिक सुरक्षा को बेहतर करना है. हालांकि, इस कार्रवाई को अदालतों में कुछ झटके भी लगे हैं. शुक्रवार को एक अमेरिकी जज ने ट्रंप प्रशासन की उस नीति को खारिज कर दिया, जिसके तहत 75 देशों के लोगों को इमिग्रेंट वीजा जारी करने पर रोक लगाई गई थी. जज ने कहा कि यह नीति विदेश मंत्री मार्को रुबियो को मिले कानूनी अधिकार से बाहर थी.
अमेरिका वीजा अपॉइंटमेंट रोक कर कौन सी ट्रेनिंग करा रहा?
रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने ट्रेनिंग के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दी है. यह भी नहीं बताया गया कि ट्रेनिंग कितने समय तक चलेगी. मंत्रालय ने सिर्फ इतना कहा कि ट्रेनिंग का उद्देश्य कांसुलर अधिकारियों को ऐसे आवेदकों (एप्लीकेंट) की पहचान करने में मदद करना है, जिनके अमेरिका में सरकारी मदद पर निर्भर होने की संभावना हो सकती है. इसका एक और उद्देश्य वीजा आवेदकों की पूरी और एक जैसी प्रक्रिया के तहत जांच सुनिश्चित करना है.
वीजा अपॉइंटमेंट पर रोक की खबर सबसे पहले फाइनेंशियल टाइम्स ने दी थी. रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी दूतावासों और वाणिज्य दूतावासों में इंटरव्यू की तारीख तय कर चुके इमिग्रेंट वीजा आवेदकों को ईमेल मिले हैं. इनमें बताया गया है कि उनकी अपॉइंटमेंट की तारीख बदल दी गई है और उन्हें नई तारीख के बारे में बाद में जानकारी दी जाएगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं