विज्ञापन

अमेरिका में नौकरी चाहने वालों के लिए एक और बैड न्यूज, अब ट्रंप H-1B वीजा पर वसूलेंगे 1 करोड़ की फीस!

इससे पहले अमेरिकी कोर्ट ने ट्रंप सरकार की H-1B वीजा आवेदनों पर 1 लाख डॉलर की फीस लगाने की योजना को रद्द कर दिया था.

अमेरिका में नौकरी चाहने वालों के लिए एक और बैड न्यूज, अब ट्रंप H-1B वीजा पर वसूलेंगे 1 करोड़ की फीस!
US H-1B Visa Fees: अमेरिका में एच-1बी वीजा के लिए मोटी फीस वसूल रही ट्रंप सरकार
  • अमेरिका सरकार ने H-1B वीजा आवेदनों पर अतिरिक्त 1,03,265 डॉलर की नई फीस लगाने का प्रस्ताव रखा है
  • यह अतिरिक्त फीस हर साल तय की गई H-1B वीजा सीमा के अंदर आने वाले आवेदनों पर लागू होगी
  • H-1B वीजा उन विदेशी पेशेवरों को अमेरिका में नौकरी के लिए दिया जाता है जिनके पास खास योग्यता या स्किल होता है

अमेरिका में नौकरी करने का सपना देखने वाले लोगों के लिए बैड न्यूज है. डोनाल्ड ट्रंप की सरकार ने H-1B वीजा को लेकर एक बड़ा प्रस्ताव रखा है. इसके तहत हर साल तय सीमा के अंदर आने वाले सभी H-1B वीजा आवेदनों पर 1,03,265 डॉलर यानी करीब 99 लाख रुपये की अलग फीस लगाई जा सकती है. इसमें उन लोगों के लिए रखे गए 20,000 अतिरिक्त H-1B वीजा भी शामिल होंगे, जिनके पास किसी अमेरिकी यूनिवर्सिटी से मास्टर डिग्री या उससे ज्यादा की डिग्री है.

आसान भाषा में समझिए पूरा मामला

अमेरिका के गृह सुरक्षा विभाग (डीएचएस) ने सोमवार को यह प्रस्ताव जारी किया. इसे अमेरिकी सरकार की आधिकारिक वेबसाइट फेडरल रजिस्टर में छापा गया है. इसमें सबसे जरूरी बात यह है कि 1,03,265 डॉलर की यह फीस मौजूदा H-1B एप्लीकेशन की फीस से अलग होगी. यानी आवेदक को पहले से लगने वाले टैरिफ के अलावा यह रकम भी देनी पड़ सकती है.

यह फीस सिर्फ उन H-1B आवेदनों पर लागू होगी जो हर साल तय की गई वीजा लिमिट के अंदर आते हैं. वहीं, ऐसे H-1B आवेदन जिन्हें इस सालाना लिमिट से बाहर रखा जाता है, उन पर यह नई फीस लागू नहीं होगी.

यह प्रस्ताव ऐसे समय आया है जब करीब एक महीने पहले एक संघीय अपील अदालत ने ट्रंप सरकार की याचिका खारिज कर दी थी. इस याचिका में मांग की गई थी कि उस जिला जज के आदेश पर रोक लगाई जाए, जिसमें ट्रंप प्रशासन की H-1B वीजा आवेदनों पर 1 लाख डॉलर की फीस लगाने की योजना को रद्द कर दिया गया था. अब गृह सुरक्षा विभाग ने फिर से 1,03,265 डॉलर के टैरिफ का प्रस्ताव रखा है.

क्या होता है H-1B वीजा, हर साल कितने H-1B वीजा मिलते हैं?

H-1B वीजा अमेरिका का एक ऐसा वर्क वीजा है, जिसके जरिए अमेरिका की कंपनियां दूसरे देशों के पढ़े-लिखे और खास स्किल वाले लोगों को नौकरी के लिए अमेरिका बुला सकती हैं. आमतौर पर यह वीजा आईटी, इंजीनियरिंग, मेडिकल, रिसर्च, फाइनेंस और दूसरे प्रोफेशनल कामों के लिए दिया जाता है. आसान भाषा में कहें तो, अगर किसी भारतीय या किसी दूसरे देश के व्यक्ति को अमेरिकी कंपनी नौकरी देती है और उस नौकरी के लिए उसकी खास योग्यता जरूरी है, तो कंपनी उसके लिए H-1B वीजा के जरिए उसे अमेरिका में काम करने की अनुमति दिला सकती है.

अमेरिका में हर साल नियमित श्रेणी में 65,000 H-1B वीजा दिए जाते हैं. इसके अलावा 20,000 अतिरिक्त वीजा उन विदेशी कर्मचारियों के लिए होते हैं, जिनके पास किसी अमेरिकी यूनिवर्सिटी से मास्टर डिग्री या उससे ऊपर की डिग्री है. यानी हर साल कुल 85,000 एच-1बी वीजा की सामान्य सीमा है, और अब इस सीमा के अंदर आने वाले आवेदनों पर 1,03,265 डॉलर की नई अलग फीस लगाने का प्रस्ताव है.

यह भी पढ़ें: US में 2 लाख विदेशियों को लगेगा झटका; अमेरिका के इतिहास में सबसे बड़े वीजा रद्दीकरण अभियान की तैयारी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
US Visa, H-1B Visa In US, H-1B Visa Fees
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com