विज्ञापन

अवैध रास्ते से अमेरिका जा रहे एक ही गुजराती परिवार के 3 लोग किडनैप, इथियोपिया से आई 1 करोड़ फिरौती वाली कॉल

अवैध मानव तस्करी के जरिए अमेरिका जाने की कोशिश में गुजरात के एक ही परिवार के तीन इथियोपिया में फंस गए हैं. उन्हें किडनैप कर लिया गया है और अब परिवार को कॉल करके फिरौती मांगी जा रही है. समझिए पूरा मामला क्या है.

अवैध रास्ते से अमेरिका जा रहे एक ही गुजराती परिवार के 3 लोग किडनैप, इथियोपिया से आई 1 करोड़ फिरौती वाली कॉल
ममता चावड़ा और उनका 23 वर्षीय चचेरा भाई रुत्विक जनसारी
  • गुजरात के एक परिवार के 3 सदस्य अवैध तस्करी के जरिए अमेरिका जाने के प्रयास में रहस्यमय रूप से गायब हो गए हैं
  • ममता चावड़ा, रुत्विक जानसारी और मयूरी सोलंकी अवैध रास्ते से अमेरिका के लिए निकले लेकिन इथियोपिया से गायब हैं
  • गायब होने के बाद तीनों के परिवार को एक अनजान व्यक्ति ने कॉल करके 1 करोड़ रुपये की फिरौती की मांग की

तस्करी के जरिए अवैध रूप से अमेरिका जाने की कोशिश गुजरात के एक ही परिवार के तीन लोगों के लिए बुरा सपना साबित हुआ है. मामला गुजरात के मेहसाणा जिले की है जहां से यह परिवार अब मदद की गुहार लगा रहा है. इस परिवार के तीन मेंबर अमेरिका जाने के लिए निकले थे, लेकिन वे वतन के बाहर रहस्यमय तरीके से गायब हो गए हैं. अब उनके परिवार वाले बुरी तरह डरे हुए हैं क्योंकि उनसे फिरौती की भारी-भरकम रकम मांगी जा रही है.

गायब हुए लोगों की पहचान 30 साल की ममता चावड़ा, उनके 23 साल के चचेरे भाई रुत्विक जानसारी और 27 साल की चचेरी बहन मयूरी सोलंकी के तौर पर हुई है.

क्या है पूरा मामला?

ममता के पति पिछले तीन साल से स्टूडेंट वीजा पर अमेरिका में रह रहे हैं. ममता भी चाहती थीं कि वह भी अमेरिका जाकर पति के साथ रहें लेकिन उनका वीजा लगातार छह बार रिजेक्ट हो चुका था. साथ रहने की कोशिश में, रिश्तेदारों ने एक गैर-कानूनी मानव तस्करी नेटवर्क का सहारा लिया. अल्पेश पंचाल नाम के एक लोकल एजेंट ने उन्हें गलत रास्तों से अमेरिका पहुंचाने का वादा किया.

पंचाल ने परिवार को वड़ोदरा के एक एजेंट भार्गव पटेल से कनेक्ट कराया. वह हरेक व्यक्ति के लिए 75 लाख रुपये की फीस पर तीनों को अमेरिका भेजने के लिए तैयार हो गया. इस पूरी प्रक्रिया के दौरान, परिवार ने एजेंटों को लगभग 70 लाख रुपये पहले ही दे दिए. फिर उनकी यात्रा की शुरुआत 20 सितंबर को हुई, जब तीनों को गोजरिया से राजस्थान के जयपुर ले जाया गया. वहां से, उन्होंने अबू धाबी के लिए एतिहाद एयरवेज की फ्लाइट ली और फिर उन्हें इथियोपिया के अदीस अबाबा भेजा गया.

इथियोपिया में, वे तीनों एक महीने के ई-वीजा पर स्वाजीलैंड स्ट्रीट पर मौजूद GSF कैंप नाम की जगह पर रुके थे. परिवार को सबसे पहले 22 सितंबर को ममता का फोन आया, जिसमें उसने बताया कि वे सुरक्षित कनाडा पहुंच गए हैं.

फिर फोन हो गया बंद

लेकिन, उस कॉल के तुरंत बाद, तीनों मोबाइल फोन बंद कर दिए गए और उनसे सीधा संपर्क अचानक टूट गया. तीन दिन बाद स्थिति तब गंभीर हो गई जब परिवार को एक अनजान व्यक्ति का डरावना फोन कॉल आया, जिसने अपना नाम सिर्फ 'खान' बताया. कॉलर ने दावा किया कि उसने ममता, रुत्विक और मयूरी को किडनैप कर लिया है और उनकी रिहाई के लिए 1 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी.

एजेंटों को पहले ही लाखों रुपये देने के बाद परिवार आर्थिक तंगी का सामना कर रहा है. अब ममता के पिता, कीरितभाई चौहान ने सरकार से दखल देने और उनके बच्चों को बचाने की अपील की है. बाद में अल्पेश पांचाल ने दावा किया कि वे तीनों कभी कनाडा पहुंचे ही नहीं और आरोप लगाया कि उन्हें इथियोपिया में ही किडनैप कर लिया गया था.

पांचाल ने दावा किया कि वो जिस इंटरनेशनल एजेंट से कॉन्टैक्ट करता था अब वह लापता हो गया है. पांचाल ने यह भी दावा किया कि उन्होंने किडनैपर्स को पहले ही 60 लाख रुपये दे दिए थे, जो अब अलग से 1 करोड़ रुपये की मांग कर रहे हैं. 

केस दर्ज, जांच शुरू

लंगनाज पुलिस स्टेशन के स्थानीय अधिकारियों ने इस गुमशुदगी की पूरी जांच शुरू कर दी है. पुलिस अधिकारी ट्रैवल एजेंटों की भूमिका की सक्रिय रूप से जांच कर रहे हैं. फिरौती के कॉल का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं. साथ ही तीनों लोगों की सही लोकेशन और सुरक्षा का पता लगाने के लिए तालमेल बिठा रहे हैं.

यह भी पढ़ें: फूट-फूट कर रोते दिखा मेक्सिको में फंसा सिख युवक, हाथ जोड़कर कहा कभी डंकी रूट से विदेश नहीं जाना, VIDEO

यह भी पढ़ें : H-1B वीजा पर अमेरिका के 10 बड़े शहरों में आराम से रहने के लिए कितनी सैलरी चाहिए? NRI ने किया खुलासा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Donkey Route To America, US Visa, Illegal US Travel
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com