विज्ञापन

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में एक भारतीय की मौत, 107 दिनों से भय के माहौल में जी रहे हैं 13 जहाजों पर फंसे 562 नाविक

शिपिंग मंत्रालय के मुताबिक, स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ के पश्चिम में 329 भारतीय नाविक फंसे हैं, जबकि ओमान की खाड़ी (स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ के पूर्व में) 233 नाविक फंसे हुए हैं.

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में एक भारतीय की मौत, 107 दिनों से भय के माहौल में जी रहे हैं 13 जहाजों पर फंसे 562 नाविक
  • स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में 107 दिनों से 13 भारतीय ध्वज वाले जहाजों पर 562 नाविक भय के माहौल में फंसे हुए हैं
  • एमटी सेलेस्टियल जहाज पर निधन हुए निशांत उर्थनाथन के पार्थिव शरीर को जल्द भारत वापस लाने की कोशिशें जारी हैं
  • अमेरिका-ईरान के बीच युद्ध के कारण 28 फरवरी से भारतीय नाविक स्ट्रेट ऑफ होर्मुज और गल्फ ऑफ ओमान में फंसे हुए हैं
नई दिल्ली:

स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ में 107 दिनों से 13 भारतीय-ध्वज वाले जहाज़ पर करीब 562 भारतीय नाविक भय और अनिश्चितता के माहौल में जी रहे हैं. एमटी सेलेस्टियल जहाज़ पर मेडिकल कारणों से जान गंवाने वाले भारतीय नागरिक निशांत उर्थनाथन के पार्थिव शरीर को जल्द ही भारत वापस लाया जा सकता है.

ओमान में मस्कट-स्थित भारतीय दूतावास ने रविवार को एक बयान जारी कर कहा, "दुर्भाग्यवश मेडिकल कारणों से जान गंवाने वाले भारतीय नागरिक निशांत उर्थनाथन के परिवार वालों, जहाज़ के क्रू सदस्यों और संबंधित अधिकारियों के साथ भारतीय दूतावास लगातार संपर्क में है. उनके पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द उतारने और स्वदेश वापस लाने की कोशिशें की जा रही हैं."

निशांत उर्थनाथन का पार्थिव शरीर अभी ओमान के डुक्म पोर्ट पर एमटी सेलेस्टियल जहाज़ पर है. भारतीय दूतावास जहाज़ की मैनेजमेंट कंपनी के साथ लगातार संपर्क में है, और सभी संबंधित पक्षों के साथ मिलकर काम कर रहा है. उनके पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द भारत वापस लाने के लिए ज़रूरी इंतज़ाम किए जा रहे हैं.

दरअसल स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ में पिछले 107 दिनों से 13 भारतीय-ध्वज वाले कार्गो जहाज़ फंसे हुए हैं, जिन पर 562 भारतीय नाविक सवार हैं. शिपिंग मंत्रालय के मुताबिक, स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ के पश्चिम में 329 नाविक फंसे हैं, जबकि ओमान की खाड़ी (स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ के पूर्व में) 233 नाविक फंसे हुए हैं.

28 फरवरी को अमेरिका और ईरान के बीच शुरू हुए युद्ध के बाद से ही ये 562 भारतीय नाविक स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज और गल्फ ऑफ़ ओमान में फंसे हैं, और मुश्किल परिस्थितियों में भय और अनिश्चितता के माहौल में जीने को मजबूर हैं.

रविवार को भारतीय ध्वज वाले मशीनीकृत सेलिंग वेसल - 'विराट 1' से जुड़ी एक नई घटना रिपोर्ट की गई है.

ओमान में भारतीय दूतावास ने एक बयान जारी कर कहा, "भारतीय मिशन को ओमान के तट के पास भारतीय झंडे वाले मशीनीकृत सेलिंग वेसल 'विराट 1' से जुड़ी एक घटना के बारे में पता चला है. बताया जा रहा है कि इस पर 14 भारतीय क्रू सदस्य सवार थे. ओमान के अधिकारियों और घटना स्थल के आसपास मौजूद जहाजों के साथ मिलकर खोज और बचाव अभियान का समन्वय किया जा रहा है."

ख़बरों के मुताबिक, 'विराट 1' जहाज़ का इंजन खराब हो गया था और क्रू के सदस्य सुरक्षित रूप से लाइफ़ राफ़्ट पर चले गए. ओमान के अधिकारियों के तालमेल से, आसपास मौजूद जहाज़ों के ज़रिए अभी बचाव अभियान चलाया जा रहा है.

इसे भी पढ़ें: “जहाज के ऊपर से गुजरती थीं मिसाइलें”, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में फंसे रायपुर के रुद्रांश ने सुनाई दहशत भरी कहानी

इसे भी पढ़ें: मिसाइल अटैक और जहाज पर फंसे थे 24 भारतीय नाविक... ओमान तट से यूं किया गया रेस्क्यू- VIDEO

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Strait Of Hormuz, Strait Of Hormuz Blockade, Strait Of Hormuz Blockade India Oil , Strait Of Hormuz Conflict, Strait Of Hormuz Ceasefire
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com