Domestic Violance News: उत्तराखंड (Uttrakhand) की राजधानी देहरादून (Dehradun) के सहसपुर (Sahaspur) से स्तब्ध कर देने वाली एक खौफनाक घटना सामने आई है. दरअसल, यहां एक पति ने मामूली विवाद में अपनी आठ माह की गर्भवती पत्नी को इस कदर पीटा कि उसके गर्भ में पल रहा बच्चा दुनिया में आने से पहले ही मौत के मुंह में समा गया.
पीड़ित महिला का आरोप है कि सोशल मीडिया और इंस्टाग्राम इस्तेमाल करने को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी पति ने लकड़ी के फट्टे से पत्नी पर तब तक वार किए, जब तक उसके शरीर का रंग नीला नहीं पड़ गया. पति की दरिंदगी सामने आने के बाद इलाके में भारी आक्रोश है. पीड़ित महिला के पिता की तहरीर पर एक्शन लेते हुए सहसपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है.
बच्चे की गर्भ में ही मौत
इंसानियत को झकझोर देने वाली यह घटना देहरादून के सहसपुर कोतवाली क्षेत्र के जस्सोवाला गांव की बताई जा रही है. जहां आठ माह की गर्भवती महिला सीमा अपने ही पति की हैवानियत की शिकार हो गई. पीड़िता के परिजनों के मुताबिक आरोपी पति बबलू अक्सर पत्नी के साथ गाली-गलौज और मारपीट करता था. इसी बीच बीते शनिवार को सोशल मीडिया और इंस्टाग्राम इस्तेमाल करने को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया. इस दौरान पति का गुस्सा इस कदर भड़क गया कि उसने लकड़ी के फट्टे से गर्भवती पत्नी की बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी. इस दौरान महिला के पेट पर भी गंभीर चोटें लगीं. मारपीट के बाद महिला की हालत बिगड़ गई और गर्भ में पल रहे आठ माह के अजन्मे बच्चे की भी मौत हो गई.
आरोपी पति ने कबूला अपना गुनाह
वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही पीड़िता के पिता शेर सिंह कोतवाली सहसपुर पहुंचे और आरोपी दामाद के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की. इस पूरे मामले पर सहसपुर कोतवाल प्रदीप रावत ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सहसपुर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज किया और उच्च अधिकारियों के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी. पुलिस ने कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी बबलू को उसके जस्सोवाला स्थित घर से गिरफ्तार कर लिया. इस दौरान पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसका पत्नी से झगड़ा हुआ था और उसने गुस्से में लकड़ी के फट्टे से पत्नी की पिटाई की थी. पुलिस के अनुसार मेडिकल रिपोर्ट और जांच के आधार पर मामले में गंभीर धाराएं बढ़ाई गई है.
यह भी पढ़ें- इंस्टाग्राम पर शुरू हुई दोस्ती, समलैंगिक शादी के दो महीने बाद नाबालिग की संदिग्ध मौत; हत्या या आत्महत्या?
सहसपुर से सामने आई इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद क्षेत्र में भारी रोष है. लोग आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. वहीं, एक मासूम जिंदगी के दुनिया में आने से पहले ही खत्म हो जाने की इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर से घरेलू हिंसा के भयावह चेहरे को उजागर कर दिया है.
यह भी पढ़ें- मोबाइल में बिजी रहती हो... टोकने पर पत्नी ने भाई को बुलाया; पति, जेठ और सास को पिटवाया, जान से मारने की धमकी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं