Bhind News Minor Death Case: मध्यप्रदेश के भिंड जिले के लहार कस्बे से एक बेहद संवेदनशील और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां इंस्टाग्राम पर शुरू हुई दोस्ती कथित समलैंगिक विवाह तक पहुंची और फिर 17 वर्षीय नाबालिग की संदिग्ध मौत ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए. करीब दो महीने तक साथ रहने के बाद किशोर का शव उसके घर में फांसी के फंदे पर मिला. घटना के बाद मृतक के परिजनों ने 26 वर्षीय युवक रवि जाटव पर गंभीर आरोप लगाए हैं. परिजनों का दावा है कि नाबालिग को बहला-फुसलाकर शादी की गई और बाद में उसकी हत्या कर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश हुई. वहीं पुलिस फिलहाल आत्महत्या और हत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.
इंस्टाग्राम पर हुई थी पहचान
जानकारी के अनुसार, लहार कस्बे के रहने वाले 26 वर्षीय रवि जाटव बिजली विभाग में मीटर रीडर का काम करता है. करीब चार-पांच महीने पहले उसकी पहचान इंस्टाग्राम के जरिए 17 वर्षीय नाबालिग किशोर से हुई थी. सोशल मीडिया पर बातचीत धीरे-धीरे दोस्ती और फिर कथित प्रेम संबंध में बदल गई.
लड़कियों की तरह रहना पसंद करता था किशोर
परिजनों के मुताबिक, नाबालिग को लड़कियों की तरह सजना-संवरना पसंद था. बताया गया है कि वह किन्नरों के संपर्क में भी रहता था और उसकी जीवनशैली सामान्य किशोरों से अलग थी. परिवार का कहना है कि इसी दौरान रवि जाटव उसके और करीब आ गया.
वैष्णो देवी यात्रा और कथित विवाह
बताया जा रहा है कि अप्रैल महीने में दोनों वैष्णो देवी दर्शन के लिए गए थे. वहां से लौटने के बाद ग्वालियर स्थित शीतला माता मंदिर में 28-29 अप्रैल को दोनों ने कथित रूप से सात फेरे लिए और खुद को पति-पत्नी की तरह मानने लगे. इसके बाद दोनों लहार में एक मकान में साथ रहने लगे.
हनीमून के लिए उन्नाव जाने का दावा
सूत्रों के अनुसार, विवाह के बाद दोनों उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले भी गए थे. वहां कथित रूप से उनकी मुलाकात एक किन्नर गुरु से हुई. बताया जा रहा है कि वहां नाबालिग के जेंडर परिवर्तन को लेकर भी चर्चा हुई थी, लेकिन बाद में वह रवि के साथ वापस लौट आया.
दो महीने तक साथ रहे दोनों
लहार के जेल रोड स्थित मकान में दोनों करीब दो महीने तक साथ रहे. स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों खुद को पति-पत्नी की तरह प्रस्तुत करते थे और साथ रहते दिखाई देते थे.
1 जून को हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, 30 मई को रवि जाटव अपने माता-पिता से मिलने बाहर गया था. 1 जून को लौटने के बाद दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ. आरोप है कि नाबालिग ने रवि को बैग देकर घर से चले जाने को कहा था. इसके बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया.
बंद कमरे में मिला शव
3 जून को रवि जाटव नाबालिग के छोटे भाई अनूप को लेकर उसके घर पहुंचा. जब काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो कुंडी तोड़ी गई. अंदर कमरे में नाबालिग का शव दुपट्टे के फंदे से लटका मिला. पुलिस के अनुसार, शव करीब तीन दिन पुराना लग रहा था.
परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
मामले ने नया मोड़ तब लिया जब मृतक के परिवार ने रवि जाटव पर गंभीर आरोप लगाए. परिजनों का कहना है कि दरवाजा तोड़ने से पहले ही रवि ने कह दिया था कि किशोर ने फांसी लगा ली है. मृतक के भाई अनूप ने यह भी आरोप लगाया कि मृतक का मोबाइल डेटा डिलीट किया गया और सिम कार्ड तोड़ दिया गया. परिवार ने हत्या की आशंका जताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है. मृतक के दादा ने NDTV को बताया किया हमें आशंका है कि हमारे पोते को जहर देकर मारा गया है.

Bhind Minor Death Case: रविन्द्र बास्कले, एसडीओपी भिंड
पारिवारिक परिस्थितियां भी रहीं संवेदनशील
पुलिस के अनुसार, मृतक की पारिवारिक स्थिति भी काफी संवेदनशील थी. उसके पिता की पहले ही मौत हो चुकी थी, जबकि मां ने दूसरी शादी कर अलग घर बसा लिया था. किशोर अपने छोटे भाई के साथ दादा-दादी के संरक्षण में रह रहा था.
तंत्र-मंत्र और पूजा-पाठ में रुचि
स्थानीय लोगों का कहना है कि किशोर पूजा-पाठ और तंत्र-मंत्र में भी विश्वास रखता था. बताया जा रहा है कि वह घर में काली माता की उपासना भी करता था. पुलिस इन सभी पहलुओं को भी जांच का हिस्सा बना रही है.
पुलिस जांच में जुटी
एसडीओपी रविंद्र बास्कले ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर आत्महत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी. हालांकि, परिजनों के आरोपों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद जांच को और गंभीरता से आगे बढ़ाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि तकनीकी साक्ष्य, मोबाइल डेटा और घटनास्थल से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.
हत्या या आत्महत्या?
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह मामला आत्महत्या का है या फिर हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप दिया गया. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें : मोबाइल में बिजी रहती हो... टोकने पर पत्नी ने भाई को बुलाया; पति, जेठ और सास को पिटवाया, जान से मारने की धमकी
यह भी पढ़ें : 9.50 करोड़ रुपये की संपत्ति का खुलासा; इंदौर में महिला और बाल विकास विभाग के अधिकारी के ठिकानों पर छापा
यह भी पढ़ें : बेंगलुरु में MBBS सीट घोटाला: मेडिकल एडमिशन के नाम पर करोड़ों की ठगी, डॉक्टर दंपति समेत कई पर FIR
यह भी पढ़ें : MP में सरकारी नौकरी से खत्म होगी दो बच्चों की शर्त; CM मोहन ने निरस्त किए प्रस्तावित नियम, पोर्टल से भी हटाया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं