देहरादून के सेलाकुई थाना क्षेत्र से एक विवाहिता को उसके ही ससुराल में बंधक बनाकर प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है. आरोप है कि महिला को पिछले करीब 10 महीनों से एक कमरे और टॉयलेट के भीतर कैद करके रखा गया था. इस दौरान पति, सास और ससुर ने उसके साथ लगातार क्रूरता की. आरोप है कि इस दौरान महिला के सिर के बाल उखाड़े गए और उसके प्राइवेट पार्ट पर बोतल व डंडों से हमला कर गंभीर चोटें पहुंचाईं गईं. इस प्रताड़ना का पता तब चला जब पीड़िता के पिता किसी तरह अपनी बेटी तक पहुंचे और सेलाकुई थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने तहरीर के आधार पर सरकारी शिक्षक पति, सास और ससुर के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
10 महीने की कैद और खाने में सिर्फ कच्चा चावल
यह पूरा मामला सेलाकुई थाना क्षेत्र का है. पीड़िता के पिता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने अपनी बेटी का विवाह दो साल पहले राहुल खंडूडी के साथ किया था. राहुल पेशे से एक सरकारी शिक्षक है. पिता का कहना है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल में बेटी का उत्पीड़न शुरू हो गया था, जिसने पिछले 10 महीनों में बेहद गंभीर रूप ले लिया.
इस पूरे समय के दौरान मायके पक्ष के लोगों को भी बेटी से मिलने या किसी भी तरह से संपर्क करने से रोक दिया गया था.
प्राइवेट पार्ट पर कांच की बोतलों से वार
तहरीर के मुताबिक, ससुराल वालों ने पीड़िता के साथ अमानवीय बर्ताव किया. विवाद और उत्पीड़न के दौरान महिला के सिर के बाल बेरहमी से उखाड़ दिए गए. इसके साथ ही पीड़िता को अंदरूनी और गंभीर चोटें पहुंचाने के लिए उसके प्राइवेट पार्ट पर कांच की बोतल और डंडों से वार किए गए, जिससे उसके शरीर पर गहरे जख्म बन गए हैं. महिला के शरीर पर मौजूद चोट के निशान इस बात के साक्ष्य हैं कि घर की चारदीवारी के भीतर उस पर कितनी प्रताड़ना की गई.
पुलिस का एक्शन और एसएसपी का बयान
शिकायत मिलने के बाद देहरादून पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. मामले की जानकारी देते हुए एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र डोभाल ने बताया कि यह मामला गंभीर पारिवारिक उत्पीड़न से जुड़ा हुआ है. पुलिस ने पीड़िता के पिता की तहरीर को आधार बनाते हुए आरोपी पति राहुल खंडूडी, सास और ससुर के खिलाफ संबंधित कड़े कानूनी प्रावधानों के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस अब महिला की मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की विस्तृत जांच कर रही है.
ये भी पढ़ें: जबलपुर में ट्विशा जैसा केस : 3 करोड़ दहेज के बाद भी मांगे 2 करोड़, मेजर दामाद पर FIR के लिए कोर्ट पहुंचे पिता
ये भी पढ़ें: 'दहेज में 7 लाख दिए, कार के लिए बेटी को मार दिया', लखनऊ में नवविवाहिता की मौत, पति सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं